दुनिया की दिग्गज चिप कंपनी Nvidia की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. अमेरिका के कैलिफोर्निया में कंपनी के खिलाफ जांच शुरू की गई है. राज्य के अटॉर्नी जनरल रॉब बोंटा ने Nvidia को समन जारी किया है. जांच में ये पता लगाने की कोशिश होगी कि क्या कंपनी की एडवांस चिप या गोपनीय जानकारी चीन तक पहुंची थी? क्या कंपनी ने इस तरह के जोखिमों के बारे में अपने निवेशकों और आम लोगों को सही जानकारी दी थी?
शुरुआत में ऐसी खबरें सामने आई थीं कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इस मामले की जानकारी पहले से थी. मामला पब्लिक में आने के बाद ट्रंप, nVIDIA के CEO का बचाव करते भी दिखे थे. कंपनी ने इस मामले में आंतरिक जांच शुरू की थी, जबकि प्रशासनिक स्तर से भी जांच हो रही थी.
अब कैलिफोर्निया के न्याय विभाग के मुताबिक, समन के जरिए जुटाई गई जानकारी से ये आकलन किया जाएगा कि Nvidia की गतिविधियों से राज्य के कानून का उल्लंघन तो नहीं हुआ है. जांच में कंपनी के साथ उसके पूर्व CEO जेन्सेन हुआंग की भूमिका भी देखी जाएगी.
हालांकि, अभी तक ये साबित नहीं हुआ है कि Nvidia की तकनीक या गोपनीय जानकारी गैरकानूनी तरीके से चीन पहुंचाई गई थी या कंपनी जासूसी में शामिल थी.
चीन तक संवेदनशील तकनीक पहुंचने की आशंका
कैलिफोर्निया के अटॉर्नी जनरल रॉब बोंटा ने कहा है कि जांच में Nvidia और जेन्सेन हुआंग, दोनों के आचरण की पड़ताल होगी. इसमें ये भी देखा जाएगा कि क्या उनके किसी कदम से चीन को संवेदनशील तकनीक या जानकारी हासिल करने में मदद मिली.
बोंटा ने कहा, 'कंपनियां अपने निवेशकों को गुमराह नहीं कर सकतीं.' उन्होंने निवेशकों के हितों की रक्षा को जांच का मुख्य आधार बताया है.
यह भी पढ़ें | nVIDIA के दरवाजे जेनसन हुआंग के लिए बंद! ट्रंप की सिफारिश भी फेल, मस्क का समर्थन भी... कंपनी ने क्या कहा?
कैलिफोर्निया अटॉर्नी जनरल का कार्यालय इस जांच को उन खबरों से भी जोड़ रहा है, जिनमें हुआंग के एक ऐसे व्यक्ति से संबंधों की बात कही गई थी, जिस पर चीनी खुफिया एजेंट होने का संदेह है.
Nvidia ने पहले ही स्वतंत्र जांच कराने की घोषणा की थी
Nvidia ने इससे पहले उन खबरों के सामने आने के बाद स्वतंत्र जांच कराने की घोषणा की थी, जिनमें कहा गया था कि जेन्सेन हुआंग को एक विदेशी खुफिया अभियान के जरिए निशाना बनाया गया था.
8 नवंबर को जारी बयान में कंपनी के बोर्ड ने कहा था कि उस समय उसके पास ऐसा मानने का कोई कारण नहीं था कि राष्ट्रीय सुरक्षा या कंपनी के व्यापारिक रहस्यों से समझौता हुआ है. हालांकि, बोर्ड ने उपलब्ध जानकारी की स्वतंत्र जांच कराने की बात कही थी.
इसके लिए स्वतंत्र निदेशकों की एक समिति बनाई गई थी. ये समिति बाहरी स्वतंत्र कानूनी सलाहकारों की मदद से जांच की निगरानी करने वाली थी. कंपनी के मुताबिक, हुआंग ने भी जांच में सहयोग करने की प्रतिबद्धता जताई थी.
ध्यान देने वाली बात है कि कंपनी का ये बयान कैलिफोर्निया की ओर से समन जारी किए जाने से पहले आया था. दोनों घटनाओं को एक ही जांच या कार्रवाई का हिस्सा नहीं माना जाना चाहिए.
जेन्सेन हुआंग ने छोड़ा CEO पद, CFO को मिली अंतरिम जिम्मेदारी
इस पूरे घटनाक्रम के बीच Nvidia के नेतृत्व में भी बदलाव हुआ है. SEC में दाखिल दस्तावेज के मुताबिक, कंपनी के बोर्ड ने 11 नवंबर को जेन्सेन हुआंग का अध्यक्ष, CEO और निदेशक पद से दिया गया इस्तीफा स्वीकार कर लिया था. ये फैसला तत्काल प्रभाव से लागू हुआ.
कंपनी की मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO नियुक्त किया गया है. हालांकि, वो वित्त संबंधी अपनी जिम्मेदारियां भी संभालती रहेंगी. वहीं, हार्वे सी. जोन्स को बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया है.
इस तरह Nvidia एक तरफ चीन से जुड़े संवेदनशील तकनीकी और सुरक्षा संबंधी सवालों की जांच का सामना कर रही है, वहीं दूसरी तरफ कंपनी के शीर्ष नेतृत्व में भी बदलाव हुआ है.
निवेशकों के लिए क्यों अहम है ये मामला?
Nvidia दुनिया की प्रमुख AI चिप निर्माता कंपनियों में शामिल है. ऐसे में कंपनी से जुड़ी जांच और नेतृत्व में बदलाव निवेशकों के लिए अहम घटनाक्रम हैं. जांच का एक महत्वपूर्ण पहलू ये है कि क्या कंपनी ने अपने निवेशकों को चीन से जुड़े संभावित जोखिमों के बारे में पर्याप्त जानकारी दी थी. अगर जांच में किसी तरह की गड़बड़ी सामने आती है, तो उसका असर कंपनी की कानूनी स्थिति और निवेशकों के भरोसे पर पड़ सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं