Donald Trump Security Breached: एक बार फिर अमेरिका में राष्ट्रपति की पूरी सुरक्षा पर सवाल उठ गया है. अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस के पास अचानक गोलियों की आवाज गूंज उठी और इलाके में अफरा-तफरी मच गई. वजह थी कि एक हथियारबंद व्यक्ति यहां पहुंच गया था जिसने सीक्रेट सर्विस एजेंट्स पर गोलियां चलाईं और जवाब में उसे गोली मार दी गई, सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सतर्क हो गईं. बड़ी बात यह थी कि घटना उस समय हुई जब उपराष्ट्रपति का काफिला अभी-अभी वहां से गुजरा था. अभी कुछ दिन पहले ही एक इवेंट में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर जानलेवा हमले की कोशिश हुई थी (दो साल में तीसरी ऐसी कोशिश). फिर सवाल उठने लगे हैं कि क्या यह हमला किसी बड़े नेता को निशाना बनाने के लिए था या सिर्फ एक संदिग्ध गतिविधि? इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं और जांच एजेंसियां अब हर पहलू को ध्यान से खंगाल रही हैं.
आखिर हुआ क्या?
न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास, व्हाइट हाउस के पास एक हथियारबंद आदमी को यूएस सीक्रेट सर्विस (यूएसएसएस) के एजेंट्स ने गोली मार दी. अधिकारियों ने बताया कि यह घटना सोमवार को वॉशिंगटन शहर के बीचों-बीच हुई. इस वजह से कुछ समय के लिए पास में मौजूद व्हाइट हाउस को बंद (लॉकडाउन) कर दिया गया.
यूएस सीक्रेट सर्विस के डिप्टी डायरेक्टर मैथ्यू क्विन ने बताया कि यह गोलीबारी नेशनल मॉल के पास हुई. यह घटना उस समय हुई जब उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का काफिला वहां से गुजर चुका था. क्विन ने पत्रकारों से कहा कि उन्हें नहीं लगता कि उपराष्ट्रपति इस हमले का निशाना थे. उन्होंने यह भी कहा कि वे यह नहीं बता सकते कि इसका संबंध राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हाल ही में हुए हमलों की कोशिशों से है या नहीं.
सीक्रेट सर्विस एजेंट्स ने जवाब में गोली चलाई और उस संदिग्ध व्यक्ति को घायल कर दिया. उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी हालत के बारे में तुरंत कोई जानकारी नहीं मिली. क्विन ने बताया कि इस घटना में एक आम नागरिक, जो कि एक नाबालिग था, हल्का घायल हुआ. यह घटना उस समय हुई है जब एक हफ्ते पहले ही वॉशिंगटन के एक होटल में, जहां डोनाल्ड ट्रंप एक कार्यक्रम में शामिल हो रहे थे, एक बंदूकधारी ने सुरक्षा तोड़ने की कोशिश की थी.
31 साल के कोल एलेन पर राष्ट्रपति की हत्या की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं