सिल्वर स्क्रीन पर अपनी दमदार एक्टिंग से दिल जीतने वाले आर माधवन इन दिनों दुबई में एक शांत और खुशहाल जिंदगी बिता रहे हैं. उनके 56वें जन्मदिन पर हाल ही में पत्नी सरिता बिरजे ने एक ऐसा वीडियो शेयर किया जिसने फैंस को उनकी ग्लैमरस नहीं बल्कि बेहद सादगी भरी लाइफ की झलक दिखा दी. वीडियो में कहीं माधवन बाइक राइड का मजा लेते नजर आए तो कहीं परिवार के साथ हंसते-मुस्कुराते दिखाई दिए. इस वीडियो ने साबित कर दिया कि स्टारडम से दूर भी माधवन अपनी जिंदगी को पूरी तरह एन्जॉय कर रहे हैं.
दुबई में बस गया है माधवन का परिवार
पिछले कुछ सालों से माधवन अपने परिवार के साथ दुबई में रह रहे हैं. इसके पीछे सबसे बड़ी वजह उनके बेटे वेदांत माधवन का करियर है. वेदांत एक शानदार स्विमर हैं और उनकी ट्रेनिंग व तैयारी को ध्यान में रखते हुए परिवार ने दुबई में रहने का फैसला किया. खास बात ये है कि नए शहर और नई जिंदगी के बावजूद माधवन अपने काम और परिवार दोनों को बराबर समय दे रहे हैं.
वीडियो में दिखी माधवन की असली दुनिया
सरिता के शेयर किए गए वीडियो में माधवन की जिंदगी के कई खूबसूरत पल देखने को मिले. वीडियो की शुरुआत फैमिली डिनर से होती है. इसके बाद कपल को दुबई की सड़कों पर साथ घूमते हुए देखा जा सकता है. एक सीन में माधवन बाइक चलाते हुए कैमरे की तरफ देखकर मुस्कुराते नजर आते हैं. वहीं दूसरे वीडियो में वो अपने पालतू कुत्ते के साथ आराम फरमाते दिखाई देते हैं. गोल्फ खेलने से लेकर परिवार के साथ समय बिताने तक वीडियो में उनकी पूरी दुनिया समाई हुई नजर आती है.
पत्नी ने लुटाया प्यार
जन्मदिन के मौके पर सरिता ने माधवन के लिए दिल छू लेने वाला संदेश भी लिखा. उन्होंने उन्हें एक शानदार पति, बेहतरीन पिता और परिवार की ताकत बताया. सरिता ने लिखा कि परिवार को माधवन की मेहनत, समर्पण और अचीवमेंट्स पर गर्व है. साथ ही उन्होंने उनके लिए ढेर सारी खुशियों और सफलता की कामना की.
किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है लव स्टोरी
माधवन और सरिता की लव स्टोरी भी काफी दिलचस्प है. दोनों की पहली मुलाकात 90 के दशक में हुई थी, जब सरिता ने माधवन की पब्लिक स्पीकिंग और पर्सनालिटी डेवलपमेंट क्लास जॉइन की थी. दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और कुछ सालों तक डेट करने के बाद दोनों ने 6 जून 1999 को शादी कर ली. आज भी दोनों की केमिस्ट्री फैंस को कपल गोल्स देती नजर आती है.
यह भी पढ़ें: सुष्मिता सेन से रिश्ते पर ललित मोदी ने तोड़ी चुप्पी, वायरल फोटो को बताया "जल्दबाजी में लिया गया फैसला"
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं