विज्ञापन

यूपी बाढ़ पर पीएम मोदी की नजर, वाराणसी के मेयर और डीएम से की बात; प्रयागराज में बढ़ा गंगा-यमुना का जलस्तर

उत्तर प्रदेश के 23 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं. प्रयागराज में गंगा-यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी के मेयर और जिलाधिकारी से बातचीत कर हालात की जानकारी ली, जबकि प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा है.

यूपी बाढ़ पर पीएम मोदी की नजर, वाराणसी के मेयर और डीएम से की बात; प्रयागराज में बढ़ा गंगा-यमुना का जलस्तर
UP Flood Update: पीएम मोदी ने लिया बाढ़ का जायजा, 23 जिले प्रभावित, प्रयागराज में खतरे के निशान के करीब गंगा-यमुना
वाराणसी / प्रयागराज:

उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है. प्रयागराज, वाराणसी, चित्रकूट, बलिया, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, चंदौली और गाजीपुर समेत 23 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं. प्रशासन के अनुसार अब तक 16,784 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है, जबकि हजारों परिवार राहत शिविरों और अस्थायी आश्रयों में रह रहे हैं. प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच रहा है. इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी के मेयर और जिलाधिकारी से फोन पर बातचीत कर हालात की जानकारी ली और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की.

UP Flood: वाराणसी में बाढ़ के हालात

UP Flood: वाराणसी में बाढ़ के हालात
Photo Credit: IANS

पीएम मोदी ने लिया हालात का जायजा

उत्तर प्रदेश में बाढ़ की लगातार बिगड़ती स्थिति के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी के मेयर और जिलाधिकारी से बातचीत कर हालात की जानकारी प्राप्त की. प्रधानमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की तथा प्रशासन को लोगों की सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए. वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जिलों में गंगा का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन अलर्ट मोड पर है. सभी संबंधित विभागों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं.

UP Flood: जलमग्न वाराणसी

UP Flood: जलमग्न वाराणसी
Photo Credit: IANS

प्रयागराज में 48 घंटे में दो मीटर से अधिक बढ़ा जलस्तर

प्रयागराज में बीते 48 घंटों के दौरान गंगा और यमुना नदियों के जलस्तर में दो मीटर से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. बढ़ते जलस्तर के कारण नदियां खतरे के निशान के करीब पहुंच चुकी हैं.

जिलाधिकारी मनीष वर्मा ने बताया कि गंगा और यमुना के साथ-साथ टोंस नदी का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है. टोंस नदी में पानी बढ़ने से गंगा का बहाव धीमा पड़ा है, जिसके चलते झूंसी क्षेत्र का बदरा-सोनौटी मुख्य मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गया है.

यमुनापार के कोरांव क्षेत्र के कई संपर्क मार्ग भी प्रभावित हुए हैं. वहीं राजापुर, अल्लापुर, छोटा बघाड़ा और सलोरी जैसे शहरी इलाकों में नदी के फैलाव और बैकफ्लो का पानी पहुंच गया है.

UP Flood: प्रयागराज में बाढ़ का खतरा

UP Flood: प्रयागराज में बाढ़ का खतरा

प्रशासन अलर्ट, राहत शिविर तैयार

जिलाधिकारी ने बताया कि फिलहाल किसी आबादी वाले क्षेत्र से लोगों को विस्थापित करने की आवश्यकता नहीं पड़ी है, लेकिन जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. यदि पानी और बढ़ता है तो निचले इलाकों के परिवारों को राहत शिविरों में भेजा जा सकता है. प्रशासन ने सभी राहत शिविरों में भोजन, पेयजल और ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी है. प्रभावित क्षेत्रों में लगातार मुनादी कराई जा रही है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है. जिन रास्तों पर पानी भर गया है वहां बैरिकेडिंग की गई है. संगम क्षेत्र और तटीय इलाकों में जल पुलिस भी लगातार गश्त कर रही है. नावों के माध्यम से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी जा रही है.

UP Flood: जलमग्न प्रयागराज

UP Flood: जलमग्न प्रयागराज

चित्रकूट में राहत सामग्री वितरण को लेकर नाराजगी

चित्रकूट में बाढ़ प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से राहत सामग्री वितरित की जा रही है. प्रधानमंत्री की तस्वीर लगी बोरियों में राशन, अनाज, आलू, बाल्टी और तिरपाल सहित राहत किट तैयार कर लोगों को दिया जा रहा है.

प्रशासन का दावा है कि सर्वे के आधार पर पात्र लाभार्थियों को मदद पहुंचाई जा रही है. हालांकि कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि वास्तविक पीड़ित परिवारों तक राहत सामग्री नहीं पहुंच रही है.

इसी मुद्दे को लेकर राहत केंद्रों पर नाराजगी भी देखने को मिली. कई स्थानों पर लोगों और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप कर व्यवस्था संभालनी पड़ी.

UP Flood: प्रयागराज में बाढ़ से बढ़ी परेशानी

UP Flood: प्रयागराज में बाढ़ से बढ़ी परेशानी

23 जिलों में बाढ़ का प्रभाव

राज्य सरकार के अनुसार अब तक बाढ़ से 35 जिले प्रभावित हुए हैं, जिनमें फिलहाल 23 जिलों में स्थिति गंभीर बनी हुई है. प्रभावित जिलों में अयोध्या, आजमगढ़, बलिया, बाराबंकी, बदायूं, चंदौली, फर्रुखाबाद, गाजीपुर, गोरखपुर, हरदोई, कासगंज, लखीमपुर खीरी, मिर्जापुर, मुरादाबाद, पीलीभीत, प्रयागराज, रायबरेली, संत कबीर नगर, शाहजहांपुर, सीतापुर, सोनभद्र, उन्नाव और वाराणसी शामिल हैं. अब तक 16,784 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है. इनमें से 3,042 लोगों को केवल बुधवार को निकाला गया.

तीन की मौत, हजारों लोग प्रभावित

बारिश और बाढ़ से संबंधित घटनाओं में अब तक तीन लोगों की मौत हुई है. प्रतापगढ़ में 18 महीने के प्रियंश और अमरोहा के गजरौला में 32 वर्षीय शेरा तथा 55 वर्षीय सुरेश की जान चली गई. सरकार के मुताबिक राहत और बचाव कार्यों के लिए 1,499 नावें और मोटरबोट लगाई गई हैं. साथ ही 1,067 मेडिकल टीमें भी तैनात की गई हैं.

बलिया, पीलीभीत और लखीमपुर खीरी में भी संकट

बलिया में गंगा और सरयू नदियों के बढ़ते जलस्तर से लगभग 20,500 लोग प्रभावित हुए हैं. यहां 83 नावों को राहत कार्य में लगाया गया है. प्रशासन ने 6,500 राशन किट, 33,843 दवा किट और 83,092 खाद्य पैकेट वितरित किए हैं. पीलीभीत में शारदा, देओहा और खकरा नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है. खकरा पुल डूबने से करीब 18 गांवों का संपर्क टूट गया है. एहतियात के तौर पर कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं. लखीमपुर खीरी में शारदा नदी खतरे के निशान से 35 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है. कई गांवों के रास्ते और खेती की जमीन जलमग्न हो गई है. प्रशासन ने नदी कटान प्रभावित क्षेत्रों में चौबीसों घंटे निगरानी शुरू कर दी है. चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के किनारे स्थित चौरा गांव से लगभग 150 लोगों को बचाया गया. 42वीं वाहिनी पीएसी की मोटरबोटों की मदद से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. बचाए गए लोगों को भोजन, राहत सामग्री और चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध कराई गई.

राहत कार्य तेज, प्रशासन ने जारी की अपील

राज्य सरकार ने अब तक 68,953 खाद्यान्न पैकेट, 3.36 लाख से अधिक भोजन पैकेट, 5.02 लाख क्लोरीन टैबलेट और 1.77 लाख ओआरएस पैकेट वितरित करने का दावा किया है. प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है. फिलहाल पूरे प्रदेश में बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और राहत-बचाव अभियान जारी है.

यह भी पढ़ें : चित्रकूट में बाढ़ के बीच आस्था की अनोखी तस्वीर, जलमग्न होने के बाद भी मंदिर छोड़ने को तैयार नहीं हुए पुजारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP Flood, PM Modi, Varanasi Flood, Prayagraj Flood, PM Modi Call
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com