- बिल्डिंग में रहने वालों से बहस मारपीट में बदली, हमले के बाद जमीन पर गिरने से बंटी की मौत हुई.
- परिवार ने पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगाया है, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की है.
- पुलिस चश्मदीदों से पूछताछ और CCTV फुटेज की जांच कर रही है.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके कालकाजी में देर रात हुए झगड़े के बाद एक शख्स की मौत का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान मंजीत सिंह उर्फ बंटी घड़ियाल के तौर पर हुई है. पुलिस के मुताबिक, रात करीब 12 बजकर 3 मिनट पर L-8, ग्राउंड फ्लोर, कालकाजी में झगड़े की PCR कॉल मिली थी. देर रात बंटी की बिल्डिंग में रहने वाले कुछ लोगों से बहस हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई. आरोप है कि इस दौरान उस पर हमला किया गया, जिसके बाद वह जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई. वारदात की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई. परिवार का आरोप है कि बंटी की पीट-पीटकर हत्या की गई.
मृतक की बहन ने IANS से बात करते हुए कहा, "मेरे भाई के साथ मार-पीट की गई. ऑन द स्पॉट उसे जान से मार दिया. रज्जी चौधरी, उनका हसबैंड, उनकी बेटी सभी ने मिलकर मेरे भाई को मार डाला. मेरे भाई को सर पर मारा, उसके बाद वे नीचे गिर गए. फिर उन्हें लात-घूंसों से तब तक मारा गया, जब तक उनकी मौत नहीं हो गई."
'सब वीडियो बनाते रहे, कोई बचाने नहीं आया....'
मृतक की बहन ने वारदात को एक्सप्लेन करते हुए बताया कि जब मुझे फोन आया और हम आए, तो भी वो छोड़ नहीं रहे थे. मेरे छोटे भाई को भी मारा गया. उसके नाक से खून आ रहा है. हमने बहुत हल्ला मचाया कोई नहीं. सभी लोग वीडियो बना रहे थे, कोई बचाने नहीं आया.
Delhi: A property dealer, Manjeet Singh, was allegedly beaten to death in the Kalkaji area
— IANS (@ians_india) September 20, 2026
Sister of deceased says, "My brother was beaten, meant to be killed, they killed him right on the spot. Rajji Chaudhary was there, along with her husband, her sons, and her daughter. All… pic.twitter.com/g1esfpCl5T
पीड़ित बहन ने कहा कि मेरे भाई के दो बच्चे हैं, वो कहां जाएंगे. पुलिस से हमारी मांग है कि उन्हें फांसी हो.
ये भी पढ़ें: दिल्ली के मयूर विहार में 40 साल के शख्स की पीट-पीटकर हत्या, CCTV खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस मौके पर पहुंची तो शुरुआती जांच में सामने आया कि L-8 के ग्राउंड फ्लोर और तीसरी मंजिल पर रहने वाले लोगों के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई हुई थी. इस दौरान मंजीत सिंह उर्फ बंटी और उसका भाई दिलबाग सिंह घायल हो गए. दोनों को इलाज के लिए AIIMS ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया.
ये भी पढ़ें: हिमांशु भाऊ गैंग के 4 गुर्गे कोटा से गिरफ्तार, दिल्ली के आया नगर और द्वारका मोड़ हत्याकांड में थे वांटेड
डीसीपी साउथ ईस्ट विनीत कुमार के मुताबिक, मामले की जांच के लिए कई टीमें बनाई गई हैं. पुलिस की टीमें घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं. इसके साथ ही, झगड़े में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है कि आखिर झगड़ा किस बात को लेकर शुरू हुआ और मंजीत की मौत किन परिस्थितियों में हुई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत की सही वजह और पूरे घटनाक्रम की तस्वीर और साफ होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं