Gauri Kund Temple Open: बैशाखी के पावन पर्व पर 14 अप्रैल की सुबह विधि विधान के साथ मां गौरीमाई मंदिर के कपाट खोल दिए गए हैं. आज सुबह शुभ मुहर्त में मंदिर का कपाट विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं. वहीं गौरामाई की डोली गौरीकुंड गांव से रवाना हुई. इस दौरान स्थानीय श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर डोली यात्रा में भाग लिया. इस दौरान माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा. बता दें कि कपाट खुलने के साथ ही पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है.
इस दिन से खुल जाएंगे केदारनाथ धाम के कपाट
डोली के गौरीकुंड पहुंचने पर पंडितों व मंदिर के मुख्य पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि विधान के साथ मंदिर में पूजन कार्यक्रम किया. वहीं 22 अप्रैल को बाबा केदारनाथ धाम के कपाट आम श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे. प्रशासन व मंदिर समिति द्वारा यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
6 माह का इंतजार खत्म
गौरीकुंड नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष रामचन्द्र गोस्वामी ने कहा कि भक्तों का छः माह का इंतजार खत्म हो गया है. मां गौरामाई के कपाट आम भक्तों के दर्शनार्थ खोल दिए गए हैं. आगामी दिनों में शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से रवाना होगी.
उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने अपने प्रतिष्ठानों को सजा दिया है. इस वर्ष यात्रा के शुभ संकेत मिल रहे हैं, जिस प्रकार से बाबा केदारनाथ के दरबार में आने को लेकर रजिस्ट्रेशन हुए हैं, उससे लग रहा है कि इस बार यात्रा नए रिकॉर्ड कायम करेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं