नोएडा की सबसे ऊंची इमारत सुपरनोवा की 43वीं मंजिल से एक शख्स कूद गया. वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि कुछ लोग उसी मंजिल पर उसे ऊपर खींचने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अचानक वह कूद जाता है. जैसे ही वह नीचे गिरता है उसके शरीर के कई टुकड़े हो जाते हैं. मृतक का नाम संभव जैन है जो कि मानेसर हरियाणा का रहने वाला था. शुरुआती जानकारी के मुताबिक- वह आर्थिक झटके के चलते परेशानी में था. बताया जा रहा है कि सुसाइड से पहले उसने अपने पिता से बात की और उन्होंने उसे इस तरह के किसी भी कदम को उठाने से रोका था. परिवार के पहुंचने से पहले ही उसने आत्महत्या कर ली.

शुरुआती जानकारी के मुताबिक- मृतक ने एक दिन पहले ही सुपरनोवा में कमरा बुक किया. जब वह कूदने की कोशिश कर रहा था तो वहां मौजूद एसी मैकेनिक ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह हाथ छुड़ाकर कूद गया. नीचे मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो भी बनाया, जिसे देखकर कोई भी सिहर जाएगा.

सेक्टर 126 के पुलिस स्टेशन में जो सूचना मिली उसके मुताबिक- नोएडा के सेक्टर 94 स्थित स्पाइरा बिल्डिंग की बालकनी से एक युवक ने कूदकर आत्महत्या कर ली. जैसे ही सूचना मिली तो सेक्टर 126 स्टेशन से पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूछताछ करने पर पता चला कि मृतक संभव जैन ने सुसाइड किया है. उनके पिता का नाम विनय कुमार जैन है जो कि मानेसर हरियाणा में रहते हैं. यह युवक बिल्डिंग में एक दिन के लिए अकेले रहने आया था. युवक ने आत्महत्या के इरादे से कमरे की बालकनी की रेलिंग से कूदकर आत्महत्या कर ली. मृतक के शव का पोस्टमार्टम करने के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर निरीक्षण किया है और सबूत इकट्ठे कर रहे हैं. घटनास्थल और आसपास लगे कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है. घटना के समय आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ में पता चला है कि मृतक मानसिक तनाव में था. मृतक के परिवार को सूचित कर दिया गया है और कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जा रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं