पिछले साल ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर हुई बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की यादें फैंस के जेहन में अब भी ताजा है. इस सीरीज में 1-3 से मिली हार के चलते भारत का लगातार तीसरा बार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल खेलने का सपन टूट गया था. साथ ही यह विराट कोहली और रोहित शर्मा की आखिरी टेस्ट सीरीज भी थी. हालांकि, इस सीरीज के बाद काफी विवाद हुआ था. इस सीरीज में मिली हार के बाद बीसीसीआई ने एक समीक्षा बैठक बुलाई थी, जिसमें तत्कालीन मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और हेड कोच भी शामिल हुए थे. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा था कि इस मीटिंग के दौरान गंभीर ने कथित तौर पर सरफराज खान का नाम लेकर उन पर ड्रेसिंग रूम की खबरें लीक करने का आरोप लगाया था. इस मामले पर अब पहली बार सरफराज खान ने चुप्पी तोड़ी है. मुंबई के इस बल्लेबाज से साथ ही बताया है कि कैसे इस घटना के बाद उनकी पत्नी और उनके पिता निराश थे और कैसे गंभीर उन्हें फोन करने वाले पहले व्यक्ति थे.
मुंबई के इस बल्लेबाज ने कहा कि इस विवाद की वजह से वह काफी तनाव में आ गए थे, लेकिन गंभीर ने उन्हें खुद फोन किया और सलाह दी कि वे फालतू की राजनीति से दूर रहें और अपना पूरा ध्यान क्रिकेट पर लगाएं. गंभीर ने सरफराज के पिता नौशाद खान से भी बात की और उनके परिवार को ढांढस बंधाया, क्योंकि इन आरोपों का उन पर बुरा असर पड़ रहा था. आकाश चोपड़ा के साथ एक इंटरव्यू में उस घटना को याद करते हुए, सरफराज ने बताया कि उन्हें इस बात की सबसे ज्यादा चिंता थी कि उनके माता-पिता और पत्नी इस स्थिति का सामना कैसे कर रहे हैं.
सरफराज ने कहा,"पहले तो बहुत बुरा लगा. अचानक से मुझे कॉल-मैसेज आने लगे. सोशल मीडिया पर चलने लगा. हालांकि, बीजीटी को खत्म हुए 25-30 दिन हो गए थे. बीजीटी में मुझे चोट लगी थी और मैं एनसीए गया था. रिहैब कर रहा था और तभी अचानक से यह खबर आई थी. मुझे बहुत बुरा लगा था." सरफराज ने आगे बताया कि उन्हें समझ नहीं आया कि वह बात करें तो किससे करें. मुंबई के इस बल्लेबाज ने कहा,"ऐसा कुछ था नहीं. अगर ऐसा कुछ होता तो मैं इंडिया ए टीम में नहीं आता. मैं इंग्लैंड गया था, उसके बाद श्रीलंका गया था. यह सोशल मीडिया पर किसने बोला, मुझे खुद भी नहीं पता."
Sarfaraz Khan on Gautam Gambhir's call during his tough phase of life 🙌 https://t.co/OVHIGcK61x
— adi. (@Hurricanrana_27) November 20, 2026
सरफराज ने आगे कहा,"किसी को फोन कर रहा हूं तो कोई फोन उठाता भी नहीं है उस समय. वह बहुत खराब समय था, मेरे घरवालों के लिए. मेरी जिंदगी में तो संघर्ष हर दिन हैं. मैं तो झेल लूंगा. लेकिन पापा के लिए बुरा लगा था. अम्मी, भाई, पत्नी के लिए बुरा लगा था." "सोशल मीडिया पर एक छोटी सी चीज को भी बहुत बड़ा बना देते हैं. बहुत पहले मैंने एक कहावत सुनी थी कि किसी का काम खराब नहीं कर सकते तो उसका नाम खराब कर दो.काम अपने आप खराब हो जाएगा." "किसी ने मेरे साथ यही करने की कोशिश की."
वहीं जब उनसे पूछा गया कि भारतीय टीम का कोई सितारा उनके साथ आया तो इस पर उन्होंने कहा,"मुझे अपना फोन बंद करना पड़ा. इतने फोन आ रहे थे कि मुझे फोन बंद करना पड़ा था. दो दिन बार गौतम गंभीर सर ने फोन किया था.उन्होंने मुझसे कहा कि ये सब बेकार की बातें हैं, इन सब राजनीति में मत पड़ो और अपने खेल पर ध्यान दो. मैंने उनसे कहा कि मैं यह बात समझ सकता हूं, लेकिन मेरे पिता दुखी हैं और मेरी पत्नी भी रो रही हैं."
सरफराज ने आगे कहा,"गौतम गंभीर सर ने मेरे पिता से बात की और उनसे कहा कि ऐसी बातों को अहमियत देना बंद करें और सरफराज को क्रिकेट खेलने दें, क्योंकि वह एक अच्छा क्रिकेटर है. उन्होंने मेरे पिता से कहा कि अगर उन्हें किसी मदद की ज़रूरत हो, तो वे उन्हें फोन कर सकते हैं. सबसे पहले उन्होंने ही मुझे फोन किया था."
बता दें, सरफराज ने भारत के लिए छह टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 37.10 की औसत से 371 रन बनाए हैं. इसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं. उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच नवंबर 2024 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था. इसके बाद वह ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय टीम का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें कोई टेस्ट मैच खेलने का मौका नहीं मिला. उन्हें 2026 की श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए साई सुदर्शन की जगह (चोट के कारण) टीम में शामिल किया गया था, लेकिन वह किसी भी मैच की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं बना सके.
यह भी पढ़ें: प्रिंस नंबर-1, आरपी सिंह से आगे क्रुणाल, लिस्ट ए में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले टॉप-10 भारतीय
यह भी पढ़ें: नंबर-1 मोहम्मद अब्बास, नंबर-3 पर मिचेल स्टार्क, 2026 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप-5 गेंदबाज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं