- पटना में खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान के बाहर हुई फायरिंग के बाद खान सर का कोई पता नहीं चल पाया है.
- पुलिस ने खान सर के खिलाफ FIR दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है, लेकिन वे पुलिस को नहीं मिले हैं.
- कोचिंग संस्थान के दो सुरक्षा गार्ड गिरफ्तार किए गए हैं, जो फायरिंग करने के आरोप में न्यायिक हिरासत में हैं.
पटना में खान ग्लोबल स्टडीज को लेकर चल रहे विवाद के बीच अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर फैजल खान उर्फ खान सर कहां हैं? कोचिंग संस्थान के बाहर हुई फायरिंग और हंगामे के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद से खान सर सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं. पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक उनका कोई पता नहीं चल सका है.
जानकारी के अनुसार, मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान में 2 जून की रात हंगामा और फायरिंग की घटना हुई थी. इस मामले में कदमकुआं थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. एफआईआर में खान सर का भी नाम शामिल किया गया है. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है.
खान ग्लोबल स्टडीज पहुंची पुलिस
रविवार को लगातार दूसरे दिन पटना पुलिस खान ग्लोबल स्टडीज परिसर पहुंची. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एफआईआर के आधार पर खान सर की तलाश की जा रही है. हालांकि पुलिस जब कोचिंग संस्थान पहुंची तो वहां खान सर मौजूद नहीं मिले. पुलिस को अब तक उनके ठिकाने के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है.
इस मामले में खान ग्लोबल स्टडीज से जुड़े दो निजी सुरक्षा गार्ड पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं. दोनों गार्ड फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं. आरोप है कि कोचिंग संस्थान के बाहर हुई घटना के दौरान इन्हीं गार्डों ने फायरिंग की थी.
गिरफ्तार गार्डों का रिकॉर्ड भी खंगाल रहे
उधर, फायरिंग में इस्तेमाल हुई 315 बोर की राइफल को लेकर भी जांच जारी है. पटना पुलिस ने राइफल के लाइसेंस की सत्यता जांचने के लिए नोएडा पुलिस से संपर्क किया है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हथियार का लाइसेंस वैध है या नहीं. इसके अलावा गिरफ्तार दोनों गार्डों के आपराधिक और सेवा रिकॉर्ड की जानकारी भी उत्तर प्रदेश के संबंधित जिलों से मांगी गई है.
दिलचस्प बात यह है कि घटना के बाद मौके से गोली का खोखा भी बरामद नहीं हो सका है. पुलिस को पूछताछ में जानकारी मिली है कि फायरिंग के बाद किसी ने खोखा उठा लिया था. स्थानीय लोगों का भी कहना है कि घटना के तुरंत बाद जमीन पर पड़े खोखे को हटा दिया गया था. ऐसे में जांच एजेंसियों को कई महत्वपूर्ण सबूत जुटाने में परेशानी हो रही है.
खान सर ने अग्रिम जमानत याचिका दायर की
इधर, गिरफ्तारी की आशंका के बीच खान सर ने पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है. उनके वकील अरविंद कुमार मउआर का कहना है कि यह मामला दो पक्षों के बीच दर्ज कराई गई प्राथमिकी से जुड़ा है. उनका दावा है कि आत्मरक्षा में गार्डों ने हवाई फायरिंग की थी और विरोधी पक्ष ने जवाबी कार्रवाई के तहत खान सर का नाम भी एफआईआर में जोड़ दिया है.
फिलहाल पूरे मामले पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं. पुलिस खान सर की तलाश में जुटी है, जबकि उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर अदालत का फैसला भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. आने वाले दिनों में इस मामले में कई नए खुलासे हो सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं