दोहा में खेले जा रहे राइजिंग स्टार्स एशिया कप में यूएई के खिलाफ 52 गेंदों में दोहरा शतक जड़ने वाले वैभव सूर्यवंशी के चर्चा अब दिग्गज पाकिस्तानियों के बीच बहुत ही जोर-शोर से हो रहे हैं. कभी अस्सी के दशक में चेतन शर्मा की आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर प्रसिद्ध हुए जावेद मियांदाद ने वैभव की जमकर तारीफ की है. मियांदाद ने एक पाकिस्तानी चैनल से बात करते हुए सूर्यवंशी की जमकर तारीफ करते हुए कहा, 'आप इसके बारे में ये नहीं कह सकते कि तेज गेंदबाजों से भागता है.ये बाउंसी पिचों पर नहीं खेल सकता. ये स्पिनरों को नहीं खेल सकता. सूर्यवंशी एकदम क्लीन हिटर है और इसके शॉट देखकर वास्तव में मजा आता है.यानी उसमें एक क्लास है. उसके पास खेलने के लिए खासा समय होने के साथ ही शॉट भी एकदम क्लीन हैं. वह जहां भी चाहता है, गेंद को हिट कर सकता है. वह पावरफुल और गेंद को मैदान से बाहर भी पहुंचा सकता है. और सबसे अच्छी जो बात है, वह यह है कि वह हंबल (विनम्र) है.'
पाकिस्तानी जनता भी हुई दीवानी
जहां, पाकिस्तानी पूर्व दिग्गजों पर वैभव सूर्यवंशी का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है, तो वहीं पाकिस्तानी जनता के बीच भी लेफ्टी बल्लेबाज की टीआरपी हाई हो चली है. एक प्रशंसक ने कहा, 'इस बच्चे ने बहुत ही असाधारण क्रिकेट खेली है. यह सिर्फ 15 साल का है, लेकिन जो टैलेंट उसके पास है, वह अब पूरी दुनिया देख रही है. अगर कोई खिलाड़ी सबसे तेज डबल सेंचुरी बना रहा है, तो यह रिकॉर्ड सिर्फ वैभव ही तोड़ेगा.'
न्यूजीलैंड कोच ने दिया वैभव को बड़ा चैलेंज
वैसे जहां जावेद मियांदाद भारतीय लेफ्टी बल्लेबाज पर फिदा हैं तो न्यूजीलैंड के गेंदबाजी कोच जैकब ओरम को उम्मीद है कि भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी उनकी टीम के खिलाफ 50 गेंदों में दोहरा शतक नहीं जड़ पाएंगे. साथ ही, उन्होंने वनडे क्रिकेट के भविष्य का समर्थन करते हुए कहा कि टी20 की बढ़ती लोकप्रियता के बावजूद, इस फॉर्मेट की अहमियत आज भी बनी हुई है.
ओरम ने कहा, "15 साल के खिलाड़ी को 'मसीहा' कहना थोड़ा अजीब है. देखते हैं आगे क्या होता है. मैं समझता हूं कि लोगों को टी-20 क्रिकेट पसंद है और क्रिकेट के पारंपरिक प्रशंसक टेस्ट क्रिकेट को पसंद करते हैं, लेकिन मेरा अब भी मानना है कि 50 ओवर वाले क्रिकेट की भी अपनी जगह है.' हालांकि, न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर ने युवा भारतीय बल्लेबाज की जमकर तारीफ भी की.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं