विज्ञापन

लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलर को दिनदहाड़े 5 सेकेंड में मारी 3 गोली, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

लखनऊ के कल्ली पश्चिम इलाके में प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की हत्या की पूरी वारदात वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें हमलावर महज 5 सेकंड में 3 गोलियां मारते दिख रहे हैं. केजीएमयू में इलाज के दौरान कारोबारी की मौत के बाद पुलिस की 4 टीमें हमलावरों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही हैं.

लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलर को दिनदहाड़े 5 सेकेंड में मारी 3 गोली, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
  • लखनऊ में दिन दहाड़े एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, बाइक पर सवार होकर आए थे बदमाश
  • कार से उतरते ही सामने से 5 सेकेंड में किए 3 फायर, सिर के पास लगी गोली
  • ड्राइवर ने इलाज के लिए तुरंत भर्ती कराया, वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखे गए पर नहीं बच सकी जान

Lucknow Property Dealer murder: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में बदमाशों ने दिन दहाड़े फायरिंग करके एक कारोबारी की जान ले ली. वारदात यहां के कल्ली पश्चिम इलाके में हुई जहां बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने बुधवार सुबह-सुबह प्रॉपर्टी कारोबारी संदीप सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. जिसमें कारोबारी संदीप को सीधे सिर के पास गोली लगी और वे गंभीर रुप से घायल होकर गिर पड़े. उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया. जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. 

महज 5 सेकंड में वारदात को दिया अंजाम, CCTV में कैद हुए हमलावर

इस पूरे हत्याकांड का एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है. फुटेज के मुताबिक, प्रॉपर्टी कारोबारी संदीप सिंह सुबह किसी काम से निकले थे. वह जैसे ही कल्ली पश्चिम इलाके में अपनी कार से नीचे उतरे, पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार दो हमलावरों ने उन पर धावा बोल दिया. शूटर ने महज 5 सेकंड के भीतर संदीप सिंह पर बेहद करीब से तीन राउंड फायरिंग की. एक गोली उनके सिर के पास लगी और वह लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़े. वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद हमलावर बाइक से फरार हो गए.

चालक की सूझबूझ भी नहीं आई काम, वेंटिलेटर पर तोड़ा दम

गोलीबारी के वक्त मौके पर मौजूद संदीप सिंह के चालक ने सूझबूझ दिखाई. उसने गंभीर रूप से जख्मी संदीप को तुरंत संभाला और इलाज के लिए पास के एपेक्स ट्रामा सेंटर पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने उनकी हालत को बेहद नाजुक बताते हुए तुरंत वेंटिलेटर सपोर्ट पर रख दिया. स्थिति में सुधार न होते देख उन्हें बेहतर इलाज के लिए केजीएमयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया. हालांकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों और लंबे चले इलाज के बावजूद संदीप सिंह की जान नहीं बचाई जा सकी.

कातिलों की तलाश में पुलिस की 4 टीमें जुटीं

दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. सूचना मिलते ही पीजीआई थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे. डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं. हमलावरों की शिनाख्त और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो शहर के विभिन्न इलाकों में दबिश दे रही हैं. आसपास के रूट पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है. पुलिस फिलहाल प्रॉपर्टी विवाद और पुरानी रंजिश समेत तमाम संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की तफ्तीश कर रही है.
ये भी पढ़ें: 'तुम मेरे बेटे के पैर...', लखनऊ श्वेता सिंह केस में बहनों के ससुराल पक्ष पर संगीन आरोप, पति-ससुर से पूछताछ शुरू, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या?

लेखक के बारे में
img
Vivek Shahi
लखनऊ में स्ट्रिंगर
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lucknow Crime News, Sandeep Singh Murder Lucknow, Lucknow Property Dealer Shot Dead
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com