Viral Video: देश की राजधानी दिल्ली में रहने वाली आयशा श्रीवास्तव (Ayesha Srivastava) ने आरोप लगाया है कि रैपिडो (Rapido) ड्राइवर ने उसे यूनिवर्सिटी की ओर एक सुनसान रास्ते पर ले जाने के बाद, बार-बार कहने पर भी गाड़ी नहीं रोकी, जिससे उसे मजबूरन चलती स्कूटर से कूदना पड़ा. इस घटना में वह घायल हो गईं और उनके हाथ-पैर में चोटें आईं. इसके बाद उन्होंने न सिर्फ रैपिडो कंपनी में शिकायत करके मदद मांगी, बल्कि एक वीडियो बनाकर राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म यूज करने वाली लड़कियों को सावधान भी किया.
'अपनी लॉकेशन फैमिली के साथ शेयर करके रखें'
इंस्टाग्राम (ayesha_srivastav96) पर पोस्ट किए गए 1 मिनट 27 सेकंड के वीडियो में आयशा कहती हैं, 'आज से आप सभी अपनी लॉकेशन अपने फ्रेंड्स और फैमिली को दे कर रखें. क्योंकि कब, क्या हो जाए, किसी को नहीं पता चलता. मैंने भी नहीं सोचा था कि कभी ऐसा कुछ होगा. मैंने विश्वविद्यालय के पास अपने ऑफिस जाने के लिए रैपिडो बुक की थी. लेकिन रैपिडो ड्राइवर मुझे अनजान व सुनसान रास्ते पर ले गया. मैंने उसके इरादे भांप लिए और स्कूटर रोकने के लिए बोला. मैंने यह तक कहा कि आपको एक्स्ट्रा पैसे दे दूंगी, पर स्कूटर रोक दो. लेकिन उसने मेरी एक नहीं सुनी. मैंने उसे मारा भी, लेकिन उसने स्पीड और बढ़ा ली. इस वजह से मुझे चलते स्कूटर से कूदकर चोटिल होना पड़ा. लेकिन, स्कूटर ड्राइवर वहां से बिना रुके भाग गया. मैंने डॉक्टर से इलाज कराने के बाद रैपिडो में शिकायत की, मगर उनका कोई रिस्पॉन्स नहीं आया. इस वजह से मैं यह वीडियो बना रही हूं ताकि जो मेरे साथ हुआ वो किसी और के साथ न हो सके. आप सभी सेफ्टी के साथ ट्रैवल करें और हो सके तो पेपर स्प्रे हमेशा साथ रखें.'
दिल्ली पुलिस ने आरोपी को पकड़कर मंगवाई माफी
सोशल मीडिया पर यह वीडियो 12 अगस्त को शेयर किया गया था, जिसे साढ़े 5 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं. इस वीडियो को पोस्ट करते वक्त आयशा ने दिल्ली पुलिस को भी टैग किया था. रैपिडो ने इस वीडियो पर क्या एक्शन लिया, ये तो पता नहीं चल सका, लेकिन वीडियो वायरल होते ही दिल्ली पुलिस ने आरोपी स्कूटर ड्राइवर को 48 घंटे के अंदर की पकड़कर हिरासत में ले लिया. करीब 12 घंटे आयशा ने एक नई वीडियो शेयर की है, जिसमें वो आरोपी दोनों हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए नजर आ रहा है. इस वीडियो के आखिर में आयशा ने साफ किया है कि उनका ये केस अब बंद हो गया है. साथ ही उन्होंने लोगों से मिले समर्थन और खासतौर पर दिल्ली पुलिस द्वारा की गई तुरंत कार्रवाई की तारीफ की है और उन्हें धन्यवाद कहा है.
ये भी पढ़ें:- 1 करोड़ की रिश्वत मामले में फंसे IPS राहुल बंसल का UPSC मॉक इंटरव्यू, बोले- 'मैंने भी एक बार घूस दी थी'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं