विज्ञापन

VIDEO: वाराणसी तिरंगा यात्रा में ड्रामा, बुर्का पहन घूम रहे स्कूटी सवार, पुलिस ने रोका तो खुली रीलबाजों की पोल

वाराणसी में हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान बुर्का पहनकर बाइक से जा रहे दो युवकों को पुलिस ने रोक लिया. युवकों ने सोशल मीडिया रील बनाने की बात कही.

VIDEO: वाराणसी तिरंगा यात्रा में ड्रामा, बुर्का पहन घूम रहे स्कूटी सवार, पुलिस ने रोका तो खुली रीलबाजों की पोल
वाराणसी तिरंगा यात्रा में बुर्का पहनकर पहुंचे दो युवक, पुलिस ने हिरासत में लेकर की पूछताछ
वाराणसी:

स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभर में आयोजित हो रही तिरंगा यात्राओं के बीच वाराणसी में एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया. शहर के मलदहिया चौराहे पर तिरंगा यात्रा के दौरान बाइक पर महिला वेश में जा रहे दो युवकों को पुलिस ने रोक लिया. दोनों युवकों ने बुर्का और नकाब पहन रखा था, जिसके चलते मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को संदेह हुआ. पूछताछ के लिए दोनों को सिगरा थाने लाया गया. प्रारंभिक जांच में पता चला कि दोनों इंटरमीडिएट के छात्र हैं और सोशल मीडिया के लिए प्रैंक वीडियो तथा रील बनाने के उद्देश्य से इमलिया घाट जा रहे थे. हालांकि पुलिस ने मामले की पूरी जांच की और परिजनों को भी थाने बुलाया.

तिरंगा यात्रा के दौरान हुई कार्रवाई

गुरुवार को वाराणसी में "हर घर तिरंगा" अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई. यात्रा महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर से शुरू होकर मलदहिया और लहुराबीर होते हुए डॉ. सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय तक पहुंची. इसी दौरान मलदहिया चौराहे पर सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे थे. तभी उनकी नजर एक बाइक पर सवार दो युवकों पर पड़ी, जिन्होंने महिलाओं की तरह बुर्का और नकाब पहन रखा था.

पूछताछ में सामने आई यह बात

पुलिस ने दोनों को रोककर पूछताछ की. शुरुआती पूछताछ में दोनों युवकों ने बताया कि वे कक्षा 12 के छात्र हैं और सोशल मीडिया के लिए प्रैंक रील तथा वीडियो बनाने का काम करते हैं. उनका कहना था कि वे इमलिया घाट की ओर शूटिंग करने जा रहे थे और उसी उद्देश्य से बुर्का पहना था. पुलिस दोनों को सिगरा थाने ले गई, जहां उनसे विस्तृत पूछताछ की गई. बाद में उनके परिजनों को भी बुलाया गया.

जांच में नहीं मिली आपत्तिजनक सामग्री

पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवकों के पास से कोई आपत्तिजनक वस्तु या संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई. हालांकि जांच के दौरान यह पाया गया कि जिस बाइक से दोनों यात्रा कर रहे थे, उसमें मॉडिफाइड साइलेंसर लगा हुआ था. यातायात नियमों के उल्लंघन के चलते पुलिस ने बाइक को सीज कर दिया. पुलिस ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस से पहले वाराणसी में कई जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है. तिरंगा यात्रा जैसे बड़े आयोजनों में पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो. इसी वजह से संदिग्ध नजर आने वाले लोगों की जांच और पूछताछ की जा रही है.

शहर में देशभक्ति का माहौल

उधर, "हर घर तिरंगा" अभियान के तहत निकाली गई तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र, युवा, स्थानीय नागरिक और विभिन्न संगठनों के लोग शामिल हुए. उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने यात्रा का नेतृत्व किया. वहीं सीआरपीएफ की 95वीं बटालियन ने भी तिरंगा बाइक रैली निकाली, जिसमें 150 से अधिक जवानों, अधिकारियों, स्कूली बच्चों और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया.

यह भी पढ़ें : भारत के दूसरे स्वतंत्रता आंदोलन का आह्वान; 15 अगस्त के पहले सोनम वांगचुक बोले- देश को चाहिए शांतिपूर्ण क्रांति

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Varanasi, Tiranga Yatra, Har Ghar Tiranga, Burqa, Independence Day Security
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com