विज्ञापन

फूलन देवी बनकर बदला लूंगी... जलते घर के सामने युवती का फूटा गुस्सा, नौ लोगों पर मुकदमा दर्ज

पुलिस ने बताया कि इस मामले में सरकारी काम में बाधा डालने समेत संबंधित धाराओं में लेखपाल की ओर से नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है. पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की है. पूरे मामले की जांच की जा रही है.

फूलन देवी बनकर बदला लूंगी... जलते घर के सामने युवती का फूटा गुस्सा, नौ लोगों पर मुकदमा दर्ज
लखनऊ:

यूपी के बदायूं में एक युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में युवती लेखपाल और पुलिसकर्मियों पर उसके झोपड़ीनुमा घर में आग लगाने का आरोप लगा रही है. युवती ने कार्रवाई करने वालों से बदला लेने की बात कहते हुए खुद को फूलन देवी बनाने की बात कही है. वहीं मामले में लेखपाल की शिकायत पर नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जिनमें पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है.

दरअसल मामला जिले के कादरचौक थाना क्षेत्र के लभारी गांव का है. यहां रहने वाली नन्हीं देवी ने एसडीएम के यहां शिकायत की थी कि उनकी जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है. उन्होंने जमीन की पैमाइश कराकर कब्जा मुक्त कराने की मांग की थी. शिकायत के आधार पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम पैमाइश करने पहुंची थी. इसी दौरान सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए हल्का लेखपाल धीरेन्द्र सिंह ने नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया.

लेखपाल की शिकायत में 29 सितंबर को नन्हीं देवी की शिकायत पर पुलिस टीम के साथ जमीन की पैमाइश की गई थी. पैमाइश के बाद उन्हें उनके रकबे पर कब्जे के लिए बताया गया था. इस दौरान बलवीर पुत्र बनवारी, रामप्रसाद पुत्र दोदराम और चमन पुत्र बलवीर ने विरोध किया था. आरोप है कि 30 सितंबर की रात तीनों ने पैमाइश वाले रकबे पर डाली गई नींव उखाड़ दी.

Latest and Breaking News on NDTV

इसके बाद एक अक्टूबर को राजस्व और पुलिस टीम नींव की स्थलीय जांच करने पहुंची. लेखपाल ने हरदेव पुत्र दोदराम, ओमपाल पुत्र खेमकरन, घमंडी पुत्र खेमकरन, गंगाश्री पत्नी बलवीर, अमरवती पत्नी रामप्रसाद और राजवीर पुत्र देव सिंह समेत नौ लोगों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया.

इसी बीच दूसरे पक्ष की एक युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें उसने राजस्व विभाग की टीम और लेखपाल पर झोपड़ीनुमा मकान में आग लगाने और दूसरे पक्ष का पक्ष लेने का आरोप लगाया. वीडियो में युवती फूलन देवी बनकर बदला लेने की बात कहती नजर आ रही है, जबकि पीछे झोपड़ीनुमा घर जलता दिखाई दे रहा है. हालांकि वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस ने लेखपाल की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में अब तक रामप्रसाद पुत्र दोदराम, बलवीर पुत्र बनवारी, चमन सिंह पुत्र बलवीर, रामवती पत्नी मोहनलाल, हरदेव पुत्र दोदराम को गिरफ्तार कर कार्रवाई की है.

Latest and Breaking News on NDTV

एसपी सिटी अभिषेक सिंह ने बताया कि नन्हीं देवी की शिकायत पर राजस्व विभाग की टीम पैमाइश करने पहुंची थी. टीम के साथ पुलिस भी मौजूद थी. इसी दौरान दूसरे पक्ष ने अपने घर में खुद ही आग लगा ली. इस मामले में सरकारी काम में बाधा डालने समेत संबंधित धाराओं में लेखपाल की ओर से नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है. पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की है. पूरे मामले की जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: 'आपने इतने लोगों को गोली मारी' फूलन देवी से जब एक्टर ने पूछ लिया था ऐसा सवाल, बोलीं- आपसे डर लगता है

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP Crime, Land Dispute, Phoolan Devi, Phoolan Devi Case In Hindi, Social Media
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com