विज्ञापन

रक्षाबंधन से पहले केमिकल वाले रसगुल्ले ! गाजियाबाद में 10 क्विंटल 'मीठा जहर' नष्ट; खाद्य विभाग को मिली गंदगी

रक्षाबंधन से पहले अगर आप बाजार से मिठाई खरीदने जा रहे हैं तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है. गाजियाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी कर करीब 10 क्विंटल छेना रसगुल्ले नष्ट कर दिए.

रक्षाबंधन से पहले केमिकल वाले रसगुल्ले ! गाजियाबाद में 10 क्विंटल 'मीठा जहर' नष्ट; खाद्य विभाग को मिली गंदगी
रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग का बड़ा छापा, 10 क्विंटल रसगुल्ले नष्ट
गाजियाबाद:

रक्षाबंधन से पहले मिठाइयों में मिलावट रोकने के लिए गाजियाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. विभाग की टीम ने क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के भीमनगर स्थित एक प्रतिष्ठान पर छापा मारकर करीब 10 क्विंटल छेना रसगुल्ले बरामद किए. अधिकारियों के अनुसार रसगुल्ले कथित तौर पर मिलावटी पनीर, चीनी और सेफोलाइट जैसे रसायनों का उपयोग कर तैयार किए जा रहे थे. प्रारंभिक जांच में निर्माण की स्थिति भी बेहद अस्वच्छ पाई गई. इसके बाद पूरे स्टॉक को नष्ट कर दिया गया और उत्पादों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं. मामले में लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.

शिकायत के बाद हुई छापेमारी

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर छेना रसगुल्लों का उत्पादन किया जा रहा है. शिकायत मिलने के बाद विभागीय टीम ने भीमनगर स्थित सचिन छेना स्टोर पर छापेमारी की. जांच के दौरान अधिकारियों को बड़ी मात्रा में तैयार छेना रसगुल्ले मिले. निरीक्षण में उत्पादन स्थल की स्वच्छता व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हुए.

10 क्विंटल मिठाई नष्ट

प्रारंभिक जांच में गुणवत्ता मानकों को लेकर संदेह पैदा होने पर विभाग ने मौके पर मौजूद करीब 10 क्विंटल छेना रसगुल्लों को नष्ट करा दिया. इसके अलावा रसगुल्ला, पनीर, एरारोट और सेफोलाइट के चार नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं. विभाग के मुताबिक, सेफोलाइट में सोडियम फॉर्मेल्डिहाइड सल्फोक्सिलेट जैसे रसायन का इस्तेमाल किया जाता है. अब लैब रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि खाद्य पदार्थों में किसी प्रतिबंधित या मानक के विपरीत पदार्थ का इस्तेमाल हुआ था या नहीं.

लाइसेंस निरस्त करने की तैयारी : अधिकारी

खाद्य विभाग के अधिकारी सुरेश कुमार मिश्रा ने बताया, "खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के निर्देश पर मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. हमें सूचना मिली थी कि इस परिसर में बड़ी मात्रा में छेना रसगुल्ला तैयार किया जा रहा है." उन्होंने आगे कहा, "करीब 10 क्विंटल छेना रसगुल्ले पाए गए, जिन्हें बेहद अस्वच्छ और गंदे माहौल में बनाया जा रहा था. विभिन्न रसायनों के इस्तेमाल की आशंका के चलते उत्पादों को नष्ट किया गया है. चार नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं. रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी." अधिकारियों के मुताबिक गोदाम संचालक के खिलाफ लाइसेंस निलंबन अथवा निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. यदि प्रयोगशाला रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होती है तो खाद्य सुरक्षा कानूनों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

4 दिन पहले भोजपुर में पकड़ा था मिलावटी पनीर-मावा

इससे पहले करीब चार दिन पहले मोदीनगर के पास भोजपुर में भी खाद्य विभाग ने कार्रवाई की थी. टीम ने वहां बड़ी मात्रा में संदिग्ध पनीर, मावा और अन्य खाद्य सामग्री जब्त की थी. विभाग को शिकायत मिली थी कि इलाके में छेना, मावा, केक और घेवर में मिलावट कर इन्हें तैयार किया जा रहा है. इसके बाद टीम ने जांच अभियान और तेज कर दिया.

डीएम ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

त्योहारों को देखते हुए डीएम गाजियाबाद रविंद्र कुमार मांदड़ ने खाद्य विभाग को मिलावट के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों से शिकायत मिलने पर तत्काल जांच करने और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल लेने को कहा गया है. खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, सैंपल की रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित फर्म के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी. त्योहारों तक मिलावट के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा.

यह भी पढ़ें : सावधान! त्योहारों में बढ़ रही है मिलावट... पनीर-मसाले से लेकर दूध तक, 60% से ज्यादा फूड सैंपल फेल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Food Adulteration, Raksha Bandhan, Adulterated Sweets, Rasgulla, Food Department Raid
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com