दिल्ली पुलिस के एसीपी विवेक भगत को एडिशनल डीसीपी के पद पर पदोन्नत कर दिया गया है. यह प्रमोशन ऐसे समय में हुआ है जब 3 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर हुए एक प्रदर्शन के दौरान उन पर एक तथाकथित महिला पत्रकार के साथ छेड़खानी का आरोप लगा था. आरोपों को लेकर विवाद अभी थमा भी नहीं था कि उनके नाम का प्रमोशन आदेश जारी हो गया.
विवेक भगत उन 12 DANIPS अधिकारियों में शामिल हैं जिन्हें उच्च पद पर पदोन्नति दी गई है. विभागीय आदेश के तहत उन्हें एसीपी से एडिशनल डीसीपी बनाया गया है. उनके साथ 11 अन्य अधिकारियों को भी प्रमोट किया गया है.
छेड़खानी का आरोप
गौरतलब है कि 3 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर एक प्रदर्शन के दौरान एक महिला ने खुद को पत्रकार बताते हुए विवेक भगत पर छेड़खानी का आरोप लगाया था. इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा हुई थी और मामले को लेकर सवाल उठाए गए थे. हालांकि, प्रमोशन आदेश में इस विवाद का कोई जिक्र नहीं है और पदोन्नति नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत की गई है.
दिल्ली पुलिस और DANIPS कैडर में यह प्रमोशन सूची इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि इसमें शामिल एक अधिकारी का नाम हाल के दिनों में विवादों के कारण सुर्खियों में रहा है. ऐसे में विवेक भगत को एडिशनल डीसीपी के पद पर पदोन्नत किए जाने को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो सकती है.
यह भी पढ़ें: आतिशी, संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज समेत 500 लोग हिरासत में, CEC के खिलाफ दिल्ली में प्रोटेस्ट जारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं