विज्ञापन

उत्तराखंड मौसम का यू-टर्न: अगले 48 घंटे में 7 जिलों में बारिश-ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड में अगले 48 घंटे में मौसम में बड़ा बदलाव होने जा रहा है. 7 जिलों में बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इससे भीषण गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन चारधाम यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

उत्तराखंड मौसम का यू-टर्न: अगले 48 घंटे में 7 जिलों में बारिश-ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड के हल्द्वानी ज़िले में शाम की बारिश से भीगी सड़क. (फाइल फोटो )
ians

उत्तराखंड में अगले दो दिन मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है. पिछले एक हफ्ते से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलने की संभावना है. उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 11 और 12 जून को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है. इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 48 घंटे के लिए सात जिलों देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, उधम सिंह नगर और चंपावत में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है. वहीं, 11 जून से 16 जून तक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है.

गर्मी से मिलेगी राहत

पिछले एक सप्ताह से प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तेज गर्मी पड़ रही थी. हालांकि बीच-बीच में हल्की बारिश हुई, लेकिन बढ़े हुए तापमान (3 से 4 डिग्री अधिक) के कारण लोगों को अधिक गर्मी का एहसास हो रहा था. अब मौसम में बदलाव से राहत मिलने की उम्मीद है. 1 जून से 10 जून के बीच प्रदेश में औसतन 15% कम बारिश दर्ज की गई है.

10 जून शाम से बदलेगा मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सी.एस. तोमर के अनुसार, 10 जून की शाम से ही राज्य के कई इलाकों में मौसम बदलना शुरू हो जाएगा. 11 और 12 जून को कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है.

चारधाम यात्रियों के लिए चेतावनी

निदेशक सी.एस. तोमर ने बताया कि 20 से 25 जून के बीच उत्तराखंड में मानसून दस्तक दे सकता है. उन्होंने चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को सलाह दी है कि यात्रा से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें, क्योंकि खराब मौसम के दौरान तेज हवाएं, ओलावृष्टि और बारिश के कारण पहाड़ों में भूस्खलन, पत्थर गिरने और पेड़ गिरने का खतरा बढ़ जाता है. ऐसे में सतर्क रहना आवश्यक है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uttarakhand,  weather News, Mosam News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com