पंजाबी सिंगर सतिंदर सरताज हमेशा लोगों के बीच चर्चा में रहते हैं. वह हर तरह की भावनाओं को शब्द और सुर देने का हुनर रखते हैं. यही वजह है कि उनके कई गाने सिर्फ सुने नहीं जाते, बल्कि लोगों की अपनी कहानी का हिस्सा बन जाते हैं. सतिंदर सरताज की धुरंधर के गाने जाइए सजना में एक लाइन ने फैंस के दिलों को चीर कर रख दिया. जबकि दो महीने पहले रिलीज हुआ उनका एक गाना यूट्यूब ग्लोबल पर नंबर वन ट्रैंड कर रहा है. वहीं 27 मिलियन टोटल स्ट्रीम्स और 172 मिलियन व्यूज यूट्यूब और यूट्यूब म्यूजिक पर मिले हैं.
सतिंदर सरताज का पंजाबी गाना यूट्यूब पर बना नंबर वन
हम जिस गाने की बात कर रहे हैं वह सतिंदर सरताज का गुजारिश गाना है. यूट्यूब द्वारा जारी वीकली चार्ट के अनुसार, सतिंदर सरताज का पंजाबी गाना गुजारिश 12 नवंबर, 2026 को खत्म हुए वीक में यूट्यूब के ग्लोबल 'टॉप सॉन्ग्स' चार्ट पर नंबर 1 पर रहा. इसका प्रीमियर लगभग दो महीने पहले हुआ था. इस गाने को 42,613,776 व्यूज मिले, जो पिछले सप्ताह के 28,263,770 व्यूज से 50.8% ज्यादा है और इस तरह यह नंबर 7 से ऊपर चढ़कर नंबर 1 पर आ गया. इन कुल व्यूज में से 32,326,244 व्यूज (यानी 75.9%) भारत से आए.
गुजारिश गाने के लिरिक्स
"गुजारिश" पंजाबी सूफी गायक सतिंदर सरताज का रोमांटिक गाना है, जिसमें उनकी शायरी, सूफियाना अंदाज और इमोशनल संगीत को दुनियाभर में प्यार मिल रहा है. गाने के गीतकार और संगीतकार भी खुद सतिंदर सरताज ही हैं. यह 2015 में आया था. लेकिन दो महीने पहले इसका वीडियो रिलीज किया गया था. इसके लिरिक्स इस प्रकार हैं....
गुल-कदमों में महकती सी दिल-काशी का ख्वाब है
नूर का ये शामियाना खूब है, नायाब है
नाजनीन ने रूह को नजरों से रोशन कर दिया
मेहरबानी, शुक्रिया, तस्लीम है, आदाब है
ख्वाब आंखों से हो चुकी है रवांगी
अभी बादलों पे छाएगी दीवानगी
हमें चिट्ठियां मिली हैं महताब से
कोई बच नहीं पाएगा शबाब से
आज आए हैं हुजूर बेनकाब से
गुजारिश का मतलब होता है विनती, अनुरोध या दिल की बात रखना. वहीं इस गाने के लिरिक्स का मतलब है कि प्रेमी अपनी प्रेमिका से अपने दिल की भावनाएं को शेयर कर रहा है. वह अपने प्यार को बेहद सम्मान और नर्म लहजे में बताता है. गाने में मोहब्बत को सिर्फ आकर्षण नहीं बल्कि एक आध्यात्मिक और गहरे भावनात्मक रिश्ते की तरह दिखाया गया है.
सतिंदर सरताज के पॉपुलर गाने
सतिंदर सरताज के पॉपुलर गीतों में साईं गाना बहुत खास था, जो 2010 में रिलीज हुआ और घर-घर तक पहुंच गया. इसके बाद सज्जन राजी, उड़ारियां, मासूमियत, रंगरेज, चेहरेयां दा नूर, इश्के दा सुत्ता, जिंदगी की किताब और हीर जैसे गाने पॉपुलर हैं. वहीं धुरंधर में जाइए सजना गाने में उनकी एक लाइन 'सानू सारियां विसर गइयां रावां वे, केहड़े पासे जाइए सजना' खूब पॉपुलर हुई थीं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं