दिवाली आ गई है. घरों में कई तरह के पकवान बन रहे हैं. मिठाई बनाई जा रही हैं. लेकिन जो पकवान और मिठाई बन रही है, क्या वह पूरी तरह से शुद्ध है? क्योंकि मिलावटखोर हर चीज में मिलावट कर रहे हैं. चाहे पनीर हो, खोया हो या फिर कुछ और चीज.
सरकार और प्रशासन इन मिलावटखोरों पर कार्रवाई कर रही है और इसी कार्रवाई से यह भी पता चल रहा है कि मिलावट किस हद तक बढ़ती जा रही है. कहीं बिना दूध के केमिकल से मावा बन रहा था तो कहीं पाम ऑयल से नकली मावा तैयार किया जा रहा था.
दिवाली से पहले ही देशभर में कई जगहों पर छापेमारी की गई. हजारों किलो नकली सामान बरामद किया गया. हजारों किलो सामान को नष्ट भी कर दिया गया.
कहां-कहां हुई बड़ी कार्रवाई?
खुर्जा, बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश): नवंबर 2026 में 1,000 किलो नकली पनीर और 200 किलो नकली मावा जब्त. रिफाइंड ऑयल के टिन और मिल्क पाउडर भी कच्चे माल के रूप में मिले.
देवास (मध्य प्रदेश): नवंबर 2026 में बैन किए गए एनालॉग मावा से बनी 550 किलो मिलावटी मिठाई जब्त. लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू.
अहमदाबाद (गुजरात): नवंबर 2026 में 510 किलो घटिया मावा जब्त. लैब टेस्ट फेल होने पर दुकान सील.
सिरोही (राजस्थान): नवंबर 2026 में 100 किलो से ज्यादा केमिकल बेस्ड नकली मावा जब्त, जिसमें दूध का इस्तेमाल ही नहीं हुआ था.
अहमदाबाद (गुजरात): अक्टूबर 2026 में 40,500-45,000 किलो संदिग्ध मावा बिक्री से रोका गया, सैंपल लैब भेजे गए.
मोरी गेट खोया मार्केट, दिल्ली: नवंबर 2026 में 6,700-7,000 किलो बदबूदार खोया मौके पर ही जब्त कर नष्ट किया गया.

सीहोर (मध्य प्रदेश): नवंबर 2026 में गाड़ी से 4,000-5,000 किलो मावा जब्त, सैंपल जांच के लिए भेजे गए.
औरंगाबाद (महाराष्ट्र): सितंबर 2026 में पाम ऑयल से बना 4,765 किलो नकली मावा जैसा प्रोडक्ट जब्त. महाराष्ट्र FDA ने कार्रवाई की, कीमत करीब 8 लाख रुपये.
कानपुर (उत्तर प्रदेश): नवंबर 2026 में 1,600 किलो संदिग्ध मिलावटी खोया और 2,200 किलो दूषित खोया जब्त कर नष्ट किया गया. ये खाने लायक नहीं था.
नांदेड़ (महाराष्ट्र): अक्टूबर 2026 में 9,744 किलो संदिग्ध मिलावटी खाने का तेल जब्त. सैंपल जांच के लिए भेजे गए.
भीलवाड़ा (राजस्थान): नवंबर 2026 में 5,000 लीटर रिफाइंड सोयाबीन ऑयल के साथ 250 किलो खराब मावा जब्त. ऑयल जब्त कर सैंपल लैब भेजे गए, मावा मौके पर ही नष्ट किया गया.
UP में कई टोल प्लाजा: नवंबर 2026 में वाहनों की चेकिंग में 2,200 किलो बदबूदार खोया और 2,800 किलो पनीर जब्त.
फेस्टिव सीजन में कैसे बचें?
अब दिक्कत ये है कि त्योहार है और मिठाई भी बनानी है लेकिन बाजार में मिलावटी सामान मिल रहा है तो ऐसी स्थिति में क्या करें?
इस बारे में महाराष्ट्र FDA के कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने खरीदारी करते समय सावधानी बरतने की अपील की. उन्होंने सलाह दी कि वे मिठाइयां केवल दो-तीन दिन की खपत के लिए ही खरीदें, न कि लंबे समय तक फ्रिज में जमा करके रखें.
उन्होंने खोये से बनी ऐसी मिठाइयां न खरीदने की भी चेतावनी दी, जो दुकानों में दो-तीन दिनों से अधिक समय से रखी हुई हैं.
उन्होंने चेतावनी दी, 'चांदी या सोने के फॉयल से सजी मिठाइयों के मामले में विशेष सावधानी बरतें. असली चांदी की पहचान करने के लिए, वर्क के एक टुकड़े को अपने हाथ पर रगड़ें. अगर वह पूरी तरह से घुल जाए, तो वह असली चांदी है. अगर वह एक परत या पन्नी की तरह मुड़ जाए, तो वह एल्युमिनियम है.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं