Bihar News: बिहार के जमुई जिले से एक ऐसी प्रेम कहानी सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है. यह मामला एक रॉन्ग नंबर कॉल से शुरू हुआ और देखते ही देखते धर्म परिवर्तन और विवाह तक जा पहुंचा. जानकारी के अनुसार, यह मामला खैरा थाना क्षेत्र के खडूई बरियारपुर गांव का है. यहां 36 साल की बिंदु देवी को कुछ दिन पहले एक रॉन्ग नंबर से कॉल आया था. यह कॉल 19 साल के महावीर ठाकुर का था . इसके बाद शुरुआत में हुई सामान्य बातचीत धीरे-धीरे गहरे प्यार में बदल गई और महावीर और बिंदु ने साथ जीने-मरने का फैसला कर लिया.
अतीत को छोड़कर नया जीवन
बिंदु देवी की कहानी काफी दिलचस्प है. उन्होंने दस साल पहले मनन आलम से प्रेम विवाह किया था, जिसके लिए उन्होंने अपना धर्म बदलकर सीमा परवीन नाम अपना लिया था. उस शादी से महिला को पांच बच्चे हैं.

पांच बच्चों की मां और प्रेमी महावीर ठाकुर
महिला का आरोप है कि पहले पति के साथ उनका जीवन प्रताड़ना और मानसिक तनाव से भरा था. इन परेशानियों से तंग आकर उन्होंने नया रास्ता चुना. महावीर के साथ कोलकाता जाकर उन्होंने हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया और फिर से अपना पुराना नाम बिंदु देवी अपना लिया.
'अतीत से कोई फर्क नहीं पड़ता'
घटना पर प्रेमी महावीर ठाकुर का कहना है कि "करीब दो साल पहले मिस कॉल के जरिए बातचीत शुरू हुई थी. धीरे-धीरे हम दोनों एक-दूसरे से प्रेम करने लगे. मैं उनके अतीत से कोई फर्क नहीं पड़ता और जीवनभर उनके साथ रहना चाहता हूं." वहीं बिंदु देवी ने बताया कि "मैं अपने पहले वैवाहिक जीवन से खुश नहीं थी. प्रताड़ना और मानसिक तनाव के बीच मैंने अपनी इच्छा से नया जीवन शुरू करने का फैसला किया है और अब महावीर के साथ रहना चाहती हूं."
पुलिस ने दी इजाजत
जब यह मामला सामने आया तो गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया. ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने दोनों को थाने बुलाया. थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह ने बताया कि दोनों बालिग हैं. पूछताछ में महिला ने स्पष्ट किया कि उन्होंने अपनी मर्जी से यह फैसला लिया है और महावीर के साथ खुश हैं. किसी भी तरह का दबाव न होने की पुष्टि के बाद पुलिस ने दोनों को साथ जाने की अनुमति दे दी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं