विज्ञापन

मेरठ में ₹2,900 करोड़ की लागत से बनेगा वर्ल्ड-क्लास प्लांट, CM योगी ने रखी नींव, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

UP Investment: यूपी के मेरठ में Ball Corporation ₹2,900 करोड़ से एल्युमिनियम बेवरेज कैन बनाने का प्लांट लगाएगी. CM योगी ने प्लांट की नींव रखी. इससे हजारों युवाओं को रोजगार और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिलेगा.

मेरठ में ₹2,900 करोड़ की लागत से बनेगा वर्ल्ड-क्लास प्लांट, CM योगी ने रखी नींव, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार
Ball Corporation Plant Meerut: मेरठ की किस्मत बदलेगा ₹2,900 करोड़ का ये मेगा प्रोजेक्ट, CM योगी बोले- वैश्विक निवेशकों की पहली पसंद बना UP
NDTV इंडिया

उत्तर प्रदेश में बड़े निवेश के साथ नए रोजगार के रास्ते खुल रहे हैं. मेरठ में ग्लोबल कंपनी Ball Corporation ₹2,900 करोड़ से वर्ल्ड-क्लास एल्युमिनियम बेवरेज कैन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट बनाने जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से वर्चुअली इस प्लांट की नींव रखी. उन्होंने कहा कि मेरठ अब एडवांस ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग के बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है. CM योगी ने इस प्रोजेक्ट को आत्मनिर्भर भारत, आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश और विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश की दिशा में एक अहम कदम बताया. उन्होंने प्लांट के लिए उत्तर प्रदेश को चुनने पर Ball Corporation की टीम का धन्यवाद भी किया.

हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार, MSME को भी फायदा

CM योगी ने कहा कि यह प्लांट क्षेत्र के लिए एक बड़ी औद्योगिक इकाई बनेगा. इससे हजारों युवाओं को सीधे और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की उम्मीद है. इसके साथ ही स्थानीय MSME, पैकेजिंग सप्लायर, लॉजिस्टिक्स कंपनियों, ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर और रीसाइक्लिंग से जुड़े कारोबारियों के लिए भी नए अवसर खुलेंगे.

मेरठ पहले से ही स्पोर्ट्स गुड्स इंडस्ट्री के लिए दुनियाभर में अलग पहचान रखता है. अब शहर पारंपरिक उद्योगों के साथ एडवांस मैन्युफैक्चरिंग के केंद्र के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है.

मेरठ में निवेश के लिए क्यों बढ़ रही दिलचस्पी?

CM योगी ने कहा कि नमो भारत रैपिड रेल, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न-वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से मेरठ की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है. जेवर में बनने वाले नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के करीब होने से भी यह शहर उद्योग और लॉजिस्टिक्स के लिए आकर्षक बन रहा है.

भारत में सॉफ्ट ड्रिंक, जूस, एनर्जी ड्रिंक और रेडी-टू-ड्रिंक पेय पदार्थों का बाजार बढ़ रहा है. ऐसे में Ball Corporation को ग्राहकों और पेय पदार्थ बनाने वाली कंपनियों के करीब प्लांट लगाने से कारोबार बढ़ाने का मौका मिलेगा.

यूपी में 35 हजार से ज्यादा फैक्ट्रियां

CM योगी ने कहा कि 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या करीब 14 हजार से बढ़कर 35 हजार से ज्यादा हो गई है. उनके मुताबिक, बेहतर कानून-व्यवस्था, कनेक्टिविटी, इंफ्रास्ट्रक्चर, औद्योगिक जमीन और तैयार वर्कफोर्स से निवेश बढ़ा है. उन्होंने दावा किया कि यूपी देश की टॉप तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है.राज्य का बजट, GSDP, प्रति व्यक्ति आय और महिलाओं की वर्कफोर्स में भागीदारी 2017 के मुकाबले करीब तीन गुना बढ़ी है. योगी ने यह भी कहा कि देश के मोबाइल फोन मैन्युफैक्चरिंग में यूपी की हिस्सेदारी 55% और इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट उत्पादन में 60% है.

₹50 लाख करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव

CM योगी के मुताबिक, पिछले साढ़े नौ साल में यूपी को ₹50 लाख करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें ₹15 लाख करोड़ से ज्यादा के निवेश जमीन पर उतर चुके हैं. राज्य अब ₹7.5 लाख करोड़ के निवेश को जमीन पर उतारने की तैयारी कर रहा है.यूपी में करीब एक करोड़ MSME यूनिट और 25 हजार से ज्यादा स्टार्टअप हैं. सरकार ने 36 सेक्टर आधारित पॉलिसी बनाई हैं, 75 हजार एकड़ से ज्यादा का इंडस्ट्रियल लैंड बैंक तैयार किया है और निवेश को बढ़ावा देने के लिए 27 आधुनिक इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर विकसित किए हैं.

Samsung, LG, Dixon, CNH Industrial, HCL-Foxconn, Microsoft, IBM, PepsiCo और Ball Corporation जैसी कंपनियां यूपी को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में योगदान दे रही हैं.

CM योगी ने Ball Corporation से स्थानीय MSME से खरीद बढ़ाने, कुशल युवाओं को ट्रेनिंग देने और ऑथराइज्ड रीसाइक्लिंग एजेंसियों के साथ मिलकर सस्टेनेबल मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने की अपील की. उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रोजेक्ट के पूरे सफर में यूपी सरकार कंपनी के साथ एक भरोसेमंद पार्टनर की तरह खड़ी रहेगी.


यह भी पढ़ें | रिटायरमेंट के बाद किस्तों में PF निकालने पर लगेगा टैक्स या मिलेगी छूट? EPF0 के SWP ऑप्शन पर एक्सपर्ट्स की राय

यह भी पढ़ें | 8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग से बेसिक पे में 50% DA मर्ज करने की मांग, कितनी बढ़ेगी सैलरी?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP Investment Project, Meerut News, CM Yogi Adityanath, Uttar Pradesh Investment, UP Investment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com