विज्ञापन

'105 सीट नहीं, 105 से ऊपर चाहिए'; अगर कांग्रेस जीरो है तो हमारी जरूरत क्यों? इमरान मसूद की सपा को खरी-खरी

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 105 से अधिक सीटें मिलनी चाहिए. उन्होंने समाजवादी पार्टी से कहा कि कांग्रेस को केवल संख्या नहीं, बल्कि जीतने योग्य सीटें भी दी जानी चाहिए.

'105 सीट नहीं, 105 से ऊपर चाहिए'; अगर कांग्रेस जीरो है तो हमारी जरूरत क्यों? इमरान मसूद की सपा को खरी-खरी
सीट बंटवारे पर सपा को कांग्रेस सांसद का खुला संदेश, बोले- क्वालिटी भी चाहिए, क्वांटिटी भी
अल्टर्ड बाय NDTV (इमरान मसूद प्रोफाइल फोटो)
  • यूपी चुनाव से पहले INDIA गठबंधन में सीटों को लेकर बढ़ा तनाव
  • सीट शेयरिंग पर कांग्रेस ने दिखाए तेवर, इमरान मसूद का बड़ा बयान
  • भाजपा को हराने की जिम्मेदारी सिर्फ कांग्रेस की नहीं: इमरान मसूद
नई दिल्ली:

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच इंडिया गठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है. कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने साफ शब्दों में कहा है कि कांग्रेस को आगामी चुनाव में 105 से अधिक सीटें मिलनी चाहिए. उन्होंने याद दिलाया कि 2017 में कांग्रेस ने 105 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जबकि उस समय पार्टी की स्थिति कहीं अधिक कमजोर थी. मसूद ने समाजवादी पार्टी को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस को पर्याप्त और जीतने योग्य सीटें दी जानी चाहिए, क्योंकि गठबंधन में सम्मान और साझेदारी दोनों जरूरी हैं.

'2017 में 105 सीटें लड़ी थीं, अब ज्यादा मजबूत हैं'

इमरान मसूद ने कहा कि '105 सीटें नहीं, 105 से ऊपर. 2017 में हमने 105 सीटों पर चुनाव लड़ा था. उस समय हमारी स्थिति बहुत कमजोर थी, लेकिन अब हम कहीं ज्यादा मजबूत स्थिति में हैं. उत्तर प्रदेश चुनाव में सपा-कांग्रेस सीट बंटवारे पर इमरान मसूद ने कहा कि 2022 में मुसलमानों ने एकतरफा और आंख बंद करके वोट दिया था, फिर भी हम क्यों हारे? उस जिम्मेदारी का बड़ा हिस्सा आपके ऊपर है. आप हम पर भरोसा कर रहे हैं और हम तैयार हैं. हमने कहा था कि संख्या भी चाहिए और अच्छी सीटें भी चाहिए. आपने हमें ये 26 सीटें दी हैं, तो उसके नतीजों की जिम्मेदारी भी आप लीजिए.

सपा को साफ को संदेश: सीएम पद आपका, लेकिन सहयोगी को कमतर क्यों दिखाना?

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच संभावित सीट समझौते पर बोलते हुए मसूद ने कहा कि 'हमें सीटें दीजिए, हम चुनाव लड़कर जीत सकते हैं. हमें संख्या भी चाहिए और अच्छी सीटें भी चाहिए. मुख्यमंत्री पद आप रखिए, मुख्यमंत्री को लेकर हमारा कोई विवाद नहीं है. लेकिन आप अपने सहयोगी को कमजोर क्यों दिखाना चाहते हैं? अपने सहयोगी को छोटा क्यों साबित करना चाहते हैं? आपने सीधे मुझ पर हमले शुरू कर दिए, क्यों? मैंने तो आपके खिलाफ एक शब्द भी नहीं कहा था.'

इमरान मसूद ने अपने बयान में कहा कि आप कहते हैं कि कांग्रेस शून्य है. आप बार-बार हमारी स्थिति याद दिलाते हैं. लेकिन अगर आपको हमारी स्थिति इतनी ही कमजोर लगती है, तो फिर हमारी जरूरत ही क्या है? आपके पास जीत का फॉर्मूला है, आपके पास सब कुछ है, तो फिर आपको हमारी जरूरत क्यों है? हम शून्य हैं, लेकिन जहां भी हम साथ आते हैं, असर दस गुना बढ़ जाता है.

मसूद ने दावा किया कि कांग्रेस भले ही सीटों के हिसाब से कमजोर दिखाई दे, लेकिन जहां भी पार्टी गठबंधन में शामिल होती है, वहां उसका बढ़ता है.

भाजपा को हराने की जिम्मेदारी सभी की, खड़गे के बयान पर यह बोले?

कांग्रेस सांसद ने कहा कि भाजपा को सत्ता से हटाने की जिम्मेदारी केवल कांग्रेस या केवल मुस्लिम मतदाताओं की नहीं हो सकती. उन्होंने 2022 विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस चुनाव में मुस्लिम मतदाताओं ने एकतरफा मतदान किया था, फिर भी गठबंधन जीत हासिल नहीं कर सका. ऐसे में हार की जिम्मेदारी भी साझा होनी चाहिए.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस लड़ने के लिए तैयार है, लेकिन उसे पर्याप्त और प्रभावशाली सीटें मिलनी चाहिए. केवल सीमित सीटें देकर परिणामों की जिम्मेदारी कांग्रेस पर नहीं डाली जा सकती.

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए मसूद ने कहा कि 'खड़गे जी ने मेरे प्रयासों को स्वीकार किया है. वह मेरे काम की सराहना कर रहे हैं. मैं अपनी पार्टी की तरक्की के लिए अपनी जान तक देने को तैयार हूं. मुझे हर तरफ से घेरने की कोशिश हो रही है, जैसे मैं कोई खलनायक हूं. मैं अपनी पार्टी के लिए मांग कर रहा हूं, अपनी पार्टी के लिए लड़ रहा हूं. मैं हमेशा अपनी पार्टी के हित में ही बोलूंगा.'

यह भी पढ़ें : मल्लिकार्जुन खरगे ने दी इमरान मसूद को नसीहत, बोले- सिर्फ बातों पर नहीं, काम पर दें ज्यादा ध्यान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Imran Masood, Congress, Samajwadi Party, SP Congress Seat Sharing, Up Election 2027
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com