विज्ञापन

एलन मस्क केवल 15 करोड़ का फाइन भरकर 1500 करोड़ का फायदा डकार गए? ट्रंप से दोस्ती तो वजह नहीं

Elon Musk and Twitter Takeover Controversy: ट्विटर के पूर्व निवेशकों (इन्वेस्टर) ने एलन मस्क पर यह आरोप लगाया था कि उन्होंने सोशल मीडिया कंपनी में अपने शुरुआती निवेश की जानकारी देने में बहुत देर करके उन्हें धोखा दिया. आरोप है कि ऐसा करके मस्क ने कुल 150 मिलियन डॉलर बचाए हैं.

एलन मस्क केवल 15 करोड़ का फाइन भरकर 1500 करोड़ का फायदा डकार गए? ट्रंप से दोस्ती तो वजह नहीं
Elon Musk पर लगे थे गंभीर आरोप- सस्ते में ट्विटर खरीदने के लिए निवेशकों को दिया धोखा
  • एलन मस्क ने ट्विटर खरीद से जुड़े क्लास-एक्शन केस में छोटा जुर्माना देकर मामले को खत्म करने पर सहमति जताई है
  • मस्क के ट्रस्ट ने 1.5 मिलियन डॉलर का जुर्माना देने और भविष्य में नियमों का पालन करने का वादा किया है
  • मस्क पर आरोप था कि उन्होंने ट्विटर शेयर खरीदने की जानकारी देरी से देकर 150 मिलियन डॉलर का फायदा कमाया था
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

Elon Musk and Twitter Takeover Controversy: दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क को ट्विटर (अब X) कंपनी की खरीद से जुड़े कथित धोखाधड़ी के मामले में एक बड़ी राहत मिली है. सोमवार को एलन मस्क इस बात पर सहमत हो गए कि वे एक छोटा जुर्माना देंगे, ताकि ट्रंप सरकार की एजेंसी की तरफ से दायर यह केस ही खत्म हो जाए. दरअसल ट्विटर के पूर्व निवेशकों (इन्वेस्टर) ने एलन मस्क पर यह आरोप लगाया था कि उन्होंने सोशल मीडिया कंपनी में अपने शुरुआती निवेश की जानकारी देने में बहुत देर करके उन्हें धोखा दिया. बीते 31 मार्च को ही अमेरिका के एक फेडरल जज ने इस मामले को क्लास-एक्शन मुकदमे के रूप में आगे बढ़ाने की मंजूरी दे दी थी. लेकिन अब मस्क के लिए गुड न्यूज है.

इस समझौते के तहत मस्क का ट्रस्ट 15 लाख डॉलर (करीब 14.3 करोड़ रुपए) का जुर्माना देगा. एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार यह समझौता वॉशिंगटन की एक फेडरल कोर्ट में दाखिल किया गया है और अभी जज की मंजूरी बाकी है. मस्क के वकील एलेक्स स्पाइरो ने कहा कि यह फैसला उनके पक्ष में है. उन्होंने कहा कि “अब मस्क को ट्विटर खरीद के दौरान फॉर्म देर से भरने के मामले में पूरी तरह क्लीन चिट मिल गई है, जैसा हमने शुरू से कहा था.”

उन्होंने यह भी कहा कि “सिर्फ एक ट्रस्ट ने एक फॉर्म देर से भरने के लिए छोटा जुर्माना देने को माना है.” स्पाइरो ने ईमेल में यह भी कहा कि यह समझौता असल में कोई समझौता नहीं है, क्योंकि “मस्क ने कुछ गलत नहीं किया.” उन्होंने कहा कि “उनके खिलाफ केस खारिज कर दिया गया है.”

क्या है पूरा मामला?

यह मामला एक आसान नियम पर आधारित था: अगर कोई निवेशक किसी कंपनी के 5% से ज्यादा शेयर खरीदता है, तो उसे 10 दिनों के अंदर इसकी जानकारी देनी होती है. एलन मस्क पर इसी नियम को नहीं मानने का आरोप है. अमेरिका की मार्केट रेगुलेटर एजेंसी सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (एसईसी) ने जनवरी 2025 में कहा था कि मस्क ने यह जानकारी देने में 11 दिन की देरी की थी, जब वे 2022 में ट्विटर के शेयर खरीद रहे थे.

एसईसी के अनुसार, इस देरी की वजह से मस्क सस्ते दाम पर और शेयर खरीद पाए, जिससे उन्होंने लगभग 150 मिलियन डॉलर (करीब 1439 करोड़ रुपए) बचाए. वहीं, दूसरे शेयर बेचने वालों को यह जानकारी नहीं थी कि क्या हो रहा है. इन आरोपों के बावजूद, इस समझौते में मस्क को यह पैसा वापस करने की जरूरत नहीं है. उनके ट्रस्ट ने सिर्फ 1.5 मिलियन डॉलर का जुर्माना देने और आगे ऐसा नियम न तोड़ने का वादा किया है- बिना यह माने कि उन्होंने कुछ गलत किया. कुल मिलाकर मस्क फायदे में दिख रहे हैं.

एसईसी ने कहा कि उसने अपनी शिकायत में मस्क के ट्रस्ट को भी जोड़ा है और साथ ही यह समझौता पेश किया है. अगर जज इसे मंजूरी दे देते हैं, तो मस्क का नाम इस केस से हटा दिया जाएगा और मामला पूरी तरह खत्म हो जाएगा. यह केस तब दायर किया गया था, जब उस समय के राष्ट्रपति जो बाइडेन अपना पद छोड़ने वाले थे. उस समय मस्क, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी माने जाते थे. उन्होंने केस को खत्म कराने की कोशिश की, लेकिन फरवरी में एक फेडरल जज ने उनकी मांग खारिज कर दी.

यह जुर्माना कैलिफोर्निया में चल रहे एक दूसरे केस के बाद आया है, जहां मार्च में जूरी ने माना कि मस्क ने 2022 में ट्विटर खरीद के दौरान अपने पोस्ट से निवेशकों को गुमराह किया था. उस केस में नुकसान करीब 2 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है, हालांकि मस्क के वकीलों ने कहा है कि वे अपील करेंगे. यह दूसरी बार है जब मस्क ने एसईसी के साथ मामला सुलझाया है. 2018 में उन्होंने 20 मिलियन डॉलर का जुर्माना दिया था और टेस्ला के चेयरमैन पद से हटना पड़ा था. तब उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा था कि उनके पास कंपनी को प्राइवेट करने के लिए फंडिंग है, लेकिन ऐसा कभी हुआ नहीं.

यह भी पढ़ें: सस्ते में Twitter खरीदने के लिए मस्क ने की धोखेबाजी?

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com