- अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध की स्थिति पर अमेरिकी प्रशासन के भीतर मतभेद और विरोधाभास लगातार बढ़ रहे हैं
- ईरान ने बहरीन में अमेरिकी सेना के रडार सिस्टम पर हमला करने का दावा किया जबकि अमेरिका ने ड्रोन हमले को नकारा
- ईरान के आईआरजीसी कमांडर ने किसी भी आक्रामकता का विनाशकारी जवाब देने की कड़ी चेतावनी दी है
ईरान युद्ध पर अमेरिका का स्टैंड लगभग हर दिन बदलता रहता है. कभी अमेरिकी राष्ट्रपति जीत के दावे करते हैं तो कभी फिर से हमला करने की बात. फिर सूचना आती है कि दोनों देश मध्यस्थों के जरिए बात कर रहे हैं. इस बीच आज एक बड़ी खबर आई. शुक्रवार तड़के ईरान ने दावा किया कि उसने बहरीन में अमेरिकी सेना के 'अर्ली वार्निंग रडार सिस्टम' पर हमला किया है. हालांकि, अमेरिका ने इससे इनकार किया और कहा कि बहरीन की ओर बढ़ रहे दो ईरानी ड्रोन को उसकी सेना ने मार गिराया.
इन सब के बीच आज ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने 'ट्रुथ सोशल' प्लेटफॉर्म पर लिखा कि उन्होंने उपराष्ट्रपति वेंस से कहा है कि वे "पूरे अमेरिका में डेमोक्रेट्स द्वारा चलाए जा रहे शहरों और राज्यों में हो रहे भारी भ्रष्टाचार और अपराध पर अपना पूरा ध्यान केंद्रित करें. हमें ईरान के साथ किसी समझौते की जरूरत नहीं है. वे दिन तो कब के बीत चुके हैं. हमारे पास उनका पैसा है - सैकड़ों अरब डॉलर - और हमारे पास उनका जलडमरूमध्य (स्ट्रेट) भी है!"
क्या वेंस के पर कतरे गए?
मिडटर्म चुनावों में मिली हार के बाद से, ईरान के खिलाफ युद्ध के मुद्दे पर ट्रंप प्रशासन के भीतर मतभेद बढ़ते हुए दिखाई दे रहे हैं. सेक्रेटरी ऑफ स्टेट मार्को रुबियो ने कहा है कि ईरान पर वाशिंगटन का आर्थिक दबाव असरदार साबित हो रहा है, इसलिए बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई फिर से शुरू करने की कोई जरूरत नहीं है. उन्होंने आगे कहा, "ईरान पर आर्थिक दबाव और भी बढ़ेगा."
युद्ध को लेकर ट्रंप के बयानों में विरोधाभास देखने को मिला है. पिछले हफ्ते उन्होंने ईरान को "बर्बाद" कर देने की धमकी दी थी, लेकिन इस हफ्ते ट्रंप ने कहा है कि ईरान पर आगे और हमले होने की संभावना "बहुत कम" है. वहीं वेंस साफ तौर पर ईरान के साथ एक समझौते के पक्ष में दिखे. उन्होंने चुनाव में हार का ठीकरा भी ईरान से हुए युद्ध पर फोड़ दिया था और दबाव बनाकर ईरान से बातचीत को लीड कर रहे थे. पहले तो ट्रंप ने उन्हें खुली छूट दी, लेकिन ऐसा लग रहा है कि अब ट्रंप ने वेंस के पर कतर दिए हैं.
ईरान के लिए क्या मैसेज?
लेकिन इसमें ईरान के लिए भी खुश होने जैसा कुछ नहीं दिख रहा है. बल्कि ईरान पर दबाव और बढ़ गया है. चुनाव में हार के बाद अमेरिका की ओर से वेंस लगातार किसी समझौते के लिए बातचीत कर रहे थे. अब ट्रंप की ओर से वेंस को रोक देने के बाद व्हाइट हाउस में ईरान की पैरोकारी करने वाला और कोई नहीं दिख रहा. अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ से लेकर विदेश मंत्री मार्को रुबियो तक सभी ईरान से सख्ती बरतने का संदेश दे रहे हैं. ऐसे में ये कयास लगाए जा रहे हैं कि ट्रंप इस युद्ध पर तत्काल कोई फैसला लेने की बजाए जारी रखना चाहते हैं और सैंक्शंस के जरिए दबाव बढ़ाना चाहते हैं.
अमेरिका के इस रुख के बाद, इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) के कमांडर मेजर जनरल अहमद वाहिदी ने चेतावनी दी है कि ईरान के खिलाफ थोड़ी सी भी आक्रामकता का जवाब बेहद विनाशकारी और दर्दनाक प्रहारों से दिया जाएगा. शुक्रवार को 'सेक्रेड डिफेंस' के 110 अज्ञात शहीदों के अंतिम संस्कार समारोह में बोलते हुए, मेजर जनरल वाहिदी ने कहा कि दुश्मन को अपनी बार-बार की हार से सबक लेना चाहिए, वरना "उसे और भी बड़े सबक मिलने वाले हैं." IRGC कमांडर ने जोर देकर कहा कि "जरा सी भी आक्रामकता का जवाब विनाशकारी और दर्दनाक हमलों से दिया जाएगा." हालांकि, ईरान भी जानता है कि उसके लिए अंतहीन लड़ाई लड़ पाना संभव नहीं है.
यह भी पढ़ें | इजरायल के होने वाले पीएम गादी टेंशन में; ट्रंप-नेतन्याहू की 'झगड़े वाली फोन कॉल' पर दी चेतावनी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं