- मोदी सरकार ने महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों के लिए चार दिवसीय विशेष सत्र बुलाया है.
- अप्रैल में विधेयक विपक्ष की एकजुटता के कारण पारित नहीं हो पाया था, अब राजनीतिक हालात में बदलाव आया है.
- वर्तमान में एनडीए के सांसदों की संख्या बढ़कर 320 हो चुकी है, लेकिन दो-तिहाई बहुमत के लिए 360 समर्थन जरूरी है.
मोदी सरकार ने महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को पारित कराने के लिए सोमवार, 30 नवंबर से संसद का चार दिवसीय विशेष सत्र बुलाने का फैसला किया है. 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक होगी और 3 दिसंबर तक दोनों सदनों की कार्यवाही चलने की संभावना है. इस साल अप्रैल में सरकार ने यह विधेयक पारित कराने की कोशिश की थी. लेकिन तब विपक्ष की एकजुटता के कारण बिल पारित नहीं हो सका था. मोदी सरकार के इतिहास में यह पहली बार हुआ था जब कोई विधेयक संख्या बल के अभाव में पारित नहीं हो सका.
तब से लेकर अब तक हालात काफी बदल चुके हैं. डीएमके और टीएमसी सत्ता से बाहर हो चुके हैं. टीएमसी में भी टूट हुई है. शिवसेना (यूबीटी) के सात सांसद शिवसेना (शिंदे) के साथ आ गए हैं. आम आदमी पार्टी के 7 राज्यसभा सांसद बीजेपी में शामिल हो चुके हैं. बीजेडी के कुछ राज्यसभा सांसदों ने भी इस्तीफा देकर बीजेपी का दामन थाम लिया है. अप्रैल से अब तक एनडीए में 36 से अधिक सांसद जुड़ चुके हैं. हालांकि, अब भी संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए सरकार को डीएमके और एनसीपी (शरद पवार) के समर्थन की आवश्यकता है. साथ ही कुछ विपक्षी दलों के सांसदों की गैरहाजिरी भी सरकार के लिए मददगार साबित हो सकती है. लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए 360 सांसदों के समर्थन की जरूरत होगी.
जानकारों के अनुसार सरकार अब अपने संख्या बल को लेकर अधिक आश्वस्त है. इसलिए विशेष सत्र बुलाने का निर्णय लिया गया है. 13 अगस्त को मानसून सत्र स्थगित होने के बावजूद 100 दिनों से अधिक समय बीत जाने पर भी सत्रावसान नहीं किया गया, क्योंकि समर्थन जुटाने की कवायद जारी थी. साथ ही, मोदी मंत्रिपरिषद में संभावित फेरबदल को भी इससे जोड़कर देखा जा रहा है. नए सहयोगी दलों को समर्थन के बदले मंत्रिपरिषद में प्रतिनिधित्व मिल सकता है. टीएमसी, शिवसेना (यूबीटी) और आम आदमी पार्टी से आए सांसदों की भी मंत्रिपरिषद में जगह पाने की इच्छा हो सकती है.
अप्रैल में क्या हुआ था?
अप्रैल में सरकार संविधान संशोधन के लिए आवश्यक बहुमत जुटाने में असफल रही थी. उस समय 528 सांसदों ने मतदान में हिस्सा लिया था. विधेयक के पक्ष में 298 वोट पड़े थे, जबकि 230 वोट विरोध में पड़े. संविधान संशोधन विधेयक पारित होने के लिए 352 मतों की आवश्यकता थी. इस तरह बिल 54 वोटों से पारित नहीं हो सका था. विधेयक के समर्थन में एनडीए के सभी घटक दल, वाईएसआरसीपी के चार सांसद, अकाली दल की एक सांसद और एक निर्दलीय सांसद शामिल थे. वहीं कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन के सभी दलों ने इसका विरोध किया था. उस समय डीएमके और टीएमसी भी पूरी ताकत के साथ विपक्ष में थी. आम आदमी पार्टी, वाम दल, एआईएमआईएम, आजाद समाज पार्टी और जेपीएम ने भी बिल के खिलाफ मतदान किया था.
बता दें कि यह चार दिनों का विशेष सत्र है, जिसमें लोक सभा की चार और राज्य सभा की दो बैठकें होंगी. लोक सभा सचिवालय की ओर से इसे 18वीं लोक सभा के आठवें सत्र का दूसरा हिस्सा कहा जा रहा है. राज्य सभा सचिवालय के अनुसार यह 271वें सत्र की बहाली है. हम इसे बोलचाल की भाषा में विशेष सत्र कह सकते हैं.
वर्तमान संख्या गणित
अभी एनडीए की संख्या 320 हो चुकी है. अकाली दल मंगलवार को ही एनडीए में शामिल हुआ है, जिसके पास एक सांसद है. टीएमसी से अलग होकर 20 सांसद एनसीपीआई में शामिल हुए हैं. माना जा रहा है कि विशेष सत्र से पहले लोकसभा अध्यक्ष उन्हें अलग दल के रूप में मान्यता दे सकते हैं. लोकसभा की कुल 543 सीटों में फिलहाल 3 सीटें रिक्त हैं. इस प्रकार प्रभावी संख्या 540 है और दो-तिहाई बहुमत के लिए 360 सांसदों का समर्थन आवश्यक होगा. एनडीए इस आंकड़े से 40 सीट पीछे है. यही वजह है कि 22 सांसदों वाली डीएमके और 8 सांसदों वाली एनसीपी (शरद पवार) की भूमिका अहम हो जाती है.
दोनों दलों ने कहा है कि वे विधेयक का अध्ययन करने के बाद फैसला लेंगी. शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक बुलाई गई है, जिसमें इन दलों की मांगों के अनुरूप संशोधनों को मंजूरी दी जा सकती है. ऐसा होने पर उनके समर्थन का रास्ता खुल सकता है. वाईएसआरसीपी के चार सांसद भी सरकार का समर्थन कर सकते हैं. ऐसे में 34 अतिरिक्त सांसदों का समर्थन मिलने के बाद भी सरकार दो-तिहाई बहुमत से छह वोट दूर रहेगी. शिवसेना (यूबीटी) के 3, जेएमएम के 3 और आरजेडी के 4 सांसदों से भी बातचीत की जा रही है.
अगर डीएमके समर्थन देने के बजाय गैरहाजिर रहने का फैसला करती है, तो सदन की प्रभावी संख्या 540 से घटकर 518 रह जाएगी. ऐसे में दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा 360 से घटकर 345 हो जाएगा. यदि एनसीपी (शरद पवार) भी मतदान से दूर रहती है, तो बहुमत का आंकड़ा 340 रह जाएगा. इसके बावजूद सरकार को अन्य दलों के समर्थन की जरूरत पड़ सकती है.
सरकार की नजर कुछ अन्य बड़े दलों के सांसदों पर भी होगी, ताकि वे मतदान से दूर रहें. हालांकि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी के सांसदों के गैरहाजिर रहने की संभावना कम मानी जा रही है. पंजाब विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी आम आदमी पार्टी के बचे हुए सांसदों पर भी नजर रखे हुए है.
सरकार के वरिष्ठ नेताओं का दावा है कि न केवल दो-तिहाई बहुमत का प्रबंध हो चुका है, बल्कि समर्थन का आंकड़ा 386 तक पहुंच सकता है. अब इसकी वास्तविक तस्वीर संसद में ही सामने आएगी.
एक और महत्वपूर्ण पहलू यह है कि संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए सदन में व्यवस्थित कार्यवाही का होना जरूरी है. शोर-शराबे के बीच ऐसे विधेयक पारित नहीं कराए जा सकते. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस पहले से आक्रामक है. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या विपक्ष विशेष सत्र की कार्यवाही सुचारु रूप से चलने देगा. यदि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के सांसद लगातार हंगामा करते हैं, तो क्या उनके निलंबन के बाद विधेयक पारित कराया जाएगा, यह भी एक बड़ा सवाल बना हुआ है.
संख्या गणित
- लोकसभा की कुल सीटें: 543
- वर्तमान प्रभावी संख्या: 540
- दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा: 360
एनडीए की वर्तमान स्थिति
- बीजेपी: 241
- एनसीपीआई: 20
- टीडीपी: 16
- शिवसेना: 13
- जेडीयू: 12
- एलजेपी (आरवी): 5
- आरएलडी: 2
- जेएसपी: 2
- जेडीएस: 2
- एनसीपी, शिरोमणि अकाली दल, एजीपी, आजसू, अपना दल (एस), हम और एसकेएम के 1-1 सांसद: 7
- कुल: 320
संभावना 1
- तीन अन्य बड़े दलों का समर्थन
- डीएमके: 22
- एनसीपी (एसपी): 8
- वाईएसआरसीपी: 4
- कुल अतिरिक्त समर्थन: 34
- इसके बाद भी बहुमत के लिए 6 वोटों की जरूरत होगी.
संभावना 2
- डीएमके गैरहाजिर रहे, एनसीपी (एसपी) और वाईएसआरसीपी समर्थन दें
- बहुमत का नया आंकड़ा: 345
- एनडीए: 320
- एनसीपी (एसपी): 8
- वाईएसआरसीपी: 4
- कुल समर्थन: 332
- फिर भी बहुमत से 13 वोट कम रहेंगे.
संभावना 3
- डीएमके और एनसीपी (एसपी) दोनों गैरहाजिर रहें
- बहुमत का नया आंकड़ा: 340
- एनडीए + वाईएसआरसीपी = 324
- तब भी सरकार बहुमत से 16 वोट पीछे रहेगी.
ये भी पढें : 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा का सत्र, केंद्रीय मंत्री ने दी जानकारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं