विज्ञापन

कूनो में गूंजी किलकारी: बोत्सवाना की चीता KOMG-3 ने दिए 4 शावकों को जन्म, भारत में 62 हुई चीतों की संख्या

मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में बोत्सवाना की मादा चीता KOMG-3 ने चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है. यह प्रोजेक्ट चीता के तहत जंगल में दर्ज दूसरा वाइल्ड बर्थ है. इसके साथ ही भारत में चीतों की संख्या बढ़कर 62 हो गई है.

कूनो में गूंजी किलकारी: बोत्सवाना की चीता KOMG-3 ने दिए 4 शावकों को जन्म, भारत में  62 हुई चीतों की संख्या
कूनो नेशनल पार्क में बोत्सवाना से लाई गई मादा चीता KOMG-3 ने जंगल में चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया
@byadavbjp

मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में बोत्सवाना से लाई गई मादा चीता KOMG-3 ने जंगल में चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है. यह भारत में किसी बोत्सवाना मूल की मादा चीता का पहला सफल प्रसव है. इसके साथ ही देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 62 हो गई है, जिनमें 43 भारत में जन्मे चीते शामिल हैं. एक्सपर्ट्स इसे प्रोजेक्ट चीता की बड़ी सफलता और भारत में चीतों की स्थायी आबादी बसाने की दिशा में अहम उपलब्धि मान रहे हैं.

बोत्सवाना की मादा चीता पहली बार बनी मां

करीब ढाई साल की मादा चीता KOMG-3 ने कूनो नेशनल पार्क में चार शावकों को जन्म दिया. खास बात यह है कि भारत लाई गई बोत्सवाना की किसी मादा चीता का यह पहला सफल प्रसव है. केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने इस उपलब्धि को प्रोजेक्ट चीता के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया. KOMG-3 पिछले चार महीने से अधिक समय से खुले जंगल में रह रही थी. शावकों का जन्म पूरी तरह प्राकृतिक माहौल में हुआ है, जिसे वन्यजीव विशेषज्ञ बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं. किसी भी वन्यजीव पुनर्वास परियोजना की सफलता का सबसे बड़ा संकेत तब माना जाता है, जब छोड़े गए जानवर जंगल में स्वाभाविक रूप से प्रजनन करने लगें.

प्रोजेक्ट चीता में दूसरा वाइल्ड बर्थ रिकॉर्ड

सितंबर 2022 में शुरू हुए प्रोजेक्ट चीता के बाद जंगल में दर्ज यह दूसरा वाइल्ड बर्थ है. इससे पहले भी कूनो में चीतों के शावकों का जन्म हुआ था, लेकिन खुले जंगल में सफल प्रजनन के मामले अभी कम हैं. ऐसे में KOMG-3 का मां बनना परियोजना के लिए अच्छा संकेत माना जा रहा है. चार नए शावकों के जन्म के बाद भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 62 हो गई है. इनमें 43 चीते भारत में जन्मे हैं. यह आंकड़ा दिखाता है कि अफ्रीका से लाए गए चीते धीरे-धीरे भारतीय परिस्थितियों में खुद को ढाल रहे हैं.

क्या है प्रोजेक्ट चीता?

भारत में चीते को 1952 में आधिकारिक तौर पर विलुप्त घोषित कर दिया गया था. इसके करीब 70 साल बाद सितंबर 2022 में नामीबिया से आठ चीतों को कूनो नेशनल पार्क लाकर प्रोजेक्ट चीता की शुरुआत की गई. बाद में दक्षिण अफ्रीका और बोत्सवाना से भी चीते लाए गए. इस परियोजना का उद्देश्य भारत में चीतों की एक ऐसी आबादी तैयार करना है, जो भविष्य में अपने दम पर जीवित रह सके और बढ़ सके.प्रोजेक्ट चीता को दुनिया की सबसे महत्वाकांक्षी वन्यजीव पुनर्वास योजनाओं में गिना जाता है, क्योंकि यह पहली बार है जब किसी बड़े मांसाहारी वन्यजीव को एक महाद्वीप से दूसरे महाद्वीप में लाकर फिर से बसाने की कोशिश की गई है.
ये भी पढ़ें; मिशन टाइगर के बाद भारत में प्रोजेक्ट चीता को बड़ी कामयाबी, श्योपुर के कूनो में मादा चीता KGP 21 ने 5 शावकों को दिया जन्म, परिवार में अब 60  

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kuno National Park, Project Cheetah, India Cheetah Population, Madhya Pradesh News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com