विज्ञापन

दिनभर की 10 बड़ी खबरें: राजस्थान में कांग्रेस की आंधी, डोभाल को अमेरिकी समन, CM सुवेंदु पर FIR

राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस की बड़ी बढ़त, गोरखपुर हादसे पर अखिलेश यादव का सवाल, NSA अजीत डोभाल को अमेरिकी समन, सियांग डैम विवाद, बेतिया गोल्ड लूटकांड और ब्लाइंड क्रिकेट एशिया कप विवाद समेत पढ़ें दिनभर की 10 बड़ी खबरें.

दिनभर की 10 बड़ी खबरें: राजस्थान में कांग्रेस की आंधी, डोभाल को अमेरिकी समन, CM सुवेंदु पर FIR

जस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस की आंधी, BJP को बड़ा झटका; मंत्री की पत्नी और बेटे भी हारे

राजस्थान पंचायत चुनाव के अब तक के नतीजों में कांग्रेस ने जिला परिषद और पंचायत समिति दोनों स्तरों पर भाजपा पर बड़ी बढ़त बना ली है. पंचायत समिति की 7,312 घोषित सीटों में कांग्रेस ने 3,653 और भाजपा ने 2,159 सीटें जीती हैं, जबकि जिला परिषद की 759 सीटों में कांग्रेस 451 और भाजपा 248 सीटों के साथ आगे है. चुनाव में भाजपा को उस समय बड़ा झटका लगा जब मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी और दोनों बेटे चुनाव हार गए. वहीं पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह और बहू कनिका सिंह ने जीत दर्ज की.

खबर विस्तार से पढ़ें: राजस्थान में 'गांव की लड़ाई' में BJP को झटका, मंत्री के पत्नी-बेटे भी हारे; पंचायत चुनाव में कांग्रेस की बढ़त

गोरखपुर JCB हादसे में गिरफ्तारियों पर अखिलेश का सवाल, कोर्ट से स्वत: संज्ञान लेने की मांग

गोरखपुर में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान JCB की चपेट में आकर 13 वर्षीय आर्यवर्धन की मौत के मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है. पुलिस कार्रवाई के तहत कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि निर्दोष लोगों को झूठे मामले में फंसाया गया है और अदालत से स्वत: संज्ञान लेने की मांग की. वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना को गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए और सपा पर तीखा हमला बोला.
खबर विस्तार से पढ़ें: गोरखपुर हादसा: गिरफ्तारी पर भड़के अखिलेश यादव, बोले- निर्दोषों को झूठे आरोप में जेल भेजा गया; कोर्ट से जांच कराने की मांग 

NSA अजीत डोभाल को अमेरिकी अदालत का समन, भारत ने बताया 'बेबुनियाद मामला'

खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की ओर से दायर एक मामले में अमेरिकी अदालत द्वारा NSA अजीत डोभाल और RAW के पूर्व प्रमुख सामंत गोयल को समन भेजने के आदेश पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस पूरे मामले को 'बेबुनियाद' बताते हुए खारिज कर दिया. न्यूयॉर्क की एक जिला अदालत ने दिल्ली की अदालतों के माध्यम से दोनों अधिकारियों को समन भेजने का निर्देश दिया था. हालांकि भारत ने साफ कर दिया है कि वह ऐसे निराधार मामलों को स्वीकार नहीं करता और इस पर उसका रुख पहले जैसा ही है.

अरुणाचल में सियांग बांध पर क्यों भड़का विरोध? अमित शाह के दौरे से पहले गरमाई राजनीति

अरुणाचल प्रदेश में प्रस्तावित सियांग मेगा बांध परियोजना को लेकर विरोध तेज हो गया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे से पहले कई स्थानीय संगठन और ग्रामीण समुदाय परियोजना के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं. विरोध करने वालों का कहना है कि बांध से बड़े पैमाने पर विस्थापन होगा, कृषि भूमि और पर्यावरण को नुकसान पहुंचेगा तथा स्थानीय समुदायों की आजीविका प्रभावित होगी. वहीं सरकार का तर्क है कि चीन द्वारा तिब्बत में ब्रह्मपुत्र (यारलुंग त्सांगपो) पर बनाए जा रहे विशाल बांध के मद्देनजर भारत के लिए सियांग परियोजना रणनीतिक और जल सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण है.  
खबर विस्तार से पढ़ें: सियांग डैम पर बवाल के बीच अरुणाचल क्यों पहुंच रहे हैं अमित शाह? Explained

CM सुवेंदु अधिकारी, दिलीप घोष और सुकांत मजमूदार पर अभिषेक बनर्जी ने दर्ज कराई FIR 

तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी, BJP के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष, सुकांत मजूमदार और अन्य BJP नेताओं के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इन नेताओं ने पुलिस तंत्र को धमकाने, डराने, दबाव बनाने और आपत्तिजनक बयान देकर समाज में अशांति का माहौल पैदा करने की कोशिश की. अभिषेक बनर्जी ने मामले में FIR दर्ज कर उचित जांच कराने की मांग की है. इस शिकायत के बाद पश्चिम बंगाल में TMC और BJP के बीच राजनीतिक टकराव और तेज होने के आसार हैं.

योगी आदित्यनाथ की मां नहीं रहीं, 91 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित पैतृक गांव पंचुर में निधन हो गया. वह लंबे समय से बीमार थीं और घर पर ही उनका इलाज चल रहा था. मां के निधन की सूचना मिलने के समय सीएम योगी गोरखपुर में 50 हजार छात्रों को टैबलेट वितरण कार्यक्रम में मौजूद थे, लेकिन उन्होंने कार्यक्रम पूरा किया. परिवार के अनुसार उनका अंतिम संस्कार शनिवार को किया जा सकता है. सावित्री देवी के निधन से योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

15 करोड़ की लूट, 7 गिरफ्तारी और 'गोल्डन थीफ' की एंट्री! बेतिया कांड में खुल रहे नए राज

पश्चिम चंपारण के बेतिया में सेंको गोल्ड शोरूम से करीब 15 करोड़ रुपये के आभूषणों की लूट की जांच अब बिहार से निकलकर पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश तक पहुंच गई है. पुलिस सात संदिग्धों को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन जांच का फोकस अब इस वारदात के कथित मास्टरमाइंड तक पहुंचने पर है. सूत्रों के मुताबिक, कुख्यात 'गोल्डन थीफ' सुबोध सिंह के नाम की भी चर्चा हो रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह कथित तौर पर 'स्लीपर सेल मॉडल' पर काम करता था, जहां वारदात को अंजाम देने वाले लोगों को भी पूरे नेटवर्क की जानकारी नहीं होती.
खबर विस्तार से पढ़ें: 15 करोड़ की बेतिया गोल्ड लूट में नया ट्विस्ट ! 'गोल्डन थीफ' सुबोध सिंह के नाम की चर्चा, बंगाल-यूपी तक रेड

पैसों की बारिश का झांसा, अघोरी पूजा और मौत! अकोला के युवक की 'नरबलि' का आरोप

महाराष्ट्र के अकोला निवासी हेमंत सपकाल की मौत को लेकर परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं. परिवार का दावा है कि हेमंत को गुप्त धन, सोना निकालने और जल्द लखपति बनने का झांसा देकर अघोरी अनुष्ठान में शामिल किया गया, जहां उसकी जान चली गई. मामले में अघोरी पूजा से जुड़े कुछ वीडियो सामने आने के बाद विवाद और गहरा गया है. परिजनों का आरोप है कि हेमंत को नशीला पदार्थ देकर भ्रमित किया गया और उसकी नरबलि दी गई. उन्होंने महाराष्ट्र के अंधश्रद्धा और जादूटोना विरोधी कानून के तहत आरोपियों की गिरफ्तारी और गहन जांच की मांग की है.

6 लाख फॉलोअर्स वाली इन्फ्लुएंसर से शादी की जिद, घर में घुसा युवक; पिटाई के बाद मौत

चेन्नई में काम करने वाला गाजीपुर निवासी अभिनव दिल्ली की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा बिष्ट के घर पहुंच गया और कथित तौर पर उनसे शादी की जिद करने लगा. आरोप है कि घर में जबरन घुसने के बाद परिवार और पड़ोसियों ने उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. अस्पताल में करीब एक सप्ताह इलाज के बाद उसकी मौत हो गई. जांच में सामने आया कि अभिनव लंबे समय से नेहा का कंटेंट देख रहा था और उसके मन में एकतरफा भावनाएं विकसित हो गई थीं, जबकि नेहा उसे जानती तक नहीं थीं. पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर नेहा बिष्ट के पिता और एक पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है. 

फाइनल बिना टॉस रद्द, फिर भी पाकिस्तान बना चैंपियन; भारत ने फैसले को बताया गलत

ढाका में होने वाला पुरुष ब्लाइंड क्रिकेट एशिया कप 2026 का भारत-पाकिस्तान फाइनल लगातार बारिश के कारण बिना टॉस के ही रद्द हो गया. इसके बावजूद बेहतर नेट रनरेट के आधार पर पाकिस्तान को टूर्नामेंट का एकमात्र विजेता घोषित कर दिया गया. इस फैसले का क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया (CABI) ने कड़ा विरोध करते हुए कहा कि फाइनल नहीं होने की स्थिति में भारत और पाकिस्तान को संयुक्त विजेता घोषित किया जाना चाहिए था. विवाद के चलते भारतीय टीम ने ट्रॉफी वितरण समारोह का बहिष्कार कर दिया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Top 10 News Today, Rajasthan Panchayat Election 2026, Congress Vs BJP, Akhilesh Yadav
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com