विज्ञापन

Anthropic IPO: इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ, आज लिस्‍ट होते ही अरबपति हो जाएंगे 7 को-फाउंडर्स

एआई कंपनी एंथ्रोपिक ने आईपीओ के जरिए 81.3 अरब डॉलर जुटाकर इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ पेश किया है. कंपनी ने एलन मस्क की स्पेसएक्स का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. इसके बाद एंथ्रोपिक की बाजार वैल्यू करीब 1.5 लाख करोड़ डॉलर हो गई है. कंपनी के शेयर नैस्डेक पर 'ANT' नाम से ट्रेड करेंगे. इस आईपीओ से कंपनी के 7 फाउंडर्स में हर एक को करीब 280 मिलियन डॉलर (लगभग 2,500 करोड़ रुपये) मिलने का अनुमान है.

Anthropic IPO: इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ, आज लिस्‍ट होते ही अरबपति हो जाएंगे 7 को-फाउंडर्स
Anthropic IPO से सातों फाउंडर्स की चमकेगी किस्मत
NDTV Graphics

Anthropic IPO: चैटबॉट 'क्लॉड' (Claude) बनाने वाली आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी एंथ्रोपिक (Anthropic) ने अपना आईपीओ लाकर 81.3 अरब डॉलर (करीब 7.3 लाख करोड़ रुपये) जुटाए हैं. यह इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ बताया जा रहा है. इसके साथ ही कंपनी ने एलन मस्क की स्पेसएक्स (SpaceX) का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिसने जून में अपने शेयर बाजार में उतारकर शुरुआती तौर पर 75 अरब डॉलर जुटाए थे. इस आईपीओ ने कंपनी के 7 फाउंडर्स की संपत्ति में भी बड़ा इजाफा किया है. कंपनी के शेयर बाजार में उतरते से सातों फाउंडर्स अरबपति बन जाएंगे.

कंपनी ने 18 नवंबर को अपना आईपीओ 83 डॉलर प्रति शेयर के भाव पर पेश किया. यह कंपनी के पहले तय किए गए 70 से 78 डॉलर के प्राइस बैंड से ज्यादा है. इससे पता चलता है कि निवेशकों में कंपनी के शेयरों को लेकर काफी मांग रही.

हर फाउंडर को मिलेंगे करीब 280 मिलियन डॉलर

एंथ्रोपिक की ओर से शेयर बाजार में जमा कराए गए दस्तावेजों के मुताबिक, कंपनी के सातों फाउंडर आईपीओ के दौरान 33,78,378 शेयर बेचने की योजना बना रहे हैं. 83 डॉलर प्रति शेयर के हिसाब से हर फाउंडर्स को करीब 28.04 करोड़ डॉलर (करीब 2,500 करोड़ रुपये) मिलेंगे. इस तरह सातों फाउंडर्स मिलकर शेयरों की बिक्री से करीब 1.96 अरब डॉलर (करीब 17,600 करोड़ रुपये) जुटा सकते हैं. हालांकि, उनकी कमाई यहीं तक सीमित नहीं रहेगी. IPO के बाद भी सातों के पास कंपनी के करोड़ों शेयर बने रहेंगे.

यह भी पढ़ें | Haldiram IPO: पैसा रखें तैयार, हल्दीराम के शेयर खरीदने का मिलेगा मौका, कंपनी लाएगी 10,000 करोड़ रुपये का आईपीओ

कौन हैं Anthropic के सातों फाउंडर?

एंथ्रोपिक की स्थापना जनवरी 2021 में ओपनएआई के 7 पूर्व कर्मचारियों और रिसर्चर ने की थी. एआई के विकास की दिशा और उसकी सुरक्षा को लेकर मतभेदों के बाद इन लोगों ने ओपनएआई छोड़कर अपनी कंपनी शुरू की थी.

कंपनी के 7 फाउंडर्स हैं:

1. डारियो अमोडेई: डारियो अमोडेई एंथ्रोपिक के सीईओ हैं. कंपनी की रिसर्च और बिजनेस रणनीति में उनकी अहम भूमिका है. इससे पहले वह ओपनएआई में सीनियर रिसर्च की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.

2. डानिएला अमोडेई: डारियो अमोडेई की बहन हैं और कंपनी की प्रेसिडेंट व बोर्ड चेयर हैं. एंथ्रोपिक शुरू करने से पहले वह ओपनएआई और पेमेंट कंपनी सट्राइप में काम कर चुकी हैं.

3. टॉम ब्राउन: कंपनी में चीफ कंप्यूट ऑफिसर हैं.ओपनएआई में जीपीटी-3 के इंजीनियरिंग काम से जुड़े रहे हैं. एंथ्रोपिक में एआई मॉडल के लिए जरूरी कंप्यूटिंग संसाधनों की व्यवस्था देखते हैं.

4. जैक क्लार्क: कंपनी में पब्लिक बेनिफिट से जुड़े काम संभालते हैं. एआई तकनीक का समाज पर क्या असर होगा, इस पर रिसर्च और नीतिगत काम करते हैं.

5. जारेड कपलान: कंपनी के चीफ साइंस ऑफिसर हैं. वह भौतिक विज्ञानी और एआई रिसर्चर हैं. एआई मॉडल की क्षमता और कंप्यूटिंग पावर के बीच संबंधों पर उनका काम रहा है.

6. सैम मैककैंडलिश: कंपनी के चीफ आर्किटेक्ट हैं. एआई मॉडल की ट्रेनिंग और उससे जुड़े तकनीकी ढांचे पर काम करते हैं.

7. क्रिस ओला: एआई मॉडल के काम करने के तरीके को समझने से जुड़ी रिसर्च करते हैं. उनका फोकस यह जानना है कि एआई सिस्टम किसी नतीजे तक कैसे पहुंचते हैं.

हर फाउंडर के पास रहेंगे करीब 20 अरब डॉलर के शेयर

आईपीओ में कुछ शेयर बेचने के बाद भी सातों फाउंडर्स की कंपनी में बड़ी हिस्सेदारी बनी रहेगी. कंपनी की रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक, हर फाउंडर के पास करीब 23.7 करोड़ से 24.1 करोड़ शेयर बचे रहेंगे. 83 डॉलर प्रति शेयर के भाव से इन शेयरों की कीमत करीब 19.7 अरब से 20 अरब डॉलर बैठती है. भारतीय रुपये में यह रकम करीब 1.8 लाख करोड़ रुपये है.

आईपीओ के बाद भी फाउंडर्स के पास रहेगा कंपनी का कंट्रोल

एंथ्रोपिक के सातों फाउंडर्स के पास सिर्फ कंपनी की बड़ी हिस्सेदारी ही नहीं रहेगी, बल्कि वे इसके फैसलों में भी मजबूत भूमिका निभाते रहेंगे. कंपनी ने इसके लिए एक खास व्यवस्था बनाई है. इसके तहत फाउंडर एलएलसी नाम की संस्था के पास क्लास एफ का एक विशेष शेयर होगा. शुरुआत में इस संस्था के सदस्य सातों को-फाउंडर ही होंगे. कंपनी की फाइलिंग के मुताबिक, इस विशेष शेयर के जरिए फाउंडर एलएलसी को शेयरधारकों के सामान्य मतदान वाले मामलों में कुल 50.1 फीसदी वोटिंग अधिकार मिलेंगे. इसका मतलब है कि शेयर बाजार में लिस्टिंग के बाद भी कंपनी की दिशा और बड़े फैसलों पर सातों फाउंडर्स का सामूहिक कंट्रोल बना रहेगा.

Nasdaq पर 'ANT' नाम से होगी ट्रेडिंग

एंथ्रोपिक के शेयर गुरुवार से अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित नैस्डेक स्टॉक एक्सचेंज पर कारोबार के लिए उपलब्ध होंगे. कंपनी के शेयर बाजार में 'ANT' टिकर के नाम से ट्रेड करेंगे. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Anthropic AI, IPO
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com