Elon Musk अपने बेबाक और विवादित बयानों के लिए अक्सर चर्चा में रहते हैं. इस बार उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसने इंटरनेट पर नई बहस शुरू कर दी है. मस्क ने कहा कि 'Instagram लड़कियों के लिए है.' उनका यह छोटा-सा कमेंट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोगों ने इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं.

X को सबसे बेहतर प्लेटफॉर्म मानते हैं मस्क
अगर किसी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को एलन मस्क सबसे ज्यादा पसंद करते हैं, तो वह है X. साल 2022 में उन्होंने Twitter को खरीदा था और बाद में उसका नाम बदलकर X कर दिया. मस्क का मानना है कि X गंभीर चर्चाओं और जरूरी विषयों पर बात करने के लिए सबसे सही प्लेटफॉर्म है. उनके अनुसार बाकी सोशल मीडिया ऐप्स या तो कम महत्वपूर्ण हैं या फिर वहां ऐसी बातचीत नहीं होती जिसे वह “सीरियस डिस्कशन” मानते हैं.
वायरल पोस्ट पर आया मस्क का कमेंट
पूरा मामला तब शुरू हुआ जब सोशल मीडिया पर एक वायरल थ्रेड चल रहा था. इसमें लोग मजाकिया अंदाज में बता रहे थे कि इंसान की सोशल मीडिया आदतें उसकी जिंदगी के अलग-अलग फेज दिखाती हैं. कुछ पोस्ट्स में लगातार स्टोरी डालने, ग्लैमरस फोटो शेयर करने, घर के खाने और बेकिंग की तस्वीरें पोस्ट करने जैसी बातों का जिक्र था.
इसी चर्चा के बीच एलन मस्क ने अचानक कमेंट किया, 'Instagram is for girls.' यानी इंस्टाग्राम लड़कियों के लिए है. उनका यह बयान कुछ ही मिनटों में वायरल हो गया और हजारों लोगों ने इस पर प्रतिक्रिया देना शुरू कर दिया.

दूसरे कमेंट ने और बढ़ाया विवाद
पहले बयान के बाद मामला शांत नहीं हुआ. लोगों की प्रतिक्रियाओं के बीच मस्क ने एक और पोस्ट किया, जिसने विवाद को और बढ़ा दिया. उन्होंने लिखा कि कभी-कभी बड़े उम्र के पुरुष उन्हें अपना इंस्टाग्राम प्रोफाइल भेजते हैं और तब उन्हें लगता है कि 'क्या आप जेंडर बदल रहे हैं?'
इस बयान को लेकर कई लोगों ने मस्क की आलोचना की. सोशल मीडिया यूजर्स का कहना था कि उनका यह कमेंट महिलाओं और जेंडर पहचान को लेकर गलत सोच दिखाता है. कई लोगों ने इसे misogynistic यानी महिलाओं के प्रति नकारात्मक सोच वाला बयान बताया.
इंस्टाग्राम का नया Instants फीचर, 24 घंटे के बाद फोटो खुद-ब-खुद हो जाएगी गायब
Meta और Zuckerberg पर भी साधा निशाना
एलन मस्क सिर्फ इंस्टाग्राम तक सीमित नहीं रहे. उन्होंने हाल ही में Meta के दूसरे प्लेटफॉर्म्स पर भी निशाना साधा है. उनकी और Mark Zuckerberg की प्रतिद्वंद्विता किसी से छिपी नहीं है.
कुछ समय पहले मस्क ने WhatsApp को लेकर भी सवाल उठाए थे. उन्होंने कहा था कि 'WhatsApp पर भरोसा नहीं किया जा सकता.' साथ ही उन्होंने लोगों को ऑडियो और वीडियो कॉलिंग के लिए X इस्तेमाल करने की सलाह दी थी.
वहीं, कई एक्सपर्ट्स का मानना है कि इंस्टाग्राम पर दिया गया यह बयान सिर्फ मजाक या निजी राय नहीं था, बल्कि X को प्रमोट करने की रणनीति भी हो सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं