विज्ञापन

एक नहीं, दो नहीं, तीन..राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के मुस्लिम विधायकों ने भी बीजेपी को किया सपोर्ट

BJP Rajya Sabha Win News: राज्यसभा के चुनाव में इस बार बीजेपी को कांग्रेस के मुस्लिम विधायकों का भी समर्थन मिला. पार्टी को बिहार, ओडिशा और हरियाणा में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष तौर पर उनका समर्थन मिला है.

एक नहीं, दो नहीं, तीन..राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के मुस्लिम विधायकों ने भी बीजेपी को किया सपोर्ट
  • इस बार के राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के मुस्लिम विधायकों ने भी बीजेपी को सपोर्ट किया
  • हरियाणा में कांग्रेस के 9 विधायकों ने पाला बदला, जिसमें दो मुस्लिम विधायक थे
  • ओडिशा में सोफिया फिरदौस ने पार्टी लाइन से अलग जाकर वोटिंग की
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव में इस बार बीजेपी ने बिहार, ओडिशा में कांग्रेस के विधायकों के दम पर जीत दर्ज की. कुल 37 सीटों के लिए हुए चुनाव में एनडीए ने 22 सीटों पर जीत दर्ज की है. जिसमें बीजेपी ने अकेले 12 सीटों पर फतह हासिल की है. दो राज्य बिहार और ओडिशा में तो मुस्लिम विधायकों ने प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष तरीके से बीजेपी या उसके समर्थित कैंडिडेट को समर्थन किया है. ओडिशा के बाराबती सीट से विधायक सोफिया फिरदौस ने बीजेपी समर्थित निर्दलीय कैंडिडेड दिलीप रे को वोट दिया था. तो दूसरी तरफ हरियाणा में कांग्रेस को दो मुस्लिम विधायक मोहम्मद इलियास और मोहम्मद इजरायल ने भी क्रॉस वोटिंग की. बिहार में आरजेडी के विधायक फैजल रहमान ढाका विधानसभा सीट से विधायक हैं. उन्होंने कहा कि मां की बीमारी के कारण वो वोट डालने नहीं आ सके. उनके नहीं आने के बाद बीजेपी कैंडिडेट शिवेश राम दूसरी वरीयता के वोट के आधार पर आसानी से चुनाव जीत गए. यानी बीजेपी ने इस बार मुस्लिम विधायकों को भी साध लिया. 

लाठी पीटती रह गई कांग्रेस 

बीजेपी ने इस बार के राज्यसभा चुनाव में जिस तरीके से विपक्षी खेमा खासतौर पर कांग्रेस को तोड़ा है, वो देश की सबसे पुरानी पार्टी के लिए चिंता का सबब है. अब कांग्रेस सांप के निकल जाने के बाद लाठी पीटने वाली मुद्रा में है. बीजेपी ने बिहार में जिस तरह से आरजेडी के मुस्लिम विधायक को मतदान से दूर रखने में सफलता पाई है, वो जरूर विशेषज्ञों को भी चौंका रही है. दरअसल,आरजेडी के विधायक आम तौर पर इस तरह से पाला बदलने के लिए नहीं जाने जाते हैं. या कम से कम ऐसा नहीं करते देखे जाते हैं जिससे सत्ता पक्ष को फायदा मिले. बीजेपी ने बिहार वाला दांव भी ओडिशा और हरियाणा में भी चला. हरियाणा में भले ही पार्टी निर्दलीय कैंडिडेट सतीश नांदल को चुनाव में जीत नहीं दिलवा पाई लेकिन कांग्रेस 9 विधायकों को तोड़ने में सफल रही. 

ओडिशा में निर्दलीय दिलीप रे भी जीते

ओडिशा में निर्दलीय दिलीप रे भी जीते

हरियाणा में हुआ बड़ा खेल 

हरियाणा राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के 9 विधायक पार्टी लाइन से अलग जाकर मतदान किया. चार विधायकों के वोट रद्द हो गए जबकि 5 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की. हालांकि, इन झटकों के बाद भी कांग्रेस अपने कैंडिडेट कर्मवीर बौद्ध को चुनाव जितवाने में सफल रही. पर उसके 9 विधायकों ने पार्टी को बड़ा झटका दे दिया. 

हरियाणा कांग्रेस के दो मुस्लिम विधायकों ने भी बदला पाला 

राज्यसभा चुनाव में हरियाणा में भी कांग्रेस को पार्टी विधायकों के पाला बदलने का सामना करना पड़ा है. पार्टी के 5 विधायकों ने राज्यसभा चुनाव में पाला बदल लिया. फिलहाल कांग्रेस ने पाला बदलने वाले चार विधायकों के नाम बता दिए हैं. 5वें विधायक के नाम का पार्टी ने खुलासा नहीं किया है. पार्टी नेता बीके हरिप्रसाद ने बताया कि नारायणगढ़ से शैली चौधरी, पुनहना से मोहम्मद इलियास, हथीन से मोहम्मद इजरायल और सदौरा से रेणु बाला ने क्रॉस वोटिंग किया है. उन्होंने बताया कि पार्टी ने अनुशासनात्मक समिति का गठन किया है. इन सभी विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा. 

पढ़ें, राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर BJD ने 6 विधायकों को भेजा कारण बताओ नोटिस

संजय भाटिया को मिठाई खिलाते सीएम सैनी

संजय भाटिया को मिठाई खिलाते सीएम सैनी

ओडिशा में अब एक्शन में कांग्रेस 

अपने विधायकों के पाला बदलने से बौखलाए कांग्रेस ने अब कार्रवाई शुरू कर दी है. पार्टी ने ओडिशा में फिरदौस समेत पार्टी के दो अन्य विधायक रमेश जेना और दशरथ गमांगो को निलंबित करने का फैसला किया है. कांग्रेस ने पार्टी व्हिप के उल्लंघन और क्रॉस वोटिंग के कारण उन्हें निलंबित किया है. पार्टी सूत्रों ने बताया कि विधायकों का कृत्य अनुशासनहीनता के दायरे में आता है. ओडिशा कांग्रेस कमिटी ने कहा है कि पार्टी में अनुशासन को बनाए रखने के लिए सख्त फैसेल किए जाएंगे और अनुशासनहीनता रोकने के लिए साफ संदेश दिया जाएगा. 

बिहार में भी कांग्रेस के तीन विधायकों का खेल 

बिहार की 5 राज्यसभा सीटों पर बीजेपी ने सभी पर कैंडिडेट उतारे थे. उसके पास चार सीटों पर जीत के लिए विधायकों का वोट था लेकिन शिवेश राम को जिताने के लिए पार्टी को 3 और विधायकों के समर्थन की जरूरत थी. यहां भी कांग्रेस के विधायकों ने बीजेपी की मदद कर दी. कांग्रेस के तीन विधायक सुरेंद्र कुश्वाहा (वाल्मिकीनगर) मनोज विश्वास (फारबिसगंज) और मनोहर प्रसाद सिंह (मनिहारी) भी वोट डालने नहीं पहुंचे. दूसरी तरफ ढाका के आरजेडी विधायक फैजल रहमान भी अनुपस्थित रहे. 

Latest and Breaking News on NDTV

कुल मिलाकर बीजेपी ने इस बार के राज्यसभा चुनाव में विपक्षी दलों से बेहतर रणनीति अपनाते हुए उन्हें अंतिम समय पर चौंका दिया. बिहार के नतीजों से आरजेडी को बड़ा झटका लगा है. 25 विधायकों वाली पार्टी के लिए ये सोचने का वक्त है. यहां बीजेपी ने अपनी रणनीति के जरिए विपक्ष को मात दी. ओडिशा में भी नवीन पटनायक की बीजेडी में फूट पड़ गया. हरियाणा में कांग्रेस के 9 एमएलए ने ही पाला बदल लिया. 

बीजेपी के ये कैंडिडेट जीते 

बिहार- नितिन नवीन, शिवेश राम
ओडिशा- मनमोहन सामल, सुजीत कुमार 
हरियाणा- संजय भाटिया 
महाराष्ट्र- विनोद तावड़े, रामराव वडुकुटे, माया इवनाते
पश्चिम बंगाल- राहुल सिन्हा 
असम- जोगेन मोहन, तेरोस गोवाला 
छत्तीसगढ़- लक्ष्मी वर्मा 

यह भी पढ़ें, राज्यसभा चुनाव तो झांकी है, आरजेडी की टूट बाकी है? चिराग पासवान का बड़ा दावा

पढ़िए, राज्यसभा चुनाव में हार से उठे सवाल- क्या तेजस्वी में है लालू जैसा X फैक्टर?

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com