विज्ञापन

यूपी में BJP की बड़ी बैठक, CM योगी ने उठाया फर्जी वोटर्स का मुद्दा, SSR को लेकर 25 फिसड्डी जिलों के नाम भी लिए

यूपी में भाजपा की एक बड़ी बैठक हो रही है. इस बैठक में SSR का मुद्दा भी उठा है. बैठक में सीएम योगी ने फर्जी वोटर्स का मुद्दा उठाया है.

सीएम योगी आदित्यनाथ. (फाइल फोटो)
IANS
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बड़ी सियासी हलचल हुई है. यूपी चुनाव को लेकर भाजपा की एक बड़ी बैठक हो रही है. इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सरकार के कई मंत्री और पार्टी के कई अधिकारी भी वर्चुअली जुड़े हुए हैं. साथ ही यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी इस मीटिंग में मौजूद हैं.

बताया जा रहा है कि इस बैठक में कथित वोट कटने का मुद्दा भी उठा है. बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने SSR में फिसड्डी चल रहे 25 जिलों के नाम गिनाए हैं. इन जिलों में मेरठ, बलरामपुर, बदायूं, झांसी और चित्रकूट भी शामिल है. 

ये वो जिले हैं जहां SSR का काम सही से नहीं हो रहा है. वहीं, बैठक में गाजियाबाद और लखीमपुर का काम सबसे अच्छा बताया है.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने फर्जी वोटर्स का खुलासा करते हुए कहा कि अभी भी कई जगह फर्जी वोटर्स बन रहे हैं. एक नाम से कई जगह की वोटर लिस्ट में नाम है. 

उन्होंने कहा कि ऐसे फर्जी वोटर्स की पहचान कर उनके खिलाफ प्रशासन से कार्रवाई करवाई जाए.

बैठक में कौन-कौन?

इस बैठक में तमाम बड़े नेता मौजूद हैं. सीएम योगी के अलावा डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी इसमें शामिल हैं.

इनके अलावा प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, संगठन महामंत्री धर्मपाल समेत सभी मंत्री, सांसद, विधायक और MLC भी मौजूद हैं.

मीटिंग में क्षेत्रीय अध्यक्ष और जिला अध्यक्षों के साथ-साथ जिला प्रभारी और विधानसभा प्रभारियों को भी जोड़ा गया है.

यह भी पढ़ें | 'गठबंधन ऐसे नहीं होता, बिना चर्चा उम्मीदवार उतार दिए', सपा की लिस्ट पर NDTV से बोले इमरान मसूद

27-28 नवंबर को भी बड़ी बैठक

विधानसभा चुनावों से पहले बीजेपी का बड़ा मंथन शुरू होने जा रहा है, जिसमें कई बड़ी बैठकें होंगी. 27-28 नवंबर को पूसा इंस्टीट्यूट में राष्ट्रीय पदाधिकारियों और राज्यों के प्रभारी और सह-प्रभारियों की कार्यशाला होगी, जिसमें संगठन के विस्तार, आगामी चुनावों की रणनीति और आगे के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा होगी और पीएम मोदी का मार्गदर्शन भी मिल सकता है. 

इसके लिए बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन समेत तमाम राष्ट्रीय पदाधिकारी मौजूद रहेंगे, 27 नवंबर को दोपहर तीन बजे सभी पदाधिकारी बीजेपी मुख्यालय से बसों में कार्यशाला के लिए जाएंगे और 28 नवंबर को वापस आएंगे, जहां दो दिनों तक सुशासन और संगठन पर मंथन होगा. 

इसके बाद 10 और 11 दिसंबर को दिल्ली में देशभर के संगठन मंत्रियों की बैठक होगी, जबकि 19-20 दिसंबर को दिल्ली में ही बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी, जो नितिन नवीन के अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार होगी.

इसमें संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा के साथ ही राजनीतिक और आर्थिक प्रस्ताव भी पारित किए जाएंगे और विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP BJP, CM Yogi Adityanath, SSR, UP Chunav 2027, UP Politics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com