विज्ञापन

ईरान के करीब खड़े युद्धपोत से समंदर में क्यों कूद रहे अमेरिका के सैनिक?

US Iran War: अमेरिका का जंगी जहाज यूएसएस अब्राहम लिंकन पिछले 9 महीने से समुद्र में है, 250 दिनों से अमेरिका के इन सैनिकों ने जमीन पर कदम नहीं रखा है.

ईरान के करीब खड़े युद्धपोत से समंदर में क्यों कूद रहे अमेरिका के सैनिक?
USS Abraham Lincoln अमेरिका का जंगी जहाज है और लगातार 9 महीने से समंदर में तैनात है (फोटो- एएफफी)
  • ईरान के खिलाफ डोनाल्ड ट्रंप के महंगे और लंबे युद्ध से अमेरिकी सैनिक परेशान, सुसाइड की कोशिशों की खबर
  • जंगी जहाज यूएसएस अब्राहम लिंकन अब 9 महीने से समुद्र में है. इसपर तैनात सैनिकों ने समंदर में कूदने की कोशिश की
  • सैनिकों के मानसिक तनाव के साथ-साथ जहाज की बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं

ईरान के खिलाफ डोनाल्ड ट्रंप के महंगे और लंबे युद्ध से अमेरिकी सैनिक इस हद तक परेशान हो चुके हैं कि वे खुद मौत के करीब जाने लगे हैं, उनमें सुसाइड करने की प्रवृति दिखाई देने लगी है. फाइटर जेट ले जाने में सक्षम अमेरिका के जंगी जहाज, यूएसएस अब्राहम लिंकन पर तैनात करीब 5,000 सैनिकों के परिवारों का कहना है कि 9 महीने से समुद्र में रहने, खराब सुविधाओं और बार-बार बढ़ाई जा रही तैनाती ने सैनिकों को मानसिक रूप से तोड़ दिया है. मिलिट्री टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, जहाज पर कई सैनिकों ने आत्महत्या की कोशिश की है.

250 दिन से जमीन पर नहीं आए सैनिक

यूएसएस अब्राहम लिंकन अब 9 महीने से समुद्र में है. इस दौरान वह लगातार 250 दिन तक बिना जमीन पर आए समुद्र में रहा है. इस जहाज पर करीब 5,000 नौसैनिक और मरीन हैं और वे भी 250 दिन से जमीन पर नहीं आए हैं. इतनी लंबी तैनाती अब उनके लिए बेहद मुश्किल होती जा रही है. पिछले गुरुवार को सैन डिएगो में एक भावुक बैठक हुई. इसमें करीब 200 सैनिकों के परिवार के सदस्य नौसेना के सीनियर अधिकारियों के सामने पहुंचे. स्टार्स एंड स्ट्राइप्स की रिपोर्ट के मुताबिक, परिवारों ने जहाज पर बढ़ते संकट को लेकर अधिकारियों से सवाल किए.

एक महिला ने एक्टिंग नौसेना सचिव हंग काओ से कहा कि उसके पति ने उसी दिन मैसेज किया था कि “मुझे उम्मीद है कि मैं कल सुबह नहीं उठुंगा.” एक अन्य परिवार के सदस्य ने नौसेना के नेतृत्व पर परिवारों का भरोसा तोड़ने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, “उन्होंने हमारे और नेतृत्व के बीच का भरोसा तोड़ दिया है.”

सैनिकों पर बढ़ता दबाव

रिपोर्ट के अनुसार अनाबेल लोमा ने मिलिट्री टाइम्स को बताया कि उनके पति ने तैनाती बार-बार बढ़ाए जाने के बाद समुद्र में कूदने की कोशिश की थी. उन्होंने कहा कि उनके पति पूरी तरह थक चुके थे और उन्हें अपने करियर को लेकर डर लग रहा था. अनाबेल लोमा ने कहा, “वह डरे हुए हैं. उन्हें लगता है कि उन्हें सेना से खराब रिकॉर्ड के साथ निकाल दिया जाएगा. सिर्फ इसलिए कि वह पूरी तरह थक चुके हैं, उनका 13 साल का करियर ऐसे ही खत्म हो जाएगा.”

एक अन्य घटना में एक नौसैनिक की पत्नी ने बताया कि उसके पति ने अपने एक साथी को समुद्र में कूदने से रोक लिया. उसने उस सैनिक को पकड़कर वापस जहाज के डेक पर खींच लिया. इन घटनाओं के बाद चिंता और बढ़ गई है कि इतनी लंबी तैनाती कुछ सैनिकों को उनकी सहनशक्ति की सीमा तक पहुंचा रही है.

250 दिन से जमीन नहीं देखी

बता दें कि यह जंगी जहाज 21 नवंबर को सैन डिएगो से रवाना हुआ था. शुरुआत में इसे प्रशांत महासागर की ओर जाना था. लेकिन अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध शुरू होने के बाद इसे मीडिल ईस्ट में भेज दिया गया. इसके बाद सैनिकों को जमीन पर बहुत कम समय मिला. एमएस नाउ के मुताबिक, 5,000 से ज्यादा नौसैनिकों और मरीन को अब तक सिर्फ दो दिन जमीन पर बिताने का मौका मिला है. एक बार दिसंबर में वे गुआम में रुके थे और दूसरी बार जुलाई में ओमान में.

यह तैनाती पहले मई में खत्म होने वाली थी. लेकिन युद्ध जारी रहने के कारण इसे कई बार बढ़ाया गया. यह विमानवाहक पोत अब ईरान के खिलाफ पांचवें महीने के सैन्य अभियान में है.

‘फफूंद वाले शॉवर, खराब टॉयलेट'

लंबी तैनाती के मानसिक तनाव के साथ-साथ जहाज की बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं. कैलिफोर्निया से डेमोक्रेट सांसद माइक लेविन ने एक्स पर बताया कि जहाज पर सैनिक किन हालात का सामना कर रहे हैं. उनकी लिस्ट में “फफूंद लगे शॉवर, खराब टॉयलेट, कई हफ्तों से बंद लॉन्ड्री मशीनें, लंबे समय तक गर्म पानी नहीं मिलना और ऐसा खाना जिसमें आधा कप चावल और दो टॉर्टिला ही थे” शामिल थे.

उन्होंने यह भी कहा कि जहाज पर साबुन, डियोड्रेंट और टूथपेस्ट तक नहीं था. अप्रैल में जहाज पर मिलने वाले खराब और कम क्वांटिटी वाले खाने की तस्वीरें सामने आई थीं. इसके अलावा पानी की कमी, फफूंद लगे शॉवर और खराब लॉन्ड्री मशीनों की शिकायतें भी सामने आई थीं. उस समय रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने इन खबरों को “फर्जी खबर” कहकर खारिज कर दिया था. लेकिन अब लेविन ने इसका जवाब दिया है. उनका कहना है कि नौसेना अपनी सबसे जरूरी जिम्मेदारियां भी ठीक से नहीं निभा रही है.

यह भी पढ़ें: ईरान ट्रंप के हटने के बाद तक जंग लड़ने को तैयार! कहा- उम्मीद से बहुत कमजोर निकली अमेरिकी सेना 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Iran War, US Iran War Updates, USS Abraham Lincoln
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com