- रक्षाबंधन से ठीक पहले भाई ने की दो बहनों की हत्या
- गोली लगने से जीजा की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती
- पुलिस ने आरोपी भाई को किया गिरफ्तार
रुड़की: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में रक्षाबंधन के त्योहार से ठीक पहले एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. रुड़की के गंगनहर क्षेत्र में मंगलवार रात एक व्यक्ति ने अपनी दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी. इस वारदात में एक बहन का पति भी गोली लगने से घायल हुआ है. वारदात के बाद आरोपी भाई फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
पहली घटना गणेशपुर की प्रीत विहार कॉलोनी में हुई, जहां 50 वर्षीय शकुंतला को गोली मारी गई. इसके बाद आजाद नगर में 48 वर्षीय पुष्पा को भी गोली मार दी गई. लगातार दो बहनों की हत्या की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी विवेक कुमार मंगलवार रात सबसे पहले अपनी एक बहन शकुंतला के घर पहुंचा और उसे गोली मार दी. इसके बाद वह अपनी दूसरी बहन पुष्पा के घर गया, जहां उसने पुष्पा और उसके पति पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. गोली लगने से दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल जीजा को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.

आरोपी फरार, पुलिस कर रही जांच
इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी विवेक कुमार मौके से फरार हो गया था. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थलों का निरीक्षण किया. बुधवार सुबह पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया. एसपी देहात शेखर चंद सुयाल के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में भाई द्वारा दोनों बहनों को गोली मारे जाने की बात सामने आई है.
रक्षाबंधन से ठीक पहले हुई इस वारदात ने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को झकझोर कर रख दिया है. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ करेगी, जिसके बाद हत्या के कारणों का पता चल सकेगा.
यह भी पढ़ें- कातिल पकड़ा गया लेकिन दिल्ली पुलिस को नहीं पता मारा कौन गया, हाथ पर बने टैटू से खुलेगा राज?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं