- ईरानी रियाल की कीमत अनौपचारिक बाजार में रिकॉर्ड निचले स्तर 2.02 मिलियन प्रति अमेरिकी डॉलर पर पहुंच गई है
- अमेरिका 24 अगस्त को नए आर्थिक प्रतिबंधों की घोषणा करेगा जिससे ईरान की अर्थव्यवस्था पर और दबाव बढ़ सकता है
- ईरान पर अमेरिकी और इजरायली हमलों के बाद आर्थिक स्थिति खराब हुई है और महंगाई बढ़ी है
ईरान की करेंसी सोमवार, 24 अगस्त को रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई है. न्यूज एजेंसी एपी की रिपोर्ट के अनुसार अनौपचारिक करेंसी मार्केट में ट्रेडिंग शुरू होते ही रियाल की कीमत गिरकर 2.02 मिलियन प्रति अमेरिकी डॉलर हो गई. ईरान के सेंट्रल बैंक की आधिकारिक दर लगभग 1.5 मिलियन रियाल प्रति डॉलर थी, लेकिन इस रिपोर्ट के अनुसार ज्यादातर ईरानी अनौपचारिक दर पर ही लेन-देन करते हैं.
यह उस समय हुआ है जब ईरान को घुटनों पर लाने की चाहत से अमेरिका नए प्रतिबंधों की घोषणा करने की तैयारी कर रहा था. इन प्रतिबंधों की घोषणा के दिन यानी 24 अगस्त को अमेरिका ने 'इकोनॉमिक D-डे' नाम दिया है. अमेरिका का कहना है कि इनसे ईरान की उस अर्थव्यवस्था पर और दबाव पड़ेगा जो पहले से ही पुराने प्रतिबंधों और अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी से बुरी तरह प्रभावित है.
जंग ने और बिगाड़े हालात
28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमले से पहले ही रियाल करेंसी दबाव में थी. तब महंगाई दो अंकों में थी और ग्रोथ नेगेटिव में था. लेकिन लगभग छह महीने की जंग के कारण हालात और बिगड़े हैं और करेंसी नए निचले स्तर पर पहुंच रही है.
"अमेरिका आज ईरान पर लगाएगा सबसे बड़ा आर्थिक प्रतिबंध"
ईरान की हिम्मत को तोड़ने की कोशिश में, अमेरिकी वित्त मंत्री (ट्रेजरी सेक्रेटरी) स्कॉट बेसेंट ने वादा किया कि सोमवार को पहले से लागू प्रतिबंधों से भी ज्यादा कड़े प्रतिबंधों की घोषणा की जाएगी. इनमें उन देशों पर प्रतिबंध भी शामिल होंगे जो ईरान के साथ व्यापार जारी रखते हैं. पिछले हफ्ते ही संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने घोषणा की थी कि वह ईरान के साथ सारा व्यापार रोक रहा है. घोषणा से एक दिन पहले ट्रंप ने UAE के नेता शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बात की थी.
UAE लंबे समय से ईरान के सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों और आयात के सबसे बड़े सोर्स में से एक रहा है. साथ ही ईरानी व्यवसायों के लिए एक प्रमुख री-एक्सपोर्ट और फाइनेंशियल हब भी रहा है. बेसेंट के बयानों के बाद, ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के नेता मोहसेन रेजाई ने X पर एक पोस्ट में कहा कि किसी भी देश का नए अमेरिकी आर्थिक उपायों का समर्थन करना "युद्ध की कार्रवाई" माना जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं