- केतन अग्रवाल मर्डर केस में पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी है
- सिया गोयल और चेतन चौधरी की शादी की जांच में जुटी है पुलिस
- बता दें किकेतन अग्रवाल को 18 जून को उनकी मंगेतर सिया गोयल ने किले से धक्का दे दिया था
पुणे के चर्चित लोहगढ़ किले में हुए केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस ने 5,053 पन्नों की चार्जशीट दायर कर दी है. इसमें खुलासा हुआ है कि मर्डर से पहले सिया ने मर्डर से जुड़ी जानकारी लेने के लिए चैटजीटीपी, फिल्में और पॉडकास्ट सुने और देखे थे. इसके साथ एक और जानकारी आज सामने आई है कि पुलिस चेतन और सिया के गुप्त विवाह की भी जांच कर रही है. पुलिस को आशंका है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी ने दिसंबर 2025 में खाटू श्याम मंदिर में गुप्त विवाह कर लिया था. पुणे ग्रामीण पुलिस की एक विशेष टीम जुलाई में कथित विवाह की पुष्टि करने और सबूत जुटाने के लिए राजस्थान गई थी, हालांकि जांचकर्ताओं को अभी तक मंदिर के किसी आधिकारिक पंजीकरण का रिकॉर्ड या सीसीटीवी फुटेज में विवाह की पुष्टि नहीं मिली है. दरअसल, जांच के दौरान पुलिस को मोबाइल फोन से एक फोटो मिली है, जिसमें सिया और चेतन फूलों की माला पहने हुए हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक- चार्जशीट में इसे सबूत के तौर पर पेश किया गया है. बता दें किकेतन अग्रवाल को 18 जून को उनकी मंगेतर सिया गोयल ने किले से धक्का दे दिया था, जिसमें उनके प्रेमी चेतन चौधरी और एक अन्य आरोपी रितेश हांगे ने उनकी मदद की थी. तीनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
1.केतन को पीटने के लिए जिससे संपर्क किया था वो ही बन गया गवाह...
चार्जशीट में आरोपियों ने पहले केतन को बुरी तरह घायल करने की योजना पर विचार भी किया था और इस हमले के लिए बाहर से किसी को किराये पर हायर करने की बातचीत भी हुई थी. बाद में इस योजना को दरकिनार कर दिया गया क्योंकि डर था कि भाड़े का हमलावर साजिश का पर्दाफाश कर सकता है और मुश्किलें खड़ी कर सकता है. उन्होंने इस व्यक्ति से संपर्क भी किया था, अब यही व्यक्ति इनके खिलाफ गवाह बन गया है.

(मर्डर के बाद सामने आई थी ये तस्वीर)
2.मर्डर कैसे करें, इसके लिए देखी फिल्में और पॉडकास्ट
चार्जशीट में बताया गया है कि केतन अग्रवाल की हत्या करने से पहले उन्होंने मर्डर से संबंधित फिल्में देखीं और चैटजीपीटी का इस्तेमाल भी किया. इस तैयारी को लेकर उन्होंने पुलिस से बचने के तरीकों पर भी पॉडकास्ट सुने.
3.सोनम रघुवंशी मर्डर केस पर भी किया था सर्च
सिया गोयल और उसे साथी आरोपियों ने राजा रघुवंशी मर्डर केस पर भी सर्च किया था कि कैसे सोनम रघुवंशी ने हनीमून पर अपने पति की हत्या कर दी थी. उन्होंने उस गलती पर भी काम किया था कि सोनम रघुवंशी की तरह उस पर आरोप न आए. पुलिस को ये सर्च हिस्ट्री आरोपियों के मोबाइल से मिली.
4.माही नाम से बनाया फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट
जांचकर्ताओं ने चार्जशीट में ये भी बताया कि सिया ने परिचित एक महिला की तस्वीर का इस्तेमाल करके 'माही' नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट भी बनाया था, इस अकाउंट से केतन को मैसेज भेजे गए थे, जिसमें केतन अग्रवाल को सिया की बर्थडे पार्टी के लिए 18 जून को लोहागढ़ किले में आने के लिए उकसाया गया था. ये फर्जी अकाउंट रितेश हांगे (अन्य आरोपी) द्वारा केतन को किले में लाने के लिए रची गई योजना का ही हिस्सा था. केतन के मर्डर के बाद इस अकाउंट को डिलीट कर दिया गया था.
5.मर्डर के लिए लोहगढ़ ही क्यों चुना
चार्जशीट में ये भी सामने आया है कि आरोपियों ने लोहगढ़ किले को चुनने से पहले लोनावला के आसपास के इलाकों की रेकी भी की थी. सिया गोयल और चेतन चौधरी सुनसान जगह की तलाश में टाइगर प्वाइंट और अन्य जगहों पर गए थे. लोहगढ़ को इसलिए चुना गया क्योंकि पिछले साल मार्च में किले में हुई एक घटना (जिसमें एक महिला की जान चली गई थी) के कारण केतन अग्रवाल की मौत को आकस्मिक दुर्घटना के रूप में दिखाया जा सकता था. आरोपियों ने कथित तौर पर लोहगढ़ को इसलिए चुना कि वो दिखा सकें कि केतन की मौत को सेल्फी लेते समय हो गई, लेकिन एक तस्वीर से पूरा राज खोल दिया.

(सिया का दोस्त चेतन चौधरी)
पहले भी कर चुकी थी मारने की कोशिश
चार्जशीट में कहा गया है कि सिया गोयल और केतन अग्रवाल 14 जून को लोहागढ़ गए थे. उस दिन भी उसने कथित तौर पर केतन को धक्का देने की कोशिश की, लेकिन वो एक पेड़ को पकड़कर बच गया. जब उसने पूछा कि उसे धक्का क्यों दिया तो उसने कहा कि वहां एक सांप देखा था और उसने ये जताने की कोशिश की कि उसने उसकी रक्षा की. सिया 4 जून को भी किले पर जाना चाहती थी ताकि पहले से प्लान बाली की यात्रा कैंसिल हो जाए. 6 जून को भी शादी से पहले के फोटोशूट के लिए यात्रा के लिए जाते समय उसने केतन का पासपोर्ट फाड़ कर वॉशरूम में फेंक दिया, जिसके कारण वह यात्रा भी रद्द हो गई.
जानें कैसे किया केतन अग्रवाल का मर्डर
18 जून को चेतन चौधरी किले से बाहर जाने वाले मार्ग से अंदर घुसा और सिया से संकेत मिलने के बाद उसके साथ इस कृत्य में शामिल हो गया. जब केतन का ध्यान कहीं और भटका तो सिया ने उसे पीछे से धक्का दे दिया. चेतन चौधरी ने केतन को लात मारी, जिससे वह किले से गिर गया. पुलिस ने चार्जशीट में चश्मदीदों समेत 100 से ज्यादा लोगों के बयान शामिल किए हैं. सबूत के तौर पर मोबाइल फोन डेटा, व्हाट्सऐप चैट, तस्वीरें और कॉल डिटेल्स पेश कीं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं