- पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मलिक शंघाई सहयोग संगठन के कार्यक्रम में शामिल होने दिल्ली आए हैं
- भारत सरकार ने मुसादिक मलिक को ताजमहल और निजामुद्दीन दरगाह जाने की अनुमति नहीं दी है
- दिल्ली के पुराना किला में 20 से 22 नवंबर तक पहला SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम आयोजित किया जा रहा है
पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मलिक इन दिनों दिल्ली में हैं और उनकी भारत यात्रा को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. वह शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के एक कार्यक्रम में शामिल होने आए हैं. इस बीच खबर है कि उन्होंने भारत में ताजमहल और निजामुद्दीन दरगाह जाने की इच्छा जताई थी, लेकिन केंद्र सरकार ने इसकी अनुमति नहीं दी. भारत ने साफ कर दिया है कि पाकिस्तानी मंत्री को केवल SCO के कार्यक्रम में शामिल होने की इजाजत है. इसके अलावा वह किसी दूसरे स्थान पर नहीं जा सकेंगे.
ताजमहल और निजामुद्दीन दरगाह जाने की थी इच्छा
NDTV को सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक ने अपनी भारत यात्रा के दौरान आगरा के ताजमहल और दिल्ली की निजामुद्दीन दरगाह जाने की अनुमति मांगी थी. हालांकि भारत सरकार ने इन दोनों जगहों पर जाने की मंजूरी देने से इनकार कर दिया. उन्हें बताया गया है कि उनकी यात्रा का उद्देश्य केवल SCO बैठक में हिस्सा लेना है और इसके अलावा किसी दूसरी गतिविधि की अनुमति नहीं होगी.
दरअसल, दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में 20 से 22 नवंबर तक पहला SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम आयोजित किया जा रहा है. इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुसादिक मलिक भारत पहुंचे हैं.
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार भारत आया पाकिस्तानी नेता
मुसादिक मलिक की यह यात्रा कई मायनों में अहम मानी जा रही है. साल 2023 में गोवा में आयोजित SCO बैठक में बिलावल भुट्टो जरदारी के शामिल होने के बाद यह पहली बार है जब पाकिस्तान का कोई संघीय मंत्री भारत आया है. वहीं मई 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की ओर से चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद किसी पाकिस्तानी नेता की यह पहली भारत यात्रा है.
भारत ने 28 अक्टूबर को घोषणा की थी कि SCO के सभी सदस्य देशों को इस बैठक में शामिल होने का न्योता दिया गया है. इसमें पाकिस्तान भी शामिल था. इसके बाद पाकिस्तान सरकार ने मुसादिक मलिक की भागीदारी की पुष्टि की थी. पाकिस्तान सरकार ने कहा था कि वह आपसी सम्मान के साथ सभ्यताओं के बीच बातचीत और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है.
विपक्ष ने सरकार से पूछा- पाकिस्तान को न्योता क्यों दिया?
पाकिस्तानी मंत्री को भारत बुलाने के फैसले पर विपक्ष ने केंद्र सरकार को घेरा है. विपक्षी दलों का सवाल है कि पहलगाम हमले के बाद ऐसा क्या बदल गया कि पाकिस्तान के प्रति सरकार की नीति में बदलाव दिखाई दे रहा है. विपक्ष ने मुसादिक मलिक के उन बयानों का भी जिक्र किया है, जिनमें उन्होंने पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि को निलंबित करने के भारत के फैसले पर तीखी टिप्पणियां की थीं.
क्या है SCO और इसमें पाकिस्तान की भूमिका?
शंघाई सहयोग संगठन की स्थापना साल 2001 में शंघाई में हुई थी. शुरुआत में इसमें रूस, चीन, किर्गिस्तान, कजाकिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान शामिल थे. भारत और पाकिस्तान 2017 में इसके स्थायी सदस्य बने जबकि ईरान को 2023 में सदस्यता मिली.
अक्टूबर 2024 में पाकिस्तान ने SCO के सदस्य देशों की सरकारों के प्रमुखों की बैठक की मेजबानी की थी. इसमें भारत की ओर से विदेश मंत्री एस. जयशंकर शामिल हुए थे. वहीं पिछले महीने भारत ने अगले SCO राष्ट्राध्यक्षों की बैठक की तैयारी के लिए अपने राष्ट्रीय समन्वयक आलोक डिमरी को इस्लामाबाद भेजा था. ऐसे में मुसादिक मलिक की भारत यात्रा के साथ सुरक्षा और कूटनीति दोनों मोर्चों पर नजर रखी जा रही है.
यह भी पढ़ें | पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मिनीबस और टैंकर की टक्कर में नौ लोगों की मौत, 11 अन्य घायल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं