दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच और हरियाणा पुलिस की सीआईए यूनिट ने संयुक्त अभियान चलाकर कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ गिरोह के दो शार्प शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी एक नामी डॉक्टर की हत्या करने की योजना के तहत दिल्ली पहुंचे थे. खुफिया सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जाल बिछाया और रन्हौला इलाके में दोनों को घेर लिया. गिरफ्तारी से पहले आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए.
खुफिया सूचना के बाद शुरू हुआ ऑपरेशन
NDTV को पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच और हरियाणा पुलिस को सूचना मिली थी कि हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े दो शूटर दिल्ली में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं. जांच में पता चला कि गिरोह ने कथित तौर पर राजधानी के एक प्रमुख डॉक्टर की हत्या की जिम्मेदारी ली थी और दोनों आरोपी इसी मिशन पर निकले थे. सूचना की पुष्टि के बाद दोनों राज्यों की पुलिस ने संयुक्त निगरानी अभियान शुरू किया और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी.
Delhi: Following an encounter between the Delhi Police Crime Branch and criminals, police arrested two accused linked to the Himanshu Bhau gang, including a minor.
— IANS (@ians_india) August 20, 2026
(Visuals from the spot) pic.twitter.com/R4q898wAOr
पुलिस से बचने के दौरान हुआ हादसा
बताया गया कि जैसे ही पुलिस टीम आरोपियों के करीब पहुंची, उन्होंने मौके से भागने की कोशिश की. इसी दौरान उनकी थार एसयूवी एक टी-पॉइंट पर सामने से आ रही बोलेरो पिकअप से टकरा गई. टक्कर के बाद भी दोनों आरोपी नहीं रुके और वाहन से निकलकर पास के खेतों की ओर भागने लगे. वहां पहले से तैनात दूसरी पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया.

Himanshu Bhau Gang: पकड़ा गया शॉर्प शूटर
फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक घिरता देख आरोपियों ने सुरक्षाकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए. घायल अवस्था में उन्हें हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है. पुलिस ने उनके कब्जे से हथियार और अन्य सामग्री भी बरामद की है.
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर और कुश के रूप में हुई है. समीर हरियाणा के रिठाल फोगाट गांव का निवासी बताया गया है, जबकि कुश मूल रूप से घुबाना गांव का रहने वाला है और वर्तमान में रोहतक के विजय नगर क्षेत्र में रह रहा था. पुलिस का कहना है कि दोनों लंबे समय से हिमांशु भाऊ गिरोह के लिए काम कर रहे थे और कई आपराधिक गतिविधियों में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें : फायरिंग की कोशिशें नाकाम; टिल्लू-कौशल चौधरी गैंग के 3 शूटर गिरफ्तार, दिल्ली स्पेशल सेल की बड़ी कार्रवाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं