सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को कथित तौर पर कट्टरपंथ और आतंकवाद की ओर धकेलने वाले शहजाद भट्टी के नेटवर्क को लेकर गुरुवार को उत्तर प्रदेश पुलिस के एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) अमिताभ यश ने बड़ी जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि शहजाद भट्टी का नेटवर्क युवाओं को पैसे और काम का लालच देकर कट्टरपंथी बना रहा है.
उन्होंने बताया कि अब तक उत्तर प्रदेश पुलिस, ATS और STF ने इस नेटवर्क से जुड़े 12 मामले दर्ज किए हैं और 52 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, साथ ही उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई भी की गई है.
एडीजी ने क्या-क्या बताया?
एडीजी अमिताभ यश ने बताया कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के कहने पर पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी का नेटवर्क सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए भारतीय युवाओं को अपने साथ जोड़ रहा है.
पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी द्वारा संचालित राष्ट्रविरोधी नेटवर्क, उसके माध्यम से भारतीय युवाओं को रेडिक्लाइज कर आतंकी गतिविधियों के लिए प्रेरित किए जाने तथा उक्त नेटवर्क के विरुद्ध उत्तर प्रदेश पुलिस, एटीएस एवं एसटीएफ द्वारा अब तक कुल 12 अभियोग पंजीकृत कर 52 अभियुक्तों… pic.twitter.com/jQlpAbnVqc
— UP POLICE (@Uppolice) August 20, 2026
उन्होंने बताया कि इस नेटवर्क के मुख्य सक्रिय सदस्यों में अबिज जट्ट, हमन मेमन, हमात बरकती, जावेद पाकिस्तानी, रजा भाई पाकिस्तानी, अजमल गुर्जर, राशिद भट्टी, राणा हुनैन, मेजर इकबाल, मेजर हामिद और मेजर अनवर जैसे लोग शामिल हैं.
यह भी पढ़ेंः कौन है भारत का मोस्ट वांटेड आतंकी शहजाद भट्टी, कैसे चलाता है पूरा नेटवर्क? TTH से कनेक्शन
12 केस दर्ज, 52 आरोपी गिरफ्तार
यूपी पुलिस ने एक बयान जारी कर बताया कि ATS और STF ने केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर इस साल 26 मई को अभियान चलाया. इस दौरान नेटवर्क से जुड़े करीब 175 संदिग्ध लोगों की जांच की गई.
पुलिस ने बताया कि जांच के बाद 12 मुकदमे दर्ज किए गए और 52 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. उनके पास से पिस्तौल, कारतूस, चाकू, ज्वलनशील पदार्थ एवं आपत्तिजनक पोस्टर बरामद किए गए.
बयान के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस से पहले 12 अगस्त को पूरे राज्य में चलाए गए एक संयुक्त अभियान के दौरान शहजाद भट्टी और उसके नेटवर्क से कथित तौर पर जुड़े और देश विरोधी और आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने के संदेह वाले करीब 62 लोगों को चिह्नित कर उनसे पूछताछ की गई.

पाकिस्तान है कि बौखला गया
शहजाद भट्टी के नेटवर्क पर इस कार्रवाई पर पाकिस्तान बौखला गया है. अपनी आदत से मजबूर पाकिस्तान ने भारत के सभी आरोपों को खारिज कर दिया.
पाकिस्तान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान को खारिज किया है, जिसमें उन्होंने स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभर में हुई संयुक्त सुरक्षा कार्रवाइयों में गिरफ्तार किए गए आतंकवादियों के एक नेटवर्क को उसकी खुफिया एजेंसी आईएसआई से जोड़ा था. पाकिस्तान ने आरोप लगाया कि भारत अपने घरेलू सुरक्षा मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ऐसे दावे कर रहा है.
शाह के बयान पर मीडिया के सवालों के जवाब में पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंदराबी ने सोमवार देर रात एक बयान में कहा कि आरोप 'बेबुनियाद' हैं.
यह भी पढ़ेंः अमित शाह के खुलासे पर तिलमिलाया पाकिस्तान, ISI के 200 ऑपरेटिव की गिरफ्तारी पर क्या बोला 'आतंकी फैक्ट्री'?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं