विज्ञापन

सोने में मिलाया जा रहा है रेडियम पाउडर? बुलियन एसोसिएशन चीफ ने बताया कैसे पकड़ सकते हैं मिलावट

Gold Adulteration Check: सोने में रेडियम पाउडर की मिलावट की आशंकाओं पर बुलियन एसोसिएशन ने कहा है कि हॉलमार्किंग और XRF टेस्ट से गड़बड़ी पकड़ी जा सकती है. जानिए सोना खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखें.

सोने में मिलाया जा रहा है रेडियम पाउडर? बुलियन एसोसिएशन चीफ ने बताया कैसे पकड़ सकते हैं मिलावट
सोना खरीदने से पहले जान लें ये बात
Source: NDTV Graphics/Canva

सोने की ज्वेलरी में रेडियम पाउडर मिलाए जाने की खबरों ने ग्राहकों की चिंता बढ़ा दी है. सोशल मीडिया पर इस तरह के दावे सामने आने के बीच ऑल बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन ने कहा है कि सोने में इस तरह की मिलावट को पकड़ना संभव है. इसके लिए हॉलमार्किंग और एक्सआरएफ (XRF) टेस्ट जैसे जांच के तरीके मौजूद हैं.

एसोसिएशन के चीफ योगेश सिंघल ने समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में कहा कि सोशल मीडिया पर फैल रही खबरों से ग्राहकों के बीच बेवजह डर पैदा हो रहा है. उनके मुताबिक, सोने में दूसरी धातुओं की मिलावट का मामला नया नहीं है और ज्वेलरी इंडस्ट्री कई दशकों से ऐसी आशंकाओं से निपटती रही है.

हॉलमार्किंग और XRF टेस्ट से कैसे पकड़ी जाएगी मिलावट?

योगेश सिंघल के मुताबिक, सोने में रेडियम पाउडर मिलाने की कोशिश को हॉलमार्किंग और एक्सआरएफ टेस्ट के जरिए पहचाना जा सकता है. उन्होंने कहा कि देश में मौजूद जांच व्यवस्था ऐसी मिलावट का पता लगाने में सक्षम है.

एक्सआरएफ यानी एक्स-रे फ्लोरेसेंस एक ऐसी तकनीक है, जिसके जरिए किसी धातु में मौजूद तत्वों और उनकी मात्रा की पहचान की जाती है. इससे सोने की शुद्धता और उसमें मिली दूसरी धातुओं के बारे में जानकारी मिल सकती है.

यह भी पढ़ें | सोना-चांदी धड़ाम, 2 दिन में 13 हजार तक गिर गए दाम, तुरंत लगा दें पैसे या और गिरने तक करें आराम

इरिडियम, रूथेनियम और रेनियम जैसी धातुओं को लेकर भी उठ चुके हैं सवाल

सिंघल ने कहा कि सोने में दूसरी धातुएं मिलाने की आशंका पहले भी सामने आती रही है. पिछले कई दशकों में इरिडियम, रूथेनियम और रेनियम जैसी धातुओं को लेकर भी सवाल उठे हैं.

उनके मुताबिक, एसोसिएशन ने समय-समय पर ऐसे दावों की जांच की है और पाया है कि मौजूदा जांच व्यवस्था इस तरह की मिलावट पकड़ सकती है.

उन्होंने अपने करीब 45 साल के करियर का अनुभव साझा करते हुए बताया कि शुरुआती दौर में कुछ निर्माताओं ने सोने में दूसरी धातुएं मिलाने के प्रयोग भी किए थे. लेकिन कुछ धातुओं को गलाने के लिए बहुत ज्यादा तापमान की जरूरत होती है, जिससे ये प्रयोग सफल नहीं हो सके.

मिलावट के लिए ऐसी धातुओं का इस्तेमाल आर्थिक रूप से भी मुश्किल

एसोसिएशन अध्यक्ष के मुताबिक, ऐसी कुछ धातुएं तस्करी के रास्ते देश में आती हैं. उनका कहना है कि इनका इस्तेमाल करके बड़े पैमाने पर सोने में मिलावट करना आर्थिक रूप से भी फायदेमंद नहीं है. इसलिए उनके अनुसार, इस तरह की मिलावट की आशंका बेहद कम है.

सोना खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान

सोने की शुद्धता को लेकर किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए ग्राहकों को कुछ सावधानियां बरतनी चाहिए:

  • हमेशा भरोसेमंद और प्रतिष्ठित ज्वेलर से ही सोने की खरीदारी करें.
  • ज्वेलरी खरीदते समय हॉलमार्क और उसकी शुद्धता से जुड़ी जानकारी जांचें.
  • खरीदारी के बाद पक्का बिल जरूर लें.
  • सोशल मीडिया पर वायरल दावों के आधार पर घबराने के बजाय अधिकृत जांच और प्रमाणन पर भरोसा करें.

योगेश सिंघल ने भी ग्राहकों को भरोसेमंद दुकानदारों से ही ज्वेलरी खरीदने और उचित बिल लेने की सलाह दी है.

यह भी पढ़ें | धनतेरस पर घर न ले आएं नकली सोना, खरीदने से पहले दुकान पर ही इन 5 तरीकों से करें पहचान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gold Adulteration Scam, Gold Testing, Gold Purity Check, Gold Purity Check At Home, Gold Purity Checking Tips
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com