विज्ञापन

दुबई: हाईवे पर खड़ी ट्रक से टकराई तेज रफ्तार मिनीबस, 7 भारतीय श्रमिकों की मौत

दुबई पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि ट्रक तकनीकी खराबी के कारण अचानक सड़क के बीच में रुक गया था. फिर मिनीबस बेकाबू हो गई और टक्कर मार दी.

दुबई: हाईवे पर खड़ी ट्रक से टकराई तेज रफ्तार मिनीबस, 7 भारतीय श्रमिकों की मौत
हादसे की सूचना मिलते ही दुबई में भारतीय मिशन के अधिकारी तुरंत अस्पताल पहुंचे.

दुबई के एक हाईवे पर मिनीबस और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में सात भारतीय श्रमिकों की मौत हो गई. जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक व्यस्त सड़क के बीचों-बीच तकनीकी खराबी के कारण रुके हुए ट्रक में पीछे से आ रही तेज रफ्तार मिनीबस ने जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे की पुष्टि खुद दुबई पुलिस और भारतीय वाणिज्य दूतावास ने की है.

दुबई में मौजूद भारतीय दूतावास ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है. दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा, "दुबई में हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे से हमें गहरा दुख पहुंचा है, जिसमें कई भारतीय श्रमिकों ने अपनी जान गंवा दी." दूतावास ने आगे बताया कि वे स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं और प्रभावितों को हर संभव सहायता और सहयोग देने के लिए जमीन पर काम कर रहे हैं.

कैसे हुआ यह भीषण हादसा?

दुबई पुलिस के ट्रैफिक विभाग के महानिदेशक, ब्रिगेडियर जुमा सालेम बिन सुवैदान ने हादसे की शुरुआती जांच के हवाले से बताया कि यह दुर्घटना 'अमीरात रोड' पर हुई. दरअसल, एक बड़े ट्रक में अचानक कोई तकनीकी खराबी आ गई थी. इसकी वजह से चालक को उसे सड़क के बीच में ही रोकना पड़ा. इसी दौरान पीछे से आ रही श्रमिकों से भरी मिनीबस के ड्राइवर ने ध्यान नहीं दिया और न ही सुरक्षित दूरी बनाए रखी, जिसके कारण बस सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी.

टक्कर इतनी जोरदार थी कि मिनीबस के परखच्चे उड़ गए. ब्रिगेडियर जुमा सालेम ने बताया, "इस भयावह दुर्घटना में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हुए हैं. घायलों में से पांच की हालत बेहद नाजुक (गंभीर) बनी हुई है, वहीं चार अन्य को मध्यम चोटें आई हैं. हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है."

घायलों से मिले भारतीय अधिकारी

हादसे की सूचना मिलते ही दुबई में भारतीय मिशन के अधिकारी तुरंत अस्पताल पहुंचे. उन्होंने वहां भर्ती घायल भारतीय नागरिकों से मुलाकात की और डॉक्टरों से उनके इलाज की जानकारी ली. भारतीय दूतावास ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, "इस बेहद मुश्किल समय में हमारी गहरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं."

दूसरी तरफ, दुबई पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. ब्रिगेडियर जुमा सालेम ने कहा कि ट्रैफिक दुर्घटना जांच अनुभाग के विशेषज्ञों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया है, ताकि वे बारीकी से सबूत जुटा सकें और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगा सकें.

यह भी पढ़ें: इंटरनेट पर चल रहा खतरनाक खेल... पैसे देकर कुछ भी करवा रहे लोग, कुछ ने तो हद ही पार कर दी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com