कौशांबी में गुरुवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब ड्यूटी से लौटे एक पुलिसकर्मी को अपनी पत्नी का शव कमरे के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला. मृतका की पहचान शिवानी के रूप में हुई है, जिनकी शादी करीब चार महीने पहले ही यूपी पुलिस के सिपाही रवि सिंह से हुई थी. रवि रोज की तरह पुलिस लाइन में ड्यूटी पूरी कर घर लौटे थे, लेकिन काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर जब उन्होंने खिड़की से अंदर देखा तो उनके होश उड़ गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए.
ड्यूटी से लौटे तो नहीं खुला दरवाजा
जानकारी के अनुसार रवि सिंह वर्ष 2021 बैच के यूपी पुलिस कांस्टेबल हैं और मूल रूप से इटावा जिले के निवासी हैं. उनकी तैनाती कौशांबी पुलिस लाइन में है. शादी के बाद वह अपनी पत्नी शिवानी के साथ मंझनपुर में किराये के मकान में रह रहे थे. गुरुवार को ड्यूटी समाप्त कर रवि शाम के समय घर पहुंचे. उन्होंने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद पत्नी किसी काम में व्यस्त होंगी, लेकिन काफी देर तक दरवाजा बंद रहने पर उन्हें चिंता हुई.

UP Constable Wife Death: पुलिस की टीम जांच करती हुई
खिड़की से देखा तो उड़ गए होश
रवि ने जब घर की खिड़की से अंदर झांककर देखा तो शिवानी का शव फंदे से लटका दिखाई दिया. यह दृश्य देखते ही उन्होंने आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी. कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी पहुंच गए. घटना की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र का माहौल गंभीर हो गया.
दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला गया शव
पुलिस और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया. इसके बाद शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया गया. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के कारणों की पुष्टि की जा सके.
एसपी ने कहा- हर एंगल से कर रहे हैं जांच
घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि मृतका और सिपाही रवि सिंह के परिजनों को सूचना दे दी गई है. पुलिस टीम घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों की जांच में जुटी हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : 10 साल बाद पूरी हुई इच्छा; स्कॉटलैंड के सांसद मार्टिन डे ने केरल की नितिन चंद से गुरुवायूर मंदिर में रचाई शादी
यह भी पढ़ें : डॉक्टर के मर्डर का प्लान फेल; एनकाउंटर के बाद हिमांशु भाऊ गैंग के 2 शार्प शूटर गिरफ्तार, दिल्ली में मुठभेड़
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं