जाको राखे साइयां, मार सके न कोय... ये कहावत एक बार फिर से सच साबित हुई है. नेपाल में आसमान से उतरने की कोशिश करते हेलीकॉप्टर के साथ जो हुआ, वह रोंगटे खड़े करने वाला है. घटना का वीडियो देखकर यकीन करना मुश्किल है कि कोई जिंदा भी बचा होगा. लेकिन कुदरत का करिश्मा देखिए कि इस भयानक हादसे के बावजूद कोई भी हताहत नहीं हुआ.
काठमांडू से आ रहा था हेलीकॉप्टर
ये भीषण हादसा बुधवार को नेपाल के खोतांग में हुआ. एयर डायनेस्टी का एक हेलीकॉप्टर (9N-AFQ) काठमांडू से उड़ा था और पूर्वी नेपाल के खातोंग जिले के एक खेत में बने हेलीपैड पर उतरने की कोशिश कर रहा था. हादसे के वक्त हेलीकॉप्टर में एक शव के अलावा पांच यात्री सवार थे.
A helicopter 🚁 crash in Nepal's Khotang district has shocked many — especially given the emotional circumstances of those onboard.
— Dharm (@dhram00) March 18, 2026
An Air Dynasty helicopter, flying from Kathmandu with five passengers from the same family, crashed during landing in Kepilasgadhi rural… pic.twitter.com/ZOB53AHc33
पहले जमीन से टकराया, फिर पहाड़ से
वीडियो में देखा जा सकता है कि हेलीकॉप्टर बालाबेसी में लैंडिंग का प्रयास कर रहा था. एक बार लगभग उतर भी गया था, लेकिन अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह एक तरफ झुककर पहले जमीन से टकराया, फिर उसका पिछला हिस्सा पहाड़ से टकराकर पलट गया. हेलीकॉप्टर किसी खिलौने की तरह हवा में नाच रहा था.
खेत में उतरने के दौरान क्रैश हुआ
इस नाटकीय हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. खोतांग जिले की मुख्य जिला अधिकारी रेखा कंडेल ने एएनआई को फोन पर बताया कि यह हेलीकॉप्टर एक शव लेकर काठमांडू से आ रहा था और खेत में उतरने की कोशिश के दौरान क्रैश हो गया. उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
सिर्फ एक यात्री को चोट, बाकी सुरक्षित
हेलीकॉप्टर कंपनी के मुताबिक, 9N-ASQ रजिस्ट्रेशन वाला ये हेलीकॉप्टर सुबह के 11.51 बजे दुर्घटनाग्रस्त हुआ. इसमें 5 यात्री सवार थे. हेलीकॉप्टर को पायलट सबीन थापा उड़ा रहे थे. कंपनी ने बयान में बताया कि हेलीकॉप्टर में सवार एक यात्री को चोट लगी हैं. पायलट और अन्य यात्री घायल नहीं हुए हैं. हादसे के बाद एक अन्य हेलीकॉप्टर को मौके पर भेजा गया.
भीषण हादसे की ये थी वजह
शुरुआती जांच में दुर्घटना की वजह को लेकर जो बात बात सामने आ रही है, उसके मुताबिक लैंडिंग के दौरान तेज हवाओं या उड़ती धूल की वजह से हेलीकॉप्टर का संतुलन बिगड़ गया होगा. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हेलीकॉप्टर मलबे में तब्दील हो गया. जैसे ही चॉपर पलटा, स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और सुरक्षित बचे लोगों को बाहर निकाला . फिलहाल मामले की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं