विज्ञापन

इंटरनेट पर चल रहा खतरनाक खेल... पैसे देकर कुछ भी करवा रहे लोग, कुछ ने तो हद ही पार कर दी

इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल गलत चीजों के लिए किया जा रहा है. कोई किसी को किसी का पीछा करने तो कोई सिर पर टैटू करने के लिए पैसे दे रहा है.

इंटरनेट पर चल रहा खतरनाक खेल... पैसे देकर कुछ भी करवा रहे लोग, कुछ ने तो हद ही पार कर दी
प्रतीकात्मक तस्वीर
Pixabay

फर्ज कीजिए एक ऐसा ऑनलाइन प्लेटफोर्म हो जहां पैसे देकर आप कुछ भी करवा सकते हों. कुछ भी का मतलब बेहद खतरनाक स्टंट, शरीर पर अजीबोगरीब टैटू बनवाना या फिर किसी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करना. इस लिस्ट में सबकुछ शामिल है. पहली नजर में यह नेटफ्लिक्स की किसी डार्क वेब सीरीज की कहानी लगती है, लेकिन यह कोई फिक्शन नहीं बल्कि आज की खौफनाक हकीकत बन चुका है. 

सोलाना ब्लॉकचेन पर मीमकॉइन लॉन्च करने के लिए मशहूर प्लेटफॉर्म 'Pump(Dot)fun' ने 'GO' नाम से बाउंटी मार्केटप्लेस शुरू किया है. इसने इंटरनेट की दुनिया में तहलका मचा दिया है.

इस प्लेटफॉर्म का काम करने का तरीका बहुत सीधा और आसान है. कोई भी यूजर यहां अपनी पसंद का कोई टास्क यानी काम पोस्ट करता है और इनाम के तौर पर सोलाना क्रिप्टोकरेंसी को एस्क्रो (एक सुरक्षित डिजिटल तिजोरी) में लॉक कर देता है. इस पर न्यूनतम भुगतान करीब 5 डॉलर से शुरू होता है. जब कोई दूसरा यूजर उस काम को पूरा करके उसका वीडियो या सबूत अपलोड करता है, तो Pump(Dot)fun की टीम उसकी समीक्षा करती है और मंजूरी मिलने पर पैसे जारी कर दिए जाते हैं. लेकिन बात इतनी सीधी नहीं है. इस प्लेटफॉर्म के लॉन्च होने के कुछ दिन बाद ही खतरनाक चेहरा सामने आ गया.

माथे पर टैटू को लेकर विवाद

इस प्लेटफॉर्म को शुरू हुए अभी एक हफ्ता भी नहीं हुआ था कि इस पर सैकड़ों अजीबोगरीब और खतरनाक चैलेंज पोस्ट कर दिए गए. इनमें से कुछ चैलेंज के लिए तो लाखों-करोड़ों रुपये तक की इनामी राशि रखी गई. लेकिन यह ऐप तब पूरी दुनिया की नजरों में आया, जब भारत के तमिलनाडु के रहने वाले एक शख्स का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इस शख्स ने महज पैसों के लिए दंग करने वाला कदम उठा लिया.

तमिलनाडु के अरिवु नाम के एक युवक ने प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किए गए $2,400 (लगभग 2 लाख रुपये) के एक चैलेंज को स्वीकार किया. इस चैलेंज के तहत उसे अपने माथे पर एक मीमकॉइन का नाम '$boutywork' हमेशा के लिए गुदवाना था. अरिवु ने स्थानीय टैटू की दुकान पर जाकर अपने माथे पर यह टैटू बनवाया. अरिवु ने 6 जून को इस वीडियो को सबूत के तौर पर प्लेटफॉर्म पर सबमिट कर दिया.

स्पेलिंग की गलती पर बहस

असली ड्रामा तब शुरू हुआ जब अरिवु को पैसे मिलने का वक्त आया. कुछ यूजर्स ने आपत्ति जता दी कि टास्क पोस्ट करने वाले से स्पेलिंग में गलती हुई थी. असल शब्द 'Bountywork' होना चाहिए था, जिसमें 'n' आता है, जबकि अरिवु ने टास्क में लिखे शब्द के मुताबिक बिना 'n' वाला '$boutywork' लिखवा लिया था. इस वजह से उसका पेमेंट रोक दिया गया. इसके बाद परेशान होकर अरिवु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर स्क्रीनशॉट के साथ अपनी गुहार लगाई और लिखा, "भाईयों, मैंने टास्क में लिखे एक-एक शब्द को वैसे ही फॉलो किया है जैसा वहां लिखा था. यह मेरी गलती नहीं है. कृपया टीम इसकी सही समीक्षा करे, मैंने इसके लिए अपनी जिंदगी दांव पर लगा दी है."

अरिवु की यह बेबसी देखकर सोलाना के कुछ क्रिप्टो ट्रेडर्स भावुक हो गए. उन्होंने इस स्पेलिंग की गलती को ही एक नया टोकन बना दिया और अरिवु की टैटू वाली फोटो को उसका लोगो बनाकर 'BOUTYWORK' नाम से एक नया मीमकॉइन लॉन्च कर दिया. कुछ ही घंटों में इस कॉइन की मार्केट वैल्यू $373,000 (3 करोड़ रुपये से ज्यादा) पहुंच गई. इसका नतीजा यह हुआ कि अरिवु को फीस और अन्य जरियों से करीब 15,000 से 17,500 डॉलर (लगभग 14.35 लाख रुपये से ज्यादा) की कमाई हो गई.

खुदकुशी और हैरेसमेंट के खौफनाक टास्क

भले ही अरिवु को पैसे मिल गए हों, लेकिन इस प्लेटफॉर्म पर मौजूद अन्य टास्क इतने घिनौने और खतरनाक हैं कि मानवता शर्मसार हो जाए. ऐप के लॉन्च होने के कुछ ही घंटों के भीतर एक यूजर ने खुदकुशी से जुड़े एक बेहद संवेदनशील और गंभीर टास्क के लिए $690,000 (लगभग 5.7 करोड़ रुपये) का इनाम रख दिया. इस टास्क के सामने आते ही सोशल मीडिया पर भारी गुस्सा भड़क गया और लोगों ने तुरंत सरकार से इस ऐप को बैन करने की मांग शुरू कर दी.

क्रूरता की हदें यहीं पार नहीं हुईं. एक और टास्क पोस्ट किया गया जिसके लिए $24,584 (लगभग 20 लाख रुपये) का इनाम रखा गया था. इस टास्क में यूजर्स से कहा गया था कि वे ब्रिटेन में मर्डर के दोषी भारतीय मूल के व्यक्ति विक्रम दिगवा के पीड़ित परिवार (हेनरी नोवाक के परिवार) को ढूंढें, उन्हें परेशान करें, उनका पीछा करें और जबरन उनका इंटरव्यू रिकॉर्ड करके वीडियो अपलोड करें. इस टास्क की भी चौतरफा आलोचना हो रही है.

जानलेवा स्टंट

इस प्लेटफॉर्म पर केवल टैटू और प्रताड़ना ही नहीं, बल्कि जानलेवा स्टंट्स को भी बढ़ावा दिया जा रहा है. लाइव वर्ल्ड कप मैच के दौरान स्टेडियम में सुरक्षा घेरा तोड़कर एक मीमकॉइन का मस्कट पहनकर अवैध रूप से स्काईडाइविंग करने वाले को $57,000 (लगभग 47 लाख रुपये) देने का चैलेंज लाइव है. इसके अलावा कई लोग सिर्फ चंद पैसों के लिए अपने माथे पर क्रिप्टो कॉइन्स के नाम का टैटू गुदवाने के लिए तैयार बैठे हैं. ये चलन इतना खतरनाक है कि लोग इसे अब बंद करने की मांग भी करने लगे हैं.

यह भी पढ़ें: परमाणु बम गोदाम से निकलकर रॉकेट पर हो रहे लोड, न्यूक्लियर खतरे पर नई रिपोर्ट डराने वाली

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com