- अमेरिका के न्याय विभाग ने कैलिफोर्निया में चुनाव धोखाधड़ी के आरोप में 28 ग्रीन कार्ड धारकों पर मामला दर्ज
- आरोपियों में दो भारतीय नागरिक अमनदीप कौर और कमलेश शाह शामिल हैं जिन्होंने धोखाधड़ी से वोट डाला है
- ग्रीन कार्ड धारकों के लिए अमेरिकी चुनावों में वोट डालना गैरकानूनी है, इसके लिए 5 साल तक की जेल हो सकती है
अमेरिका में चुनावी धांधली में 2 भारतीयों का नाम आया है. अमेरिका के न्याय विभाग ने सोमवार, 19 अक्टूबर को एक बयान में बताया कि कैलिफोर्निया में चुनाव धोखाधड़ी के आरोप में 28 ग्रीन कार्ड धारकों पर मामला दर्ज किया गया है, जिनमें दो भारतीय नागरिक भी शामिल हैं. न्याय विभाग के अनुसार 30 साल के अमनदीप कौर और 67 साल के कमलेश शाह पर आरोप है कि उन्होंने धोखाधड़ी करके खुद को मतदाता के रूप में रजिस्टर कराया और नवंबर 2024 के अमेरिकी चुनावों में अपना वोट डाला.
28 में से 11 गिरफ्तार
न्याय विभाग की ओर से बताया गया है कि चुनाव में धोखाधड़ी के आरोपी इन 28 लोगों में से 11 को कैलिफोर्निया भर में तड़के की गई छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किया गया है. यह कार्रवाई 'ऑपरेशन प्रोटेक्ट द वोट' के तहत की गई, जिसका मकसद अमेरिकी चुनावों में धोखाधड़ी को रोकना, उसे जड़ से खत्म करना और चुनावी निष्पक्षता बनाए रखना है. न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि गिरफ्तार किए गए लोगों में वे दो भारतीय नागरिक शामिल हैं या नहीं.
ग्रीन कार्ड लेकर वोट डालना गलत क्यों?
न्याय विभाग ने कहा कि आरोपी बनाए गए सभी 28 विदेशी नागरिक 'ग्रीन कार्ड' होल्डर हैं. भले इनके पास अमेरिका में कानूनी आव्रजन (इमिग्रेशन) दर्जा होता है, लेकिन वे अमेरिकी नागरिक नहीं हैं और उन्हें अमेरिकी चुनावों में वोट डालने की अनुमति नहीं है. इन आपराधिक आरोपों में नागरिकता के लिए आवेदन करते समय झूठे बयान देना शामिल है. कुछ आरोपियों पर धोखाधड़ी से वोटर लिस्ट में नाम शामिल कराने का भी आरोप है. ये दोनों ही गंभीर अपराध हैं, जिनके लिए संघीय जेल में अधिकतम पांच साल की सजा हो सकती है.
लॉस एंजिल्स में पत्रकारों से बात करते हुए, कार्यवाहक डिप्टी अटॉर्नी जनरल ट्रेंट मैककटर ने कहा, "आज जिन 28 लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, वे उन 20,000 से अधिक लोगों की सूची में शामिल हैं, जिनके बारे में माना जा रहा है कि वे अमेरिकी नागरिक नहीं हैं. हमने पिछले हफ्ते ही यह लिस्ट कैलिफोर्निया के चुनाव अधिकारियों को सौंपी थी."
सोमवार से पहले, न्याय विभाग ने इस साल अब तक चुनाव से जुड़ी विभिन्न गड़बड़ियों के लिए लगभग 90 लोगों पर आरोप लगाए थे. इनमें वे 50 लोग भी शामिल हैं, जिन पर आरोप है कि उन्होंने अमेरिकी नागरिक न होते हुए भी वोट डाला था. बता दें कि 2024 के राष्ट्रपति चुनाव के दौरान अमेरिका में 22.7 करोड़ से अधिक पंजीकृत मतदाता थे.
यह भी पढ़ें: 'पेरिस बहुत जल्द एक मुस्लिम शहर बन जाएगा', ट्रंप ने फ्रांस में लगी आग पर दिया बड़ा बयान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं