नेपाल में 5 मार्च को होने जा रहे आम चुनाव से पहले राजनीतिक दलों ने अपना चुनाव प्रचार तेज कर दिया है. अब चुनाव में सिर्फ 15 दिन बचे हैं. बुधवार, 18 फरवरी को नेपाल की सबसे पुरानी पार्टी नेपाली कांग्रेस ने अपना चुनाव घोषणापत्र जारी किया, जबकि सबसे नई पार्टी राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी आज यानी गुरुवार को अपना घोषणापत्र जारी करेगी. पूर्व पीएम केपी ओली के नेतृत्व वाली कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (यूएमएल) का घोषणापत्र भी आज ही जारी किया जाएगा. बता दें कि सितंबर 2025 के Gen-Z आंदोलन में केपी ओली के नेतृत्व वाली ही सरकार गिर गई थी.
नेपाली कांग्रेस के घोषणापत्र में क्या है?
नेपाली कांग्रेस के नए चुने गए अध्यक्ष गगन थापा ने मधेश प्रदेश की राजधानी जनकपुरधाम में पार्टी की पहली बड़ी जनसभा में घोषणापत्र जारी किया. इस घोषणापत्र को “कमिटमेंट पेपर” नाम दिया गया है. घोषणापत्र में कहा गया है कि नेपाली कांग्रेस का मुख्य एजेंडा समृद्धि, समावेश और आर्थिक विकास है. इसमें 10 मुख्य वादे शामिल हैं, जैसे सम्मान के साथ जीवन, बड़े सपने, रोजगार सृजन और समृद्धि, अच्छा शासन और आत्मसम्मान.
वह नेपाली कांग्रेस की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हैं.

आज आएगा बालेन शाह और केपी ओली का घोषणापत्र
इसी तरह राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी गुरुवार को अपना घोषणापत्र “सिटिजन्स कॉन्ट्रैक्ट पेपर” जारी करेगी. इसके नेता रवि लामिछाने हैं. इसमें रोजगार और आर्थिक विकास पर खास जोर दिया गया है. यह घोषणापत्र पश्चिमी नेपाल के कर्णाली प्रदेश में जारी किया जाएगा. इसमें पांच साल में 12 लाख लोगों को रोजगार देने और प्रति व्यक्ति आय को मौजूदा 1450 अमेरिकी डॉलर से बढ़ाकर 3000 अमेरिकी डॉलर करने का लक्ष्य रखा गया है.
पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बलेंद्र शाह उर्फ “बालेन” ने बुधवार को सुदूरपश्चिम प्रदेश के धनगढी में पार्टी की पहली बड़ी चुनावी रैली “परिवर्तन उद्घोष” को संबोधित किया. चार मिनट के अपने छोटे भाषण में बालेन ने कहा कि वह वोट मांगने नहीं, बल्कि काम मांगने आए हैं.
उन्होंने कहा कि चुनाव जीतें या हारें, उनकी पार्टी सुदूरपश्चिम नेपाल के विकास के लिए काम करेगी. उन्होंने कहा कि कुछ नेता देश को स्विट्जरलैंड बनाने की बात करते हैं, लेकिन नेपाल में स्विट्जरलैंड से भी ज्यादा सुंदर जगहें हैं. उन्होंने यह भी कहा कि सुदूरपश्चिम में बेहतरीन कलाकार हैं, जिनके लाखों सब्सक्राइबर हैं, लेकिन उनके गाने काठमांडू में नहीं सुने जाते. देश तब एकजुट होगा जब सुदूरपश्चिम के गाने भी राजधानी में बजेंगे.
इस बीच कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (यूएमएल), जिसके अध्यक्ष पूर्व प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली हैं, ने ऐलान किया है कि वह गुरुवार को काठमांडू में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना चुनाव घोषणापत्र जारी करेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं