- PM मोदी दिसंबर में फ्लोरिडा में G20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए अमेरिका जा सकते हैं
- अमेरिका यात्रा इसपर निर्भर करेगी कि US संसद से पास रूस पर प्रतिबंध लगाने वाले बिल का भारत पर क्या असर होता है
- कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने पुष्टि की है कि दिसंबर में प्रधानमंत्री मोदी कनाडा का दौरा करेंगे
भारत की विदेश नीति के लिए दिसंबर का महीना बहुत अहम होने जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिसंबर के महीने में फ्लोरिडा में होने जा रहे G20 नेताओं के शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए अमेरिका जा सकते हैं. हालांकि पीएम मोदी का यह दौरा होगा या नहीं, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि रूस के साथ व्यापार पर लगे अमेरिका के प्रतिबंध और उससे जुड़े टैरिफ की आंच भारत पर कितनी आती है. अमेरिका से इतर पीएम मोदी का इसी महीने तीन अन्य देशों- जर्मनी, कनाडा और बेल्जियम का दौरा होना है.
अमेरिका का दौरा- प्रश्नचिन्ह बरकरार
फ्लोरिडा में होने जा रहे G20 शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दुनिया भर के नेताओं की इस बैठक की मेजबानी करेंगे. यह शिखर सम्मेलन जो 14 से 15 दिसंबर तक ट्रंप नेशनल डोराल मियामी रिजॉर्ट में आयोजित होगा. NDTV को मिली अंदरूनी जानकारी के अनुसार G20 के लिए पीएम मोदी की अमेरिका यात्रा इस बात पर निर्भर करेगी कि अमेरिकी संसद से पास रूस पर प्रतिबंध लगाने वाले बिल का भारत पर क्या असर होता है.
बता दें कि भारत के केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा था कि भारत पहले नए कानून के तहत रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर लगाए जा सकने वाले अमेरिकी टैरिफ के डिटेल्स का अध्ययन करेगा और उसके बाद उचित समय पर इस मुद्दे पर चर्चा करेगा. अगर पीएम मोदी अमेरिका की यात्रा करते हैं तो G20 शिखर सम्मेलन से इतर डोनाल्ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय बैठक कर सकते हैं.
कनाडा का दौरा- पीएम कार्नी ने भी लगाई मुहर
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिसंबर में कनाडा दौरे पर आएंगे. बता दें कि दोनों देश 2026 के आखिर तक एक ट्रेड डील को अंतिम रूप देने की कोशिश कर रहे हैं. कनाडा के पीएम ने कहा कि भारत के साथ व्यापार बातचीत में अच्छी प्रगति हो रही है. उन्होंने यह भी कहा कि भारत-कनाडा के द्विपक्षीय संबंध कई क्षेत्रों में बेहद महत्वपूर्ण हैं.
कार्नी ने न्यूयॉर्क में UN महासभा से इतर एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कहा, "हम भारत के साथ अपनी व्यापार बातचीत में अच्छी प्रगति कर रहे हैं. यह कई स्तरों पर एक बेहद महत्वपूर्ण रिश्ता है... वे (पीएम मोदी) उस समय के आसपास कनाडा का दौरा करेंगे. मैं उनकी मेजबानी करने के लिए बहुत उत्सुक हूं."
बेल्जियम का दौरा
दिसंबर में ही पीएम मोदी बेल्जियम पहुंचेंगे जहां नजर भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते पर होगी. भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते पर जनवरी 2026 में मुहर लगी थी. बता दें कि 3 हफ्ते पहले ही बेल्जियम के पीएम ने भारत का दौरा किया था. यह बेल्जियम पीएम का पहला भारत दौरा था.
जर्मनी का दौरा
पीएम मोदी जर्मनी भी जाएंगे जहां वह 8वीं भारत-जर्मनी अंतर-सरकारी परामर्श (IGC) में शिरकत करेंगे. यह दोनों देशों के बीच उच्च स्तरीय द्विपक्षीय वार्ता की एक विशेष व्यवस्था है. जनवरी 2026 में यह बैठक भारत में हुई थी और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने अहमदाबाद का दौरा किया था. अब पीएम मोदी की जर्मनी जाते बारी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं