विज्ञापन

Iran US Peace Deal: दोस्त-दोस्त न रहा... ईरान मामले पर ट्रंप ने नेतन्याहू को किया साइडलाइन, रिपोर्ट में दावा

कहा जा रहा है कि नेतन्याहू पहले ईरान मामले में ट्रंप के 'को-पायलट' थे लेकिन अब इस सफर में महज साथी मुसाफिर भर रह गए हैं.

Iran US Peace Deal: दोस्त-दोस्त न रहा... ईरान मामले पर ट्रंप ने नेतन्याहू को किया साइडलाइन, रिपोर्ट में दावा
ईरान को लेकर अमेरिकी फैसलों पर अब नेतन्याहू का कोई नियंत्रण नहीं रह गया है. (फाइल फोटो))

ईरान के मुद्दे पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है. एक तरफ जहां ट्रंप और ईरान के बीच पर्दे के पीछे बड़ी बातचीत चल रही है, वहीं इजरायल को इस पूरी प्रक्रिया से बिल्कुल अलग-थलग यानी 'साइडलाइन' कर दिया गया है. हालात यह हैं कि इजरायल को अपने सबसे बड़े मददगार अमेरिका के फैसलों की भनक तक नहीं लग रही है और उसे जानकारी जुटाने के लिए खुफिया रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है.

'द न्यूयॉर्क टाइम्स' (NYT) की एक ताजा रिपोर्ट में दो इजरायली रक्षा अधिकारियों के हवाले से यह सनसनीखेज दावा किया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच चल रही शांति वार्ता से इजरायल लगभग पूरी तरह से बाहर है. अमेरिकी राष्ट्रपति के इस रुख से इजरायली खेमे में भारी बेचैनी है.

खुफिया रास्तों से जानकारी जुटा रहा इजरायल

रिपोर्ट में कहा गया है कि ईरान को लेकर अमेरिकी फैसलों पर अब नेतन्याहू का कोई नियंत्रण नहीं रह गया है. बातचीत से बाहर किए जाने के बाद, इजरायल को अमेरिका-ईरान शांति वार्ता की भनक पाने के लिए दूसरे घुमावदार रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है.

इजरायल अब अन्य राजनयिक संपर्कों और ईरान के भीतर मौजूद अपने खुफिया सूत्रों के जरिए यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि ट्रंप और ईरान के बीच अंदरखाने क्या पक रहा है.

ट्रंप के फोन कॉल से उड़े नेतन्याहू के होश

इस खुलासे से पहले अमेरिकी न्यूज वेबसाइट 'एक्सियोस' ने भी अपनी एक रिपोर्ट में दोनों नेताओं के बीच तनाव का जिक्र किया था. एक्सियोस ने एक अमेरिकी सूत्र के हवाले से बताया था कि ट्रंप के साथ फोन पर हुई बातचीत के बाद प्रधानमंत्री नेतन्याहू के होश उड़ गए थे.

दरअसल, ट्रंप ने नेतन्याहू को फोन करके एक 'लेटर ऑफ इंटेंट' (सहमति पत्र) पर चर्चा की थी. यह पत्र मध्यस्थों द्वारा तैयार किया जा रहा है. इसका मकसद तनाव को खत्म करना और एक महीने के लिए बातचीत का रास्ता खोलना है.

'नेतन्याहू वही करेंगे, जो मैं चाहूंगा' - ट्रंप

इन तमाम चर्चाओं के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पत्रकारों से बात करते हुए नेतन्याहू को लेकर एक बड़ा बयान दिया है. ट्रंप ने कहा, "नेतन्याहू एक बहुत अच्छे इंसान हैं और वह वही करेंगे, जो मैं उनसे कराना चाहूंगा."

इसके साथ ही ट्रंप ने अमेरिका-ईरान वार्ता पर कहा कि यह बातचीत इस समय युद्ध और शांति के बिल्कुल मुहाने पर खड़ी है. उन्होंने सीधे शब्दों में चेतावनी दी कि अगर बात नहीं बनी, तो हालात बिगड़ भी सकते हैं.

यह भी पढ़ें: ईरान से डील का ऐलान जल्द, होर्मुज भी खुलेगा-ट्रंप का बड़ा दावा

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com