झारखंड में JPSC और JSSC की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज बना हुआ है. रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहा धरना शुक्रवार को 21वें दिन में प्रवेश कर गया. छात्र अपनी मांगों, विशेषकर CBI जांच, को लेकर पीछे हटने को तैयार नहीं हैं. गुरुवार रात प्रदर्शन स्थल पर देशभक्ति माहौल दिखा, अजादी के तराने सुनने को मिले. आंदोलनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि यह लड़ाई केवल पेपर लीक तक सीमित नहीं है, बल्कि भर्ती प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ है. दूसरी ओर, मामले की जांच कर रही CID ने भी अपनी कार्रवाई तेज कर दी है और कई जिलों में छापेमारी कर साक्ष्य जुटाने का काम जारी रखा है.
पहले देखिए देशभक्ति का जोशीला VIDEO
#Jharkhand | जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में JPSC-JSSC की कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन आज 21वें दिन भी जारी है. वहीं प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने आंदोलन का अनोखा तरीका अपनाया. आंदोलन के दौरान छात्रों ने हाथों में तिरंगा लेकर और देशभक्ति गीत गाकर विरोध दर्ज कराया.… pic.twitter.com/fZ22FTZysW
— NDTV India (@ndtvindia) August 14, 2026
CBI जांच की मांग पर कायम हैं छात्र
आंदोलन कर रहे छात्रों का कहना है कि JPSC और JSSC परीक्षाओं में सामने आए कथित विवादों की निष्पक्ष जांच केवल केंद्रीय एजेंसी से ही संभव है. छात्रों के अनुसार, जब तक CBI जांच की घोषणा नहीं होती और उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. धरनास्थल पर मौजूद छात्र लगातार सरकार से बातचीत और समाधान की मांग कर रहे हैं.
15 अगस्त को निकलेगी तिरंगा यात्रा
आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा यात्रा निकालने का ऐलान किया है. छात्रों का कहना है कि उनका आंदोलन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है. उन्हें उम्मीद है कि सरकार देर से ही सही, लेकिन उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी. आंदोलनकारी यह भी चाहते हैं कि स्वतंत्रता दिवस से पहले सरकार उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुने.
#WATCH | JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन | रांची, झारखंड: छात्र नेता रवींद्र पासवान ने झारखंड सरकार में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के बयान पर कहा, "उनसे हम यही पूछ रहे हैं कि आपको कैसे पता चला कि हम छात्र नहीं हैं? हमारा जोप्रतिनिधिमंडल वार्ता के लिए गया था, हम सभी का… pic.twitter.com/rXBfkZYPc8
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 14, 2026
मंत्री के बयान पर छात्र नेता का जवाब
छात्र नेता रविंद्र पासवान ने झारखंड सरकार में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आंदोलन में शामिल छात्रों की पहचान पर सवाल उठाना गलत है. उन्होंने कहा, "उनसे हम यही पूछ रहे हैं कि आपको कैसे पता चला कि हम छात्र नहीं हैं? हमारा जो प्रतिनिधिमंडल वार्ता के लिए गया था, हम सभी का एडमिट कार्ड दिखा सकते हैं. बिना जांच किए, बिना सोचे-समझे इस तरह का बयान देना गलत है. सभी के पास एडमिट कार्ड है और सभी JPSC-JSSC परीक्षा लिखते हैं."
"लड़ाई सिर्फ पेपर लीक की नहीं"
रविंद्र पासवान ने कहा कि सरकार CBI जांच कराने से पीछे क्यों हट रही है. उन्होंने कहा, "लड़ाई सिर्फ पेपर लीक तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे सिस्टम में पनपे भ्रष्टाचार के खिलाफ है." पासवान ने मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि 15 अगस्त से पहले छात्रों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाए. उन्होंने कहा कि यदि स्वतंत्रता दिवस के दौरान भी छात्र सड़कों पर आंदोलन करने को मजबूर रहेंगे तो इससे राज्य की छवि प्रभावित होगी.
16 अगस्त को CM आवास घेराव की चर्चा
छात्रों के बीच 16 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास घेराव को लेकर भी चर्चा है. हालांकि रविंद्र पासवान ने स्पष्ट किया कि यह अब तक समिति का औपचारिक निर्णय नहीं है, बल्कि कुछ छात्रों की ओर से उठी मांग है. उन्होंने कहा कि इस संबंध में अंतिम फैसला अभी लिया जाना बाकी है.
CID ने तेज की कार्रवाई
उधर, JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मामले में CID ने जांच तेज कर दी है. कांड संख्या 16/2026 में वांटेड सात आरोपियों की गिरफ्तारी और वारंट तामील के लिए कई जिलों में छापेमारी की गई है.
CID की विशेष टीम OMR कार्बन कॉपी और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच कर रही है. जांच एजेंसी का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : JPSC-JSSC परीक्षा विवाद : CBI जांच पर अड़े आंदोलनकारी छात्र; बोले- लड़ाई सिर्फ पेपर लीक तक सीमित नहीं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं