- गृह मंत्री अमित शाह ने स्वतंत्रता दिवस से पहले ISI समर्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क को खत्म करने की जानकारी दी है
- भारतीय सुरक्षा बलों ने 14 राज्यों में ऑपरेशन कर इस आतंकी नेटवर्क के 200 से अधिक सदस्यों को गिरफ्तार किया
- पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने भारत के आरोपों को बेबुनियाद बताया, इसे नई दिल्ली का दुर्भावनापूर्ण अभियान बताया
आतंकवाद को नेशनल पॉलिसी बनाने वाले पाकिस्तान की नापाक चाल फेल हो गई है और एक बार फिर उसका काला चेहरा दुनिया के सामने है. भारत के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को घोषणा की कि भारतीय सुरक्षा बलों ने स्वतंत्रता दिवस से पहले पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI समर्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क (SBN) को खत्म कर दिया है और इस आतंकी समूह के हमले की योजना को नाकाम कर दिया है. शहजाद भट्टी गैंग के 200 सदस्यों को गिरफ्तार किया है. गृह मंत्री के इस खुलासे से पाकिस्तान तिलमिला गया है और इसे बेबुनियाद दावा बता रहा है.
पाकिस्तान की कलई खुली, अब जहर उगल रहा
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि मोदी सरकार ने स्वतंत्रता दिवस से पहले ISI समर्थित आतंकी गुट 'शहजाद भट्टी नेटवर्क' को खत्म कर दिया और 200 से ज्यादा ऑपरेटिव्स को गिरफ्तार करके उसके विध्वंसक हमलों की साजिश को नाकाम कर दिया. उन्होंने कहा, "भारतीय सुरक्षा बलों ने 14 राज्यों में अलग-अलग जगहों पर एक साथ ऑपरेशन चलाकर इस नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया और आतंकवाद के खिलाफ भारत की 'जीरो-टॉलरेंस' नीति का बेहतरीन उदाहरण पेश किया.
अब पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने उन आरोपों को बेबुनियाद दावा बताकर खारिज कर दिया, जिनमें इन गिरफ्तारियों का संबंध पाकिस्तान से जोड़ा गया था. पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने इन आरोपों को पाकिस्तान के खिलाफ नई दिल्ली के "दुर्भावनापूर्ण अभियान" का एक और उदाहरण बताया.
कमाल की बात है कि दुनिया भर में आतंक की नर्सरी के रूप में पहचाने जाने वाला पाकिस्तान उलटे दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र पर आरोप लगा रहा है. पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने तो यहां तक कह दिया कि भारत आतंकवाद का निर्यात कर रहा है और आतंकवादियों को बढ़ावा दे रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं