- बिहार के सीतामढ़ी में जंगली सुअर से फसल बचाने के लिए बिछाए गए बिजली के तार से 3 लोगों की मौत हो गई
- मृतकों में इस्लाम मंसूरी, उनकी पत्नी रुबैदा खातून और असमत अली शामिल हैं
- घटना सुबह करीब चार-पांच बजे तकिया टोला वार्ड नंबर-5 में हुई, जब वेलभैंस की तलाश में खेत में गए थे
बिहार के सीतामढ़ी में एक दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई. दरअसल जंगली सुअर से धान की फसल बचाने के लिए खेत के चारों ओर बिजली का तार बिछाया गया था. लेकिन इसकी चपेट में जानवर के बजाय गांव के ही तीन लोग आ गए. यह दर्दनाक घटना बैरगनिया प्रखंड के अक्ता पश्चिमी चकवा पंचायत स्थित तकिया टोला वार्ड नंबर-5 को शनिवार तड़के हुई. इस हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई वहीं चौथा शख्स गंभीर रूप से घायल है.
भैंस ढूंढने खेत में पहुंचे थे पति-पत्नी
तकिया टोला के मोहम्मद इस्लाम मंसूरी की भैंस शनिवार सुबह करीब 4-5 बजे खुल कर कहीं चली गई थी. भैंस की तलाश में इस्लाम मंसूरी आसपास के खेतों की ओर चले गए. इसी दौरान वे इंदल पासवान के खेत में पहुंचे. जानकारी के मुताबिक, पासवान ने अपने धान के खेत को जंगली सुअरों से बचाने के लिए चारों ओर बिजली का तार लगा रखा था. तार में करंट आ रहा था. अंधेरे में इस्लाम मंसूरी तार की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
खेत में बिछा था बिजली का नंगा तार
पति के पीछे-पीछे उनकी पत्नी रुबैदा खातून भी खेत की ओर पहुंचीं. उनकी भी करंट की चपेट में आने से मौत हो गई. इसी दौरान गांव का असमत अली भी घटनास्थल पर पहुंचा और वह भी करंट की चपेट में आ गया. इस दर्दनाक हादसे में इस्लाम मंसूरी, उनकी पत्नी रुबैदा खातून और असमत अली की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति की हालत गंभीर है. इस घटना से गांव में अफरातफरी मच गई. ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई.
करंट लगने से पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत
खेत से दो जंगली सुअरों के शव भी बरामद हुए हैं. सरपंच रिजवान आलम ने बताया कि सुबह तकरीबन 4:30 पर इसराइल मंसूरी की भैंस खुल गई जिसे ढूंढने के लिए हुए पास के खेत में गए थे. इसी दौरान वह इंदल पासवान के खेत में पहुंचे, जहां बिजली का नंगा तार दौड़ रहा था. इसकी चपेट में आने से इस्लाम मंसूरी, उनकी पत्नी रुबेदा खातून और एक ग्रामीण असमत अली की मौत मौके पर ही हो गई.
एक शख्स गंभीर रूप से घायल
जबकि चौथा व्यक्ति सैफ अली गंभीर रूप से घायल है. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सरपंच का आरोप है कि इंदल पासवान जंगली सूअर को मारकर बेचने का काम करता है इसलिए उसने बिजली का तार खेत के किनारे लगाया था. घटना की सूचना मिलने ही बैरगनिया थानाध्यक्ष, स्थानीय मुखिया समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है. हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.
ये वीडियो भी देखें-
ये भी पढ़ें-नोएडा की सबसे ऊंची इमारत सुपरनोवा की 43वीं मंजिल से कूदा शख्स, शरीर के हो गए कई टुकड़े, VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं